DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बीजेपी पार्षदों के वार्डों में टेंडर से पहले काम पूरा:बांकी मोंगरा पालिका पर पक्षपात का आरोप, कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर से जांच की मांग की

कोरबा। कोरबा के नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में विकास कार्यों को लेकर पक्षपात का आरोप लगा है। कांग्रेस के पार्षदों ने भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में जनहित के कार्यों में भेदभाव किए जाने की शिकायत कलेक्टर से की है।

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

10 महीने बाद पुराना टेंडर निरस्त कर जारी किया नया टेंडर

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास सहित पार्षद तेजप्रताप सिंह, राजकुमार मिश्रा, राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, शाहिद कुजूर और हेमंत शहानी ने संयुक्त रूप से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पार्षदों का आरोप है कि करीब 10 महीने पहले बीटी सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। इसके करीब 10 महीने बाद पुराने टेंडर को निरस्त कर नया टेंडर जारी किया गया।

पार्षदों के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि नया टेंडर जारी होने के बाद ही काम शुरू होगा और पुराने ठेकेदार ने काम करने से मना कर दिया है। नए टेंडर खुलने की तारीख 19 नवंबर 2026 निर्धारित है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने कथित तौर पर नियमों को दरकिनार कर भाजपा पार्षदों के वार्डों में भूमिपूजन कराने के साथ काम भी पूरे करा लिए।

कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में एक साल से काम अटके

कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में करीब एक साल से टेंडर का हवाला देकर विकास कार्यों को टाला जा रहा है। उन्हें लगातार आश्वासन दिया जा रहा है कि जल्द काम शुरू होगा, लेकिन अब तक काम नहीं हुए हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के वार्ड देखकर जनहित के कार्य कराए जा रहे हैं।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

पार्षदों ने कहा कि बांकी मोंगरा नगर पालिका के अस्तित्व में आने के बाद से ही क्षेत्र में कई समस्याएं बनी हुई हैं। वर्तमान में जनहित के कार्यों में खुलकर पक्षपात किया जा रहा है। विकास कार्यों में दलगत राजनीति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कार्य करने वाली फर्म, स्वीकृति देने वाले अधिकारियों तथा काम कराने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Exit mobile version