DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

युवा कांग्रेस ने टोल प्लाजा की मनमानी पर मोर्चा खोला:CG-12 वाहनों को टोल फ्री करने,कर्मचारियों के दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग,NHAI को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। कोरबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजाओं की कार्यप्रणाली को लेकर युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने NHAI अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर CG-12 पासिंग घरेलू वाहनों और स्थानीय निवासियों को टोल शुल्क से मुक्त करने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान NSUI जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर, दीपक वर्मा समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने टोल प्लाजाओं की मनमानी, कर्मचारियों के दुर्व्यवहार और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी कड़ा विरोध जताया।

स्थानीय वाहनों को टोल से छूट देने की मांग

युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास ने कहा कि कोरबा आदिवासी और किसान बहुल जिला है। किसानों और ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दिन में कई बार आवागमन करना पड़ता है, लेकिन चोटिया, मदनपुर, बगदेवा और कोथारी टोल प्लाजा में हर बार शुल्क देना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि वाहन खरीदते समय नागरिक पहले ही रोड टैक्स का भुगतान करते हैं, ऐसे में घरेलू और स्थानीय वाहनों से बार-बार टोल वसूली उचित नहीं है।

टोल कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि टोल संचालक केवल शुल्क वसूली पर ध्यान दे रहे हैं, जबकि यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

संगठन का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात के समय आवारा पशुओं के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं टोल प्लाजा के आसपास अवैध पार्किंग और अतिरिक्त वसूली से भी सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है।

युवा कांग्रेस ने NHAI अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ओवरलोड वाहनों में मिलीभगत की जांच की मांग

ज्ञापन में ओवरलोड राखड़ वाहनों के अवैध परिवहन में टोल कर्मचारियों की कथित मिलीभगत की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि यदि जांच में किसी कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

दुर्घटनाओं के लिए FIR की मांग

संगठन ने राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर टोल कंपनी और संबंधित प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है। ज्ञापन में सड़क दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार पाए जाने पर टोल मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी शामिल है।

मांगें नहीं मानी गईं तो होगा आंदोलन

NSUI जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर और युवा नेता दीपक वर्मा ने कहा कि यदि CG-12 पासिंग वाहनों और स्थानीय निवासियों को टोल से छूट नहीं दी गई, कर्मचारियों के दुर्व्यवहार और ओवरलोड वाहनों के मामले में कार्रवाई नहीं हुई तथा दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर FIR दर्ज नहीं की गई तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Exit mobile version