कोरबा। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में एक युवक की स्कूल की छत से गिरकर मौत हो गई। तनिष्क कर्ष (20) अपने बड़े भाई अविनाश कर्ष के साथ तरदा स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल की तीन मंजिला छत पर सोया हुआ था, तभी यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद मृतक के भाई अविनाश की रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत 112 की टीम को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अविनाश कर्ष (मृतक का बड़ा भाई) से पूछताछ करते हुए पुलिसकर्मी
मृतक के भाई अविनाश कर्ष ने बताया कि वे तरदा गांव के निवासी हैं और गांव के हाई सेकेंडरी स्कूल में चौकीदारी का काम करते हैं। सोमवार दोपहर दोनों भाई चैनपुर गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात लौटने के बाद वे स्कूल की छत पर सोने चले गए।
अविनाश के अनुसार, वह मोबाइल पर बात कर रहा था और उसका छोटा भाई बगल में सोया हुआ था। अचानक गिरने की आवाज आई। उसने मुड़कर देखा तो तनिष्क नीचे गिरा हुआ था। अविनाश दौड़कर नीचे पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस के मुताबिक, जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। आगे की कार्यवाही के लिए संबंधित थाना उरगा को डायरी भेजी जाएगी।
जानकारी है कि दोनों भाई शराब के नशे में थे। नशे और नींद के कारण युवक छत से नीचे गिर गया, जिससे यह घटना हुई।
