रायपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मिला गौरवपूर्ण सम्मान
राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के करकमलों से नवाजी गई कोरबा महिला मोर्चा की टीम
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा ने संगठनात्मक सक्रियता और नवाचार की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रायपुर स्थित जैनम भवन में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट और प्रभावी कार्यों के लिए जिला कोरबा को इस विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया ।

यह गौरवपूर्ण उपलब्धि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी तथा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के करकमलों से प्रदान की गई ।
इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कोरबा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति के प्रयास का नहीं, बल्कि कोरबा जिले की समस्त जिला पदाधिकारी बहनों और मंडल अध्यक्षों की अथक मेहनत निरंतर सक्रियता समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बहन ने जिस लगन जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ डिजिटल व संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया है वह पूरे संगठन के लिए अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है ।
जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने आगे कहा कि प्रदेश स्तर पर मिला यह सम्मान कोरबा महिला मोर्चा की कार्यशैली पर नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है और आने वाले समय में दोगुनी ऊर्जा उत्साह व एकजुटता के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की नई प्रेरणा देता है ।
अंत में उन्होंने इस बड़ी सफलता के लिए कोरबा जिला महिला मोर्चा की समस्त पदाधिकारी बहनों एवं मंडल अध्यक्षों को हृदय से बधाई, धन्यवाद एवं आभार प्रकट करते हुए सभी के परिश्रम व समर्पण को नमन किया ।
नारी शक्ति का सम्मान, संगठन की पहचान सामूहिक प्रयास, सफलता का आधार ।
