DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सर्पदंश से युवक की मौत

कोरबा । कोरबा ज़िले के बाता बिरदा गांव में जहरीले करैत सांप के काटने से युवक की मौत हो गई। युवक अपने कमरे में सो रहा था, तभी देर रात सांप ने उसे काट लिया। युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं करीब 19 घंटे बाद उसी कमरे से जहरीले करैत सांप को पकड़कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय गोपी यादव बिरदा गांव का रहने वाला था। बुधवार देर रात करीब 2 बजे गोपी जब अपने कमरे में सो रहा था। उसी दौरान एक जहरीला सांप उसके ऊपर चढ़ गया और नींद में हलचल महसूस करते ही जैसे ही उसने हाथ से उसे हटाने की कोशिश की, सांप ने सीने के पास उसे डस लिया। गोपी ने फौरन दूसरे हाथ से सांप को पकड़ कर दूर फेंका, जो दीवार के एक छेद में जा छिपा।

गोपी की चीख सुनकर परिजन नींद से उठ गए और तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

9 घंटे बाद हुआ सांप का रेस्क्यू

जिस कमरे में गोपी को सांप ने काटा था, उसी कमरे में अगले दिन सुबह तक नजर रखी गई। परिजनों ने जैसे ही सांप को कमरे से निकलते देखा, हिम्मत दिखाकर परिजनों ने उसे एक टोकरी में ढककर ऊपर पत्थर रख दिया। इसके बाद “नोवा नेचर” की टीम को सूचना दी गई। सुबह करीब 9 बजे रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर लगभग 4 फीट लंबे करैत सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

कटघोरा वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत की मॉनिटरिंग में सांप का रेस्क्यू या गया।

चार माह की मासूम बेटी ने दी पिता को विदाई

गोपी यादव गुपचुप (चाय-नाश्ते) की दुकान चलाता था और उसकी शादी को सिर्फ एक साल हुआ था। उसकी एक चार माह की बेटी भी है। परिवार ने तय किया कि अंतिम संस्कार से पहले बेटी के हाथों से मिट्टी दी जाए। यह भावुक पल देख सभी की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद से पत्नी और परिजन शोक में डूबे हैं।

करैत बेहद खतरनाक और फुर्तीला सांप

स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह सांप “करैत” प्रजाति का था, जो अत्यंत जहरीला, फुर्तीला और रात में एक्टिव होता है। इसकी एक डस से जानलेवा असर हो सकता है, खासकर अगर समय रहते इलाज न हो।

Exit mobile version