DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में महिलाएं SP कार्यालय पहुंचीं:अवैध शराब बिक्री, मारपीट, धमकी, लूटपाट को लेकर कार्रवाई की मांग

जांजगीर-चांपा। चांपा नगर पालिका के वार्ड नंबर 13-14 की महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए एसपी को सामूहिक आवेदन सौंपा है। उन्होंने अवैध शराब बिक्री, मारपीट, धमकी, लूटपाट और महिलाओं-बच्चियों से अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

महिलाओं ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से वार्ड में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री के कारण असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है। नशे की हालत में आरोपी आए दिन लोगों को धमकाते और विवाद करते हैं। शिकायत में कहा गया है कि दिनदहाड़े चाकू-छुरी दिखाकर लोगों को डराना और लूटपाट करना आम हो गया है।

महिलाओं और स्कूली बच्चियों से छेड़छाड़

मजदूरी कर लौटने वाले लोगों और युवाओं में दहशत का माहौल है। महिलाओं और स्कूली बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। प्राइमरी स्कूल के सामने गाली-गलौज और अश्लील हरकतें बच्चों पर गलत असर डाल रही हैं।

इसके अलावा घरों में घुसकर मारपीट, जातिगत झगड़े बढ़ाने और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को धमकाने जैसी शिकायतें भी दर्ज की गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय चांपा थाना से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला, जिसके बाद वे सीधे पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंचे हैं।

उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त, अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई और असामाजिक तत्वों पर तत्काल लगाम कसने की मांग की है, ताकि वार्ड में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।

Exit mobile version