सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीमठ निवासी 26 वर्षीय आशीष कुर्रे की चंद्रपुर स्थित महानदी के शबरी घाट में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। यह घटना चंद्रपुर थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे आशीष अपने दोस्तों के साथ चंद्रपुर के नाथलदाई-प्रभात पिकनिक स्पॉट के पास स्थित शबरी घाट घूमने गया था। महानदी में नहाते समय आशीष गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह लापता हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बरामद
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और बचाव दल ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस जांच में जुटी
आशीष कुर्रे नवोदय विद्यालय का पूर्व छात्र था और वर्तमान में पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह छुट्टियों में अपने पैतृक गांव देवरीमठ आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने पुराने दोस्तों के साथ चंद्रपुर घूमने गया था। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
