DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

युवक ने नाई दुकान संचालक के बेटे को पीटा:कोरबा में बीच-बचाव करने आए पुलिसकर्मी से भी भिड़ा,शारदा विहार मोड़ की घटना

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार के शारदा विहार मोड़ के पास सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। यहां नाई दुकान संचालक के बेटे रितेश श्रीवास के साथ पंकज शर्मा नाम के युवक ने मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी से भी आरोपी की धक्का-मुक्की हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में रितेश के सिर पर चोट आई है।

दुकान के सामने विवाद के बाद मारपीट

पीड़ित रितेश श्रीवास के अनुसार, शारदा विहार मोड़ मुड़ापार में उसके पिता केदार श्रीवास की नाई की दुकान है। दुकान के सामने ही गोकुल डेयरी के पास उसकी भी दुकान है। घटना के दौरान रितेश अपने पिता की दुकान पर गया हुआ था। इसी बीच शारदा विहार निवासी पंकज शर्मा वहां पहुंचा।

रितेश का आरोप है कि पंकज ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पूछा कि तेरे बाप की दुकान है क्या? जब उसने इसका विरोध किया तो पंकज गाली-गलौज करने लगा और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान रितेश के सिर पर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।

बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी से भी धक्का-मुक्की

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रहने वाले पुलिसकर्मी रूपम राजपूत ने मारपीट होते देख मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान पंकज शर्मा पुलिसकर्मी से भी भिड़ गया और उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा।

सरेआम हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंकज शर्मा आए दिन लोगों से विवाद और मारपीट करता है। लोगों के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं और नशे की हालत में गाली-गलौज करने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

मोबाइल में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल

मारपीट की घटना को किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी को सरेआम मारपीट करते देखा जा सकता है।

स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते हैं। फिलहाल पीड़ित ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version