रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की तीनों पावर कंपनियों में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवाओं के बीच कड़ा मुकाबला है। 1,501 पदों पर भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं।
इनमें सबसे ज्यादा आवेदन डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के पदों के लिए आए हैं। इसके 609 पदों के लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए औसतन 133 से ज्यादा दावेदार मैदान में हैं।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर आवेदन का आंकड़ा बताता है कि सरकारी नौकरी के लिए युवाओं में कितनी प्रतिस्पर्धा है। तीनों पावर कंपनियों में इस पद के 609 पद खाली हैं, जबकि इनके लिए करीब 81 हजार आवेदन मिले हैं।
इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता समेत कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है।

38 तरह के पदों पर होनी है भर्ती
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसमिशन और जनरेशन कंपनी में कुल 1,501 पदों पर भर्ती की जा रही है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं।
कुल 38 तरह के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती का विस्तृत विज्ञापन पावर कंपनी की वेबसाइट cspc.co.in पर जारी किया गया है।
आवेदन की तारीख 3 दिसंबर तक बढ़ाई
भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पहले 26 नवंबर थी, जिसे बढ़ाकर अब 3 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। अभ्यर्थी रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसी समय तक आवेदन शुल्क भी जमा किया जा सकेगा। पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
CBT से होगा चयन, DEO को देना होगा टाइपिंग टेस्ट
सभी पदों के लिए कम्प्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। इसमें मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी। डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा।
वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के लिए भी दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी भर्ती विज्ञापन से लेने को कहा गया है।
