DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

युवक ने फांसी लगाई, मौत से पहले बनाया वीडियो

कोरबा। कोरबा के CSEB चौकी क्षेत्र के 15 ब्लॉक में 13 मई को मनीष चंद्रा (27) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब मनीष ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो उसके बड़े भाई ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मनीष पंखे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से बरामद मनीष का मोबाइल लॉक था। मृतक के भाई ने बताया कि जिस युवती से मनीष का अफेयर था, उससे संपर्क कर मोबाइल का पासवर्ड लिया गया। मोबाइल खोलने पर मनीष का मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो और युवती के साथ उसकी चैटिंग मिली। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

मनीष ने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी

युवती मनीष पर लगातार दबाव बनती थी

मनीष के बड़े भाई के अनुसार, मनीष ने यह वीडियो युवती को भेजा था। युवती राताखार क्षेत्र की रहने वाली है। भाई का आरोप है कि युवती लगातार मनीष पर दबाव बनाती थी, जिससे मनीष परेशान रहता था।

मां की आईडी से ऑनलाइन सामान भेजता था मनीष

भाई ने यह भी बताया कि मनीष युवती के लिए अपनी और मां की आईडी से ऑनलाइन सामान खरीदकर देता था। युवती अक्सर किसी न किसी बात पर दबाव डालती थी। मनीष कई बार रात-रात भर उससे बात करता और घर से बाहर निकल जाता था, जिसके बाद भाई उसे ढूंढकर घर लाता था और युवती से दूर रहने की सलाह देता था।

घटना के वक्त घर पर नहीं थे माँ-बाप

मनीष एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और अपने घर का कमाऊ सदस्य था। वह जुड़वा भाइयों में छोटा था। परिवार दीपका विजयनगर का निवासी है, लेकिन वर्तमान में दोनों भाई 15 ब्लॉक में रहते थे। घटना के समय माता-पिता विजयनगर स्थित अपने निर्माणाधीन मकान की देखरेख के लिए गए हुए थे।

CSEB चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल तथा वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

Exit mobile version