DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जलवायु परिवर्तन अंतर्गत स्काउट्स, गाइड्स की हर्बल गार्डन विकसित करने की पहल

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जलवायु परिवर्तन पर युवा-नेतृत्व वाली ग्रीन इंडिया पहल अंतर्गत कोरबा जिले के नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम में एक सराहनीय पर्यावरण संरक्षण पहल की गई है। स्काउट्स, गाइड्स के सामूहिक प्रयास से वृद्धाश्रम परिसर के एक खाली स्थान को हर्बल गार्डन में बदलने का प्रयास प्रारंभ किया गया है।

इस परियोजना का नेतृत्व अंकिता सामल, असिस्टेंट गाइड केप्टिन ने अपनी गाइड कंपनी के सक्रिय सहयोग से किया। परियोजना की शुरुआत चयनित स्थान के निरीक्षण से हुई। वहां साफ-सफाई और जमीन को तैयार करने की आवश्यकता थी। इसके बाद पूरे स्थान की सफाई की गई, मिट्टी को पौधरोपण के अनुकूल बनाया और पौधों की सुरक्षा के लिए हरे रंग की जाली लगाई। सनराइज स्कूल, कृष्णानगर की प्राचार्य एवं गाइड केप्टिन पूर्णिमा भट्टाचार्य के सहयोग तथा वृद्धाश्रम प्रबंधन की अनुमति और सहभागिता से इस स्थान पर विभिन्न उपयोगी पौधे रोपने का कार्य किया गया। इनमें तुलसी, पुदीना, नीम, गिलोय, आंवला, कालमेघ और हल्दी सहित कई औषधीय एवं उपयोगी पौधे शामिल हैं।

स्काउट्स, गाइड्स और रोवर्स, रेंजर्स की मेहनत और सामूहिक प्रयास से परिसर का बेकार पड़ा हिस्सा अब हरे-भरे हर्बल गार्डन के रूप में विकसित होने की ओर अग्रसर है। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पारंपरिक औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी है।

Exit mobile version