DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में सूर्यषष्ठी का उजास: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य देकर छठी मैय्या से की गई मंगलकामनाएं

छठ घाटों में पहुंचा पूर्वांचल सहित कोरबावासियों का सैलाब

कोरबा। आज सूर्यषष्ठी पर छठ घाटों में पूर्वांचल सहित कोरबावासियों का सैलाब उमड़ पड़ा। गोधुली बेला में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य देने के साथ व्रतियों एवं पूर्वांचलवासियों ने छठी मैय्या से मंगलकामनाएं की।
दुरपा रोड स्थित हसदेव घाट, माँ सर्वमंगला मंदिर स्थित हसदेव घाट, राताखार, ढेंगुरनाला, तुलसीनगर छठ घाट, मानिकपुर पोखरी, रानी रोड, पोड़ीबहार तालाब, बालको, दर्री, कटघोरा, दीपका, कुसमुण्डा, गेवरा, पाली, छुरीकला के तालाबों में, छोटी नदियों में एवं पोखरियों में पूर्वांचलवासी बड़ी संख्या में पहुंचे और पानी के बीच जाकर अस्ताचल सूर्य को अर्ध्य दिया।
जब एक साथ पूर्वांचलवासी एवं व्रती पानी में उतर कर भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य दे रहे थे तो छठ घाटों का सौंदर्य ऐसा लग रहा था, मानो छठ घाटों में स्वर्ग उतर आया हो और भगवान सूर्य का दर्शन करने मानो देवता भी पृथ्वी लोक का भ्रमण कर रहे हों।
तुलसीनगर में अभूतपूर्व भीड़

तुलसीनगर में छठ व्रत मनाने का यह 16वां साल है और पूर्व पार्षद विकास अग्रवाल ने तुलसीनगर छठ घाट को विस्तार दिया और उसके बाद यहां कई क्षेत्र से पूर्वांचलवासी छठ पूजा करने पहुंचते हैं। तुलसीनगर छठ घाट समिति के अध्यक्ष शत्रुहन शर्मा के नेतृत्व में एवं विकास अग्रवाल के मार्गदर्शन में यहां इस वर्ष भी छठ पूजा की तैयारी की गई और बड़ी संख्या में इस वर्ष भी व्रती, पूर्वांचलवासी सहित क्षेत्र के लोग पहुंचे थे।
विकास अग्रवाल-आरती अग्रवाल ने दी छठ की शुभकामनाएं

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्व पार्षद विकास अग्रवाल अपनी धर्मपत्नी पूर्व पार्षद श्रीमती आरती अग्रवाल के साथ छठी मैय्या की पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। उनके साथ कई भाजपा नेता, अग्रवाल परिवार के लोग पूजा करने पहुंचे थे। आरती-विकास अग्रवाल ने सभी व्रतियों, पूर्वांचलवासियों एवं उपस्थित सैकड़ों लोगों को सूर्यषष्ठी की शुभकामनाएं दी और छठी मैय्या की पूजा-अर्चना कर कोरबा की समृद्धि, खुशहाली एवं सद्भाव की शुभ मंगलकामनाएं करने के साथ छठी मैय्या से आशीर्वाद मांगा कि घर-घर आपके आशीर्वाद का प्रकाश पहुंचे और हर घर समृद्ध और खुशहाल बने।

छठी मैय्या की पूजा से संतान प्राप्ति सहित घर में आती है खुशहाली
पूर्वांचलवासियों का सबसे बड़ा और पवित्र पर्व है सूर्य षष्ठी। आज सूर्यषष्ठी पर छठ घाटों में अस्ताचल सूर्य को अर्ध्य देकर भगवान भुवन भास्कर से नवदम्पत्तियों ने संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना की और व्रतियों ने घर-घर समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य दिया।
कल उगते सूरज को देंगे अर्ध्य
चार दिवसीय छठ महापर्व कल उगते सूरज को अर्ध्य देने के साथ सम्पन्न हो जाएगा। पूर्वांचलवासी, व्रती कल अलसुबह छठ घाट पहुंचेंंगे और भगवान भुवन भास्कर की प्रथम किरण के साथ नदी-तालाबों के बीच पानी में उतरकर उगते सूरज को अर्ध्य देंगे और छठ पूजा का प्रसाद ठेकुआ, नारियल सहित फल का प्रसाद उपस्थित लोगों को वितरित करेंगे और सबकी मंगलकामनाओं के साथ छठ घाट से घर की ओर प्रस्थान करेंगे। व्रती, पूर्वांचल के वरिष्ठ सदस्य अपने घरों में भी प्रसाद ग्रहण के लिए अपने परिचितों, शुभचिंतकों, परिजनों को आमंत्रित करेंगे।


छठ की दी गई शुभकामनाएं
कोरबा के वरिष्ठ नेता छठ घाट पहुंचकर पूर्वांचलवासियों से मिलकर छठ की शुभकामनाएं प्रेषित की। कोरबा विधायक एवं मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर संजूदेवी राजपूत, कांग्रेस अध्यक्षद्वय मुकेश राठौर, मनोज चौहान सहित कई समाजसेवी, उद्योगपति भी छठ घाट पहुंचकर पूर्वांचलवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और छठ मैय्या की पूजा-अर्चना पर कोरबा की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूर्वांचल विकास समिति सर्वसमाज के अध्यक्ष, सचिव अरविन्द शर्मा, पूर्वांचल विकास समिति के संरक्षक कमलेश यादव, सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक चंद्रमा सिंह राजपूत, कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, वरिष्ठ पत्रकार रंजन प्रसाद, धीरज दुबे, कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित कनक मंदिर ज्वेलर्स के संचालक शंकर सोनी सहित वरिष्ठ पूर्वांचल विकास समिति के सदस्यगणों ने छठ घाट में शुभकामनाएं दी।
कटघोरा के वरिष्ठ पत्रकार अशोक दुबे, पोड़ी उपरोड़ा में विजय दुबे, जनपद सदस्य पूजा दुबे, पाली में प्रशांत मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार कमल वैष्णव, कांग्रेस नेता सुरेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम ने भी व्रतियों एवं पूर्वांचवासियों को छठ पूजा की बधाई दी।

Exit mobile version