DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अग्रवाल सभा कटघोरा ने धूमधाम से मनाई अग्रसेन जयंती

राजकुमार अग्रवाल के आतिथ्य में हुआ भव्य आयोजन, समाज की एकजुटता और सेवा भावना का दिया संदेश

कोरबा/कटघोरा। अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व डॉ. राजकुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में बिलासपुर के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी ललित अग्रवाल तथा बिल्हा के युवा उद्योगपति एवं समाजसेवी गौरव अग्रवाल ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कटघोरा के अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल ‘ज्योति’ ने की इस अवसर पर अग्रवाल सभा के संरक्षक रामनाथ सिंघानिया,महिला मंडल की अध्य्क्ष श्रीमती बबिता गर्ग,नवयुवक मंडल के अध्यक्ष अमन गोयल मंच पर उपस्थित रहे

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं समाज के पदाधिकारियों द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जी की आरती एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अग्रवाल सभा के सदस्यों ने मंचस्थ अतिथियों का बैज लगाकर, शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
सर्वप्रथम सचिव अभिषेक गर्ग के द्वारा सचिवी प्रतिवेदन के माध्यम से उपस्थित सभी अगर्जनो को आगामी कार्य योजना की जानकारी उपलब्ध कराई

समाज की सुविधा के लिए बनेंगे 28 नए कमरे और विशाल हॉल

स्वागत उद्बोधन में अग्रवाल सभा कटघोरा के अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल ‘ज्योति’ ने समाजजनों को भवन में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अग्रसेन भवन में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद कमरों की कमी महसूस की जा रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए भवन परिसर में 28 नए कमरों के साथ 6 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल वाले विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमे से प्रथम तल का निर्माण लगभग पूर्ण कर लिया गया है व दूसरे तल का निर्माण पूर्णता की ओर है कार्य पूर्ण होने के बाद समाज के साथ-साथ नगरवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस घोषणा का उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अतिथियों के स्वागत में आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

अग्रवाल समाज शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में अग्रणी : डॉ. राजकुमार अग्रवाल

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी ने समाज को सेवा, समानता, परिश्रम और सहयोग का जो मार्ग दिखाया है, हम सभी को उसी मार्ग पर चलना चाहिए। उनके आदर्शों को अपनाकर व्यक्ति और समाज निरंतर प्रगति कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अग्रसेन जयंती के पूर्व 14 दिनों तक आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोना भी है। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के लोग एक साथ समय बिताते हैं, आपसी मेलजोल बढ़ाते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सदैव अग्रणी रहा है। आज शिक्षा और बेहतर भविष्य की तलाश में बच्चे दूसरे शहरों में जाकर अध्ययन कर रहे हैं तथा अनेक भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों का दायित्व है कि वे बच्चों को अपनी मातृभाषा मारवाड़ी के महत्व से भी परिचित कराते रहें और उन्हें इसके प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि अपनी भाषा एवं सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके।

परिश्रम, दान और सेवा अग्रवाल समाज की पहचान : गौरव अग्रवाल

विशिष्ट अतिथि एवं बिल्हा के युवा उद्योगपति गौरव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में आज जो बड़े-बड़े विकास एवं सेवा कार्य दिखाई देते हैं, उनमें अग्रवाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के पूर्वजों ने कठिन परिश्रम के साथ व्यापार और व्यवसाय में सफलता प्राप्त की तथा दान-पुण्य एवं जनसेवा को सदैव प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि दान और सेवा की भावना अग्रवाल समाज की विशिष्ट पहचान है। समाज के लोगों ने अपनी मेहनत से अर्जित संसाधनों का उपयोग सदैव जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्यों में किया है। यही संस्कार आज भी नई पीढ़ी को समाजसेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं। समाज की निरंतर प्रगति के लिए परिश्रम, सहयोग और परोपकार की इस परंपरा को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित

अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल सभा के नेतृत्व में अग्रवाल नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल द्वारा विभिन्न खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। समारोह के दौरान इन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मंचस्थ अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों ने मंचस्थ अतिथियों को स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

समाज के अनेक गणमान्यजन रहे उपस्थित

समारोह में अतिथियों के साथ पधारे मुख्य अतिथि की धर्मपत्नी श्रीमती लायन प्रेमलता अग्रवाल सहित अग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष सुरेश बंसल, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल,अनिल मित्तल, रमेश गर्ग ‘भवानी’, चन्द्रप्रकाश सिंघानिया, संजय धनोंदिया, संजय गोयल, अरविंद मित्तल, अशोक अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, पवन अग्रवाल, पार्षद संजय सिंघल, मीडिया प्रभारी अजय धनोंदिया,हितेश गुप्ता, राकेश गोयल, मनोज गोयल, नरेंद्र अग्रवाल, राकेश बंसल, बजरंग अग्रवाल, दीपक गर्ग, जितेंद्र अग्रवाल, भरत अग्रवाल, विकास अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल (पाली), पवन गोयल, अशोक गोयल, अनुराग अग्रवाल, घासीराम अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, सुनील मित्तल, अंकित सिंघानिया, सत्यनारायण जिंदल, अतुल मित्तल, सांवरिया मित्तल, जयप्रकाश गर्ग,शंकर सिंघल, नारायण गोयल, आशीष अग्रवाल, शिव अग्रवाल,महेंद्र पचेरिवाल, अक्षत धनोंदिया, अमन गोयल, नयन अग्रवाल एवं लव गर्ग सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

महिला मंडल की ओर से बबिता गर्ग,प्रियंका बंसल,अंजू गर्ग, जानकी अग्रवाल, वर्षा गोयल, शकुन सिंघल, ज्योति गर्ग ,दीपिका गर्ग,एवं शोभा गर्ग सहित महिला मंडल और नवयुवक मंडल के सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अलावा ढेलवाडीह,सुतर्रा,चैतमा,रजकम्मा, पाली,मादन,जड़गा, पोड़ी, गुर्सिया ,तानाखार,एवं बनबांधा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अग्रबंधु समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम का सफल संचालन अग्रवाल सभा कटघोरा के सचिव अभिषेक गर्ग ने किया। समारोह ने समाज में एकता, संस्कार, सहयोग एवं सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Exit mobile version