DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बांगो डैम के खुले गेट में युवक ने लगाई छलांग:कोरबा में दोस्तों संग गया था घूमने, तेज बहाव में बहा, नगर-सेना तलाश में जुटी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो बांध में युवक ने खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने के बाद से युवक लापता है। घटना शनिवार की है। उस समय बांध के 7 गेट खुले थे और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।

इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। छलांग लगाने के बाद युवक कुछ देर तक पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची। टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है। घटना मामला बांगो थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, रंजीत यादव (23) पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव का रहने वाला है। रंजीत अपने तीन दोस्तों के साथ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध देखने पहुंचा था। वे सभी गार्डन के पास खड़े होकर बांध का नजारा देख रहे थे।

इसी दौरान रंजीत के दोस्त उससे कुछ दूरी पर चले गए। दोस्तों के दूर होते ही रंजीत अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़ा और पल भर में बांध के खुले गेट की तरफ छलांग लगा दी।

इसके बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता नजर आया, लेकिन बांध से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण बहाव काफी तेज था। कुछ ही देर बाद वह तेज बहाव में आंखों से ओझल हो गया।

गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मौके पर रंजीत के परिजन भी मौजूद हैं।

ASP ग्रामीण नीतीश ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। नगर सेना की टीम रंजीत की तलाश में जुटी हुई है।

वहीं, बांगो बांध प्रशासन ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि गेट खुले होने के कारण बांध के पास न जाएं।

Exit mobile version