DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राजेश मूणत के पोस्टर पर यूथ-कांग्रेस ने पोती कालिख:रायपुर NIT-चौपाटी शिफ्टिंग को लेकर जताया विरोध, कार्रवाई नहीं होने पर सीएम आवास घेरने चेतावनी दी

रायपुर,एजेंसी। युवा कांग्रेस ने बुधवार को पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोतकर विरोध जताया। एनआईटी चौपाटी वाली जगह पर जहां नए नालंदा परिसर की घोषणा का होर्डिंग लगाया था, वहां पहुंचकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोत दी।

विपक्ष लगातार कर रहा है चौपाटी हटाए जाने का विरोध

रायपुर के एनआईटी चौपाटी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दुकानें भले ही आमानाका में शिफ्ट कर दी गई हैं, लेकिन विपक्ष इसे लेकर लगातार सरकार पर हमलावर है। कुछ दिन पहले कांग्रेस नेताओं ने डिप्टी सीएम अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान 7 दिनों के भीतर जांच कमेटी गठित करने की मांग की गई।

कांग्रेस का आरोप है कि अधिकारियों ने पहले इस चौपाटी को अनुमति दी और अब वही अधिकारी इसे अवैध बताकर तोड़ रहे हैं।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें:

  • चौपाटी विवाद की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति बने।
  • जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
  • राजनीतिक दबाव में निर्णय लेने वाले जनप्रतिनिधियों की भूमिका की जांच हो।
  • भविष्य की कार्रवाईयों के लिए स्पष्ट नीति प्रकाशित की जाए।

आंदोलन की चेतावनी

अगर 7 दिनों के भीतर इन मुद्दों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेता लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

चौपाटी का विरोध और नालंदा-2 का निर्माण

रायपुर में 10 करोड़ रुपए खर्च करके चौपाटी का विकास किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद इसे हटाने और नालंदा-2 बनाने की योजना पर काम तेजी से शुरू हुआ। नवंबर 2025 में नगरीय प्रशासन ने नालंदा-2 के लिए टेंडर पूरा कर लिया और 15 नवंबर से चौपाटी शिफ्टिंग की तारीख तय कर दी।

हालांकि, इससे पहले ही रेलवे ने 32 दुकानदारों को नोटिस भेजकर जमीन पर अपना दावा जताया। इस विवाद को लेकर नगर निगम और रेलवे के बीच बातचीत जारी है, ताकि जल्द इस मामले का समाधान निकाला जा सके।

Exit mobile version