DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में आत्महत्या की 2 घटनाएं:बनारी में 40 साल के युवक का शव मिला, खिसोरा में 18 साल के छात्र ने दी जान

जांजगीर-चांपा। जिले में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बनारी गांव की है, जहां कांजी नाले के पास एक पेड़ से 40 वर्षीय युवक का शव लटका मिला।

दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव की है, जहां 18 वर्षीय 10वीं कक्षा के छात्र ने अपने घर के कमरे में जान दे दी।

नाले के पास पेड़ से लटका मिला युवक

17 सितंबर से लापता था युवक

बनारी गांव में कांजी नाले के पास पेड़ से युवक का शव लटका होने की जानकारी गांव के कोटवार ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन से नंद कुमार वर्मा (40) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

मृतक के बड़े भाई के मुताबिक, नंद कुमार मानसिक रूप से कमजोर था। वह 17 सितंबर से घर से लापता था और वापस नहीं लौटा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।मामले की जांच जारी है।

दूसरे मामले में कमरे से मिला सुसाइड नोट, नशे से परेशान होने की बात लिखी

18 साल के छात्र के कमरे से मिला सुसाइड नोट

दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव की है। यहां आयुष भारद्वाज (18) ने पिछली रात अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्र ने खुद को नशे का आदी बताते हुए लिखा है कि वह नशे से परेशान था। नोट में उसने अपने माता-पिता से माफी भी मांगी है।

पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों मामलों में पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Exit mobile version