जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा के अकलतरा पुलिस ने देशी शराब दुकान में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक युवक नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
शराब दुकान में नकली नोट चलाने पहुंचा युवक गिरफ्तार
तलाशी में मिले चार नकली नोट
पूछताछ में आरोपी की पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।
बैंक जांच में खुली पोल
पुलिस ने बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई, जहां चारों नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नकली नोट रायपुर से लाया था और उन्हें शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी भेजा गया जेल
अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 180 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
