लंदन, एजेंसी। ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में दिवाली समारोह के दौरान पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। 9 नवंबर को वेस्टमिंस्टर स्थित पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर के चोलमोंडेली कक्ष और छत पर आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रिटिश सांसदों, सामुदायिक नेताओं और ब्रिटिश एशियाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया। लेबर एशियंस सोसायटी की ओर से आयोजित इस समारोह का नेतृत्व हियर एंड नाउ365 के संस्थापक मनीष तिवारी ने किया, जबकि इसकी मेजबानी लेबर एशियंस सोसायटी के संरक्षक लॉर्ड उदय नागराजू ऑफ ब्लूम्सबरी ने की। कार्यक्रम में तबले और हारमोनियम की सजीव संगत के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। ब्रिटिश संसद के इस प्रतिष्ठित सदन में पहली बार हुए इस आयोजन को समुदाय के लिए एक यादगार क्षण बताया गया।
दोनों विश्व युद्धों में शहीद भारतीय सैनिकों को भी किया याद
यह कार्यक्रम ब्रिटेन में रिमेंबरेंस संडे के एक दिन बाद आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत मनीष तिवारी के नेतृत्व में एक मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान युद्धों में देश के लिए अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। विशेष रूप से भारतीय उपमहाद्वीप के उन सैनिकों को भी याद किया गया, जिन्होंने दोनों विश्व युद्धों में ब्रिटिश सेनाओं के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी। मनीष तिवारी ने अपने संबोधन में दिवाली को विभिन्न समुदायों और धर्मों को जोड़ने वाला प्रकाश पर्व बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली समुदायों के बीच की दूरियों को मिटाने वाली रोशनी है और हमारी साझा प्राचीन विरासत का अहम हिस्सा है। यह पर्व हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समुदायों के साथ-साथ आज ब्रिटेन में हर पृष्ठभूमि के लोगों द्वारा मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ लॉर्ड्स में पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ होना ऐसा पल है, जिसे समुदाय लंबे समय तक याद रखेगा।
लॉर्ड उदय नागराजू ने बताई दिवाली की अहमियत
मेहमानों का स्वागत करते हुए लॉर्ड उदय नागराजू ने सार्वजनिक जीवन में लेबर एशियंस सोसायटी के योगदान और विभिन्न समुदायों को एक साथ लाने के उसके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। हाउस ऑफ लॉर्ड्स में इस समारोह की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने मनीष तिवारी और लेबर एशियंस सोसायटी की पूरी टीम का आभार भी जताया। लेबर एशियंस सोसायटी के अध्यक्ष अत्ता हक ने लॉर्ड उदय नागराजू, हियर एंड नाउ365 और कार्यक्रम में शामिल हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने ब्रिटिश एशियाई समुदाय की सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न समुदायों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए संगठन के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
समारोह में स्मेथविक से सांसद गुरिंदर सिंह जोसन, ईलिंग साउथॉल के पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा, मानवीय सहायता संगठन गो धर्मिक के संस्थापक हनुमान दास और ग्रांट थॉर्नटन से चंद्रू अय्यर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनके अलावा समुदाय के नेताओं, कारोबार जगत के प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मारिया सरोया हक ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले मेजबान, प्रायोजकों, संगीतकारों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। समारोह का समापन छत पर मेहमानों के एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

