DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत:कोरबा में हादसे के बाद मौके से भागा ड्राइवर, ट्रैक्टर जब्त

कोरबा। कोरबा के शक्ति मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक्टिवा सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना उरगा थाना क्षेत्र के तिलकेजा और आमापाली गांव के बीच की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा सवार युवक कोरबा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर (CG11 AH 8945) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा पूरी तरह डैमेज हो गई और युवक उछलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

चालक वाहन छोड़कर फरार, ट्रैक्टर जब्त

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और उरगा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान में जुटी पुलिस

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस रायगढ़ जिले के पटेलपाली निवासी गजानन चौहान होने की संभावना जता रही है। एक्टिवा पर कपड़े और अन्य सामान बंधा हुआ था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक किसी गांव जाने के लिए निकला था।

पुलिस ने शुरू की जांच

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Exit mobile version