रायपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मिला गौरवपूर्ण सम्मान
राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के करकमलों से नवाजी गई कोरबा महिला मोर्चा की टीम
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा ने संगठनात्मक सक्रियता और नवाचार की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रायपुर स्थित जैनम भवन में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट और प्रभावी कार्यों के लिए जिला कोरबा को इस विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया ।
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी तथा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के करकमलों से प्रदान की गई ।
इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कोरबा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति के प्रयास का नहीं, बल्कि कोरबा जिले की समस्त जिला पदाधिकारी बहनों और मंडल अध्यक्षों की अथक मेहनत निरंतर सक्रियता समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बहन ने जिस लगन जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ डिजिटल व संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया है वह पूरे संगठन के लिए अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है ।
जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने आगे कहा कि प्रदेश स्तर पर मिला यह सम्मान कोरबा महिला मोर्चा की कार्यशैली पर नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है और आने वाले समय में दोगुनी ऊर्जा उत्साह व एकजुटता के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की नई प्रेरणा देता है ।
अंत में उन्होंने इस बड़ी सफलता के लिए कोरबा जिला महिला मोर्चा की समस्त पदाधिकारी बहनों एवं मंडल अध्यक्षों को हृदय से बधाई, धन्यवाद एवं आभार प्रकट करते हुए सभी के परिश्रम व समर्पण को नमन किया ।
नारी शक्ति का सम्मान, संगठन की पहचान सामूहिक प्रयास, सफलता का आधार ।
पीएम जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश
विकसित भारत-जी राम जी के तहत हर गांव में मिलेगा रोजगार
कोरबा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों को विशेष अभियान चलाकर हर हाल में पूर्ण कराएं। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए स्वीकृत प्रधानमंत्री जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री जैन ने कहा कि मैदानी अमला हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखे, क्षेत्र का नियमित भ्रमण करे तथा आवास निर्माण में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण कराए। जनपद पंचायत स्तर पर हितग्राहीवार समीक्षा कर आवास पूर्णता के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत बालिका शौचालय, डिफंक्ट बोरवेल, मुक्तिधाम, पंचायत भवन, खाद्यान्न भंडारण केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, धरसा एवं अन्य मूलभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य 01 दिसंबर से प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को कार्यों से जोड़ते हुए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए। मिट्टीमूलक एवं श्रममूलक कार्यों के साथ जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो सके।
सीईओ ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से अधिकाधिक कार्य स्वीकृत एवं क्रियान्वित करने पर जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा पंचायत स्तर पर अपूर्ण निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गंभीरता, पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। श्री जैन ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण एवं समयबद्ध कार्यवाही अनिवार्य है। कार्यों में लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
विकसित ग्राम पंचायत प्लान से बनेंगे आदर्श ग्राम पंचायत, वर्ष 2047 के विजन के अनुरूप तैयार होगी विकास कार्ययोजना
धार-अपार योजना से नदी-नालों का होगा वैज्ञानिक पद्धति से उपचार, जल संरक्षण एवं संवर्धन को मिलेगी गति
प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकसित होगी सुघ्घर बाड़ी, आजीविका संवर्धन एवं कुपोषण मुक्ति पर रहेगा जोर
कोरबा। विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) के माध्यम से जिले की ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और विकास की प्राथमिकताओं का वैज्ञानिक आकलन कर आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं, धार-अपार योजना के तहत नदी-नालों एवं जलग्रहण क्षेत्रों का रिज टू वैली पद्धति से वैज्ञानिक उपचार कर जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए जाएंगे। यह बात जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विकसित ग्राम पंचायत प्लान विषय पर आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में कही।
श्री जैन ने कहा कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से परंपरागत कार्यों से आगे बढ़कर ग्राम पंचायतों का समग्र एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जिला स्तरीय प्रशिक्षण के अनुरूप जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाया जा सके।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा वर्ष 2047 के विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप ग्राम पंचायत विकास की कार्ययोजना तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई। जल संग्रहण, आजीविका एवं कोर इंफ्रास्ट्रक्चर की श्रेणियों में ग्राम पंचायतों को संतृप्त करने के लिए वैज्ञानिक एवं आवश्यकता आधारित योजना बनाने पर जोर दिया गया। इसके तहत ग्राम पंचायतों में जल की उपलब्धता एवं आवश्यकता का आकलन कर उपयुक्त कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे। पूर्व में निर्मित मूलभूत अधोसंरचनाओं को ध्यान में रखते हुए शेष आवश्यकताओं एवं स्थानीय प्राथमिकताओं के आधार पर पांच वर्षीय विकास कार्ययोजना तैयार होगी। निर्माण कार्यों की प्रगति एवं मूल्यांकन के लिए ई-एमबी के माध्यम से ऑनलाइन संधारण सुनिश्चित किया जाएगा।
जल संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए धार-अपार योजना के अंतर्गत नदी-नालों, जलग्रहण क्षेत्रों एवं ड्रेनेज लाइनों का रिज टू वैली पद्धति से वैज्ञानिक उपचार किया जाएगा। इससे वर्षा जल का बेहतर संचयन, भूजल स्तर में वृद्धि तथा जल स्रोतों की स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसी प्रकार सुघ्घर बाड़ी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में बाड़ी विकसित करने पर जोर दिया गया। इससे ग्रामीण परिवारों को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध होने के साथ ही कुपोषण दूर करने और अतिरिक्त आजीविका के अवसर बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
कार्यशाला में विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) तैयार करने एवं उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि, नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम, मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम , लंबित देयताएं, जीएसटी, फंड ट्रांसफर ऑर्डर, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं अभिसरण, सिक्योर सॉफ्टवेयर, ई-एमबी संधारण, भू-ग्राम पोर्टल, आजीविका डबरी, नवा तरिया, सुघ्घर बाड़ी, धार-अपार, भर्ती नियम तथा आगामी चार माह में प्राथमिकता से किए जाने वाले कार्यों पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में विभिन्न क्रियान्वयन एजेंसियों के अधिकारी, विकसित भारत जी राम जी के सहायक परियोजना अधिकारी, शिकायत समन्वयक, सहायक प्रचार-प्रसार अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के सहायक प्रोग्रामर एवं तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बिलासपुर/कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस पर 1 नवंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित समारोह में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार मिले। कॉर्पोरेट श्रेणी में एसईसीएल ने ‘सोशल मीडिया प्रेज़ेंस’ में प्रथम तथा ‘पर्यावरण प्रबंधन’ और ‘भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास’ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एसईसीएल के निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार ने कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम से कंपनी की ओर से तीनों कॉर्पोरेट पुरस्कार ग्रहण किए।
व्यक्तिगत श्रेणी में जमुना कोतमा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक पी. आर. त्रिपाठी को ‘बेस्ट एरिया जीएम’ और एसईसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास को ‘बेस्ट एचओडी’ पुरस्कार मिला। महाप्रबंधक (खनन/भूमि एवं राजस्व) बिपिन कुमार लाल को ‘व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार’ तथा केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला, गेवरा की ईपी फिटर (ग्रेड-डी) श्रीमती पार्वती सिंह को गैर-अधिकारी वर्ग में ‘महिला उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। समारोह में एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीश चंद्र और उप प्रबंधक (पर्यावरण) विष्णु आर. राज भी उपस्थित रहे।