नई दिल्ली/चंडीगढ़/शिमला,एजेंसी। पंजाब में बुधवार को भी तेज बारिश जारी है। 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 1200 से ज्यादा गांवों में पानी भरा है। अब तक 30 लोगों की मौत हुई है। 3 लोग लापता हैं। सभी स्कूल-कॉलेजों को 7 सितंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया है।
हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला के कई हिस्सों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। यहां के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। अंबाला के सैकड़ों घरों में 2-4 फीट पानी भरा हुआ है। हथिनीकुंड बैराज से 67 घंटे से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 207 मीटर पर बह रही है। नदी के पास बना लोहे का पुल बंद किया गया है। यमुना बाजार-तिब्बती बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट समेत निचले इलाकों में पानी भरा है। यहां से 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। दिल्ली में बुधवार को सभी स्कूल बंद रखे गए हैं।
राजस्थान के जयपुर में तेज बारिश जारी है। शहर के कई पॉश इलाके डूब गए हैं और सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएमएस में पानी भर गया है। वहीं, कोटा के दरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुई हैं।
हरियाणा: अंबाला में निचले इलाकों में बने घरों में बुधवार को बारिश का पानी भर गया है।
पंजाब: जालंधर के बस्ती शेख इलाके में बुधवार को मकान ढहने से एक शख्स की मौत हो गई।
हिमाचल में 1300 सड़कें बंद, यूपी के 20 शहरों में तेज बारिश
- उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना के जलस्तर के बढ़ने से 1000 फार्महाउस में पानी भर गया। यहां से लोगों को रेस्क्यू किया गया। मथुरा में बाढ़ से करीब 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया। शहर के कई घाट और 8 श्मशान घाट पानी में डूब गए।
- हिमाचल प्रदेश में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मकान गिरने और लैंडस्लाइड में मौत हुई। आज सुबह कुल्लू में लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई। कल शाम मंडी के सुंदरनगर में दो घरों पर लैंडस्लाइड हुई थी। हादसे में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है। आज मलबे से 4 शव निकाले गए हैं। राज्य के 7 जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है।
- मध्य प्रदेश में अब तक 970.28mm बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 104% है, जबकि अब तक 800.1mm बारिश होनी थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 939.8mm है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 1117.6mm बारिश हुई थी।
हिमाचल प्रदेश: बुधवार सुबह कुल्लू में घरों पर लैंडस्लाइड हुई। घटना में दो लोगों की मौत हुई है।
जम्मू-कश्मीर: बुधवार को अखनूर में चिनाब नदी उफान पर हैं। कई घाट और मंदिर पानी में डूबे हैं।
दिल्ली: बुधवार को यमुना नदी का पानी मजनूं का टीला इलाके में भर गया। यहां का ड्रोन शॉट।

