DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पुरानी रंजिश में घर में घुसकर महिलाओं से मारपीटड़:जांजगीर-चांपा में कार-बाइक में तोड़फोड़, पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार, मांगी सुरक्षा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। शुक्रवार को एक पक्ष पर दूसरे पक्ष के घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट करने और घर के बाहर खड़ी कार व बाइक में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है।

घटना में घायल महिलाओं को डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

15 दिन पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी कोसा गांव में यादव और केंवट परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट मुलमुला थाने में दर्ज कराई गई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुराने मामले में उन पर लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था।

समझौता नहीं करने पर घर में घुसकर हमला

पीड़ित परिवार का आरोप है कि समझौता नहीं होने पर शुक्रवार को कुछ लोग उनके घर में घुस आए और महिलाओं के साथ लाठी-डंडों व मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार और बाइक में भी जमकर तोड़फोड़ की।

डायल-112 से अस्पताल पहुंचीं घायल महिलाएं

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मुलमुला पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

घटना के बाद पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अकलतरा एसडीओपी प्रदीप सोरी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

गांव में तनाव, पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version