DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मां और बच्चे के पोषण की राह हुई आसान, मातृत्व वंदना योजना से माधुरी को मिला आर्थिक सहयोग

कोरबा 06 अक्टूबर 2026। नन्हे शिशु की मुस्कान के साथ मां की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म तक उचित पोषण और देखभाल के लिए परिवार को अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत होती है। पाली विकासखंड के ग्राम उतरदा निवासी श्रीमती माधुरी राठौर के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत मिली 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता ऐसे ही समय में उपयोगी सहारा बनी। इस राशि से उन्होंने बच्चे के पोषण आहार की व्यवस्था की और परिवार की आवश्यक जरूरतों में भी सहयोग मिला।
श्रीमती माधुरी राठौर ने बताया कि गर्भवती होने पर उन्हें अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में उन्होंने अपना पंजीयन कराया और योजना के तहत 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त की। प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने बच्चे के लिए पोषण आहार जुटाने में किया। आर्थिक सहयोग मिलने से बच्चे की देखभाल और परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सुविधा मिली। लाभार्थी श्रीमती माधुरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मातृत्व के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता शिशुवती माताओं के लिए बहुत उपयोगी है। इससे बच्चे के पोषण और स्वस्थ शारीरिक विकास के लिए जरूरी आहार की व्यवस्था करने में परिवार को सहयोग मिलता है। योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

Exit mobile version