रायपुर,एजेंसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने प्रदेशभर की महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए विशेष पहल शुरू की है। आयोग 8 से 13 मार्च 2026 तक राज्य के सभी पांच संभागों में महा जनसुनवाई सप्ताह आयोजित करेगा।
इस दौरान प्रदेश के 33 जिलों से जुड़े महिला उत्पीड़न, घरेलू विवाद और पारिवारिक मामलों की सुनवाई संभाग स्तर पर की जाएगी। आयोग को उम्मीद है कि इस अभियान के जरिए बड़ी संख्या में लंबित मामलों का समाधान हो सकेगा और प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी।
पहले भी हजारों मामलों का हुआ निराकरण
महिला आयोग के अनुसार पिछले करीब साढ़े पांच वर्षों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 370 से अधिक जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में 8000 से ज्यादा मामलों का निराकरण किया गया है। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस बार संभाग स्तर पर व्यापक जनसुनवाई अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के मामलों की सुनवाई की जाएगी।
सुबह 10 बजे से शुरू होगी सुनवाई
आयोग ने बताया कि सभी संभागों में जनसुनवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जिन आवेदकों के मामले पहले से सूचीबद्ध हैं, उन्हें सुनवाई में स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।
इसके अलावा जो महिलाएं पहले आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे भी सुनवाई स्थल पर पहुंचकर नया आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।
मामलों के लिए दो न्यायपीठ गठित
मामलों की संख्या को देखते हुए आयोग ने सुनवाई के लिए दो न्यायपीठों का गठन किया है।
मुख्य न्यायपीठ का नेतृत्व आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक और संबंधित संभाग की प्रभारी सदस्य करेंगी। यह पीठ गंभीर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई करेगी।
वहीं दूसरी न्यायपीठ में आयोग की अन्य सदस्य शामिल रहेंगी, जहां ऐसे मामलों की सुनवाई होगी जिनका समाधान काउंसलिंग और आपसी समझौते से संभव है।
विभाग और प्रशासन का सहयोग
इस अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला संरक्षण अधिकारी, सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सलाहकारों का सहयोग लिया जा रहा है। सुनवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की भी व्यवस्था रहेगी।
संभागवार कार्यक्रम और प्रकरण
9 मार्च – सरगुजा संभाग स्थान: जिला पंचायत सभाकक्ष, अंबिकापुर जिले: सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर कुल प्रकरण: 101
10 मार्च – बिलासपुर संभाग स्थान: प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलासपुर जिले: बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कुल प्रकरण: 169
11 मार्च – दुर्ग संभाग स्थान: प्रेरणा सभाकक्ष, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर, दुर्ग जिले: दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई कुल प्रकरण: 113
12 मार्च – रायपुर संभाग स्थान: छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग कार्यालय परिसर, शास्त्री चौक, रायपुर जिले: रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद कुल प्रकरण: 292
13 मार्च – बस्तर संभाग स्थान: प्रेरणा सभाकक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर, जगदलपुर जिले: बस्तर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर कुल प्रकरण: 87
आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि महिला आयोग लगातार जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह महा जनसुनवाई सप्ताह प्रदेश की महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका त्वरित निराकरण किया जा सके।
