Connect with us

कोरबा

मां और बच्चे के पोषण की राह हुई आसान, मातृत्व वंदना योजना से माधुरी को मिला आर्थिक सहयोग

Published

on

कोरबा 06 अक्टूबर 2026। नन्हे शिशु की मुस्कान के साथ मां की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म तक उचित पोषण और देखभाल के लिए परिवार को अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत होती है। पाली विकासखंड के ग्राम उतरदा निवासी श्रीमती माधुरी राठौर के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत मिली 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता ऐसे ही समय में उपयोगी सहारा बनी। इस राशि से उन्होंने बच्चे के पोषण आहार की व्यवस्था की और परिवार की आवश्यक जरूरतों में भी सहयोग मिला।
श्रीमती माधुरी राठौर ने बताया कि गर्भवती होने पर उन्हें अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में उन्होंने अपना पंजीयन कराया और योजना के तहत 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त की। प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने बच्चे के लिए पोषण आहार जुटाने में किया। आर्थिक सहयोग मिलने से बच्चे की देखभाल और परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सुविधा मिली। लाभार्थी श्रीमती माधुरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मातृत्व के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता शिशुवती माताओं के लिए बहुत उपयोगी है। इससे बच्चे के पोषण और स्वस्थ शारीरिक विकास के लिए जरूरी आहार की व्यवस्था करने में परिवार को सहयोग मिलता है। योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

हसदेव नदी घाट में पानी भरने तथा खराब मौसम के कारण पुन्नी मेला जनवरी माह के लिए टला

Published

on

कोरबा। अकवान तूफान के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती हसदेव नदी पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला जनवरी तक के लिए टाल दिया गया है। पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज एक आवश्यक बैठक पुरानी बस्ती में रखा गया। चक्रवाती अकवान तूफान के कारण दो दिनों की बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण दर्री बराज का गेट खोला गया।

दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पुरानी बस्ती, दुरपा रोड, इंदिरा नगर के हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया है , नदी घाट पर कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुन्नी मेला आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए पुन्नी मेला को 24 नवंबर के स्थान पर जनवरी माह में मकर संक्रान्ति के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया है। कोरबा में पहला अवसर था जब सर्व समाज कोरबा के द्वारा भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा था लेकिन चक्रवर्ती तूफान ने आयोजन की तैयारियां पर पानी फेर दिया है। आयोजन समिति के संयोजक निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबि देवी सागर सहित आयोजन समिति के सदस्यों भव्य तैयारी के साथ मकर संक्रान्ति के अवसर पर पुन्नी मेला आयोजित करने की जानकारी दिया है।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 11 देरी से चलेंगी:6 से 18 दिसंबर तक गाड़ियां प्रभावित, चौथी लाइन का काम, 27 ट्रेनों पर असर

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी। 6 ट्रेनें बीच में समाप्त होंगी और 11 ट्रेनें एक से 9 घंटे की देरी से चलेंगी। इस दौरान कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम होगा। चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। रेलवे के इस काम से कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की व्यवस्था

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है।

अंतिम चरण में बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का काम

बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। रेलवे इस परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम पूरा कर रहा है।

रेलवे का कहना है कि चौथी रेल लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा।

इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन बेहतर होगा और भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।

Continue Reading

कोरबा

घने कोहरे की चादर में लिपटा कोरबा,चिमनियां तक हुईं ओझल:लगातार बारिश के बाद तीसरे दिन बदला मौसम, कुछ मीटर दूर तक देखना हुआ मुश्किल

Published

on

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पूरा शहर सफेद घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। चारों तरफ धुंध छाई रही। स्थिति यह थी कि औद्योगिक संयंत्रों की ऊंची-ऊंची चिमनियां भी कोहरे में ओझल हो गईं। शहर का नजारा ऐसा लग रहा था, मानो कोरबा नहीं, कश्मीर हो।

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद रविवार को तीसरे दिन भी आसमान में बदली छाई रही। सुबह से ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ मीटर दूर तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। सुबह 8 बजे के बाद भी कोहरा छाया रहा। हालांकि, धीरे-धीरे धूप निकलने के साथ कोहरा छंटने लगा।

मॉर्निंग वॉक करने वालों ने उठाया मौसम का लुत्फ

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बदले मौसम का जमकर आनंद लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कोरबा में लंबे समय बाद इतना घना कोहरा देखने को मिला है।

ठंडी हवाओं और धुंध के बीच लोग चाय की चुस्कियों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। कई लोगों ने कोहरे से ढके शहर के खूबसूरत नजारे को मोबाइल में कैद किया।

मैदान में गेंद तक नहीं दिखी, अभ्यास प्रभावित

घने कोहरे का असर खेल गतिविधियों पर भी पड़ा। सुबह क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान में दृश्यता कम होने के कारण खेल शुरू करने में देरी हुई। कोहरे के चलते गेंद तक दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हुआ।

सड़कों पर हेडलाइट जलाकर चले वाहन

रेलवे स्टेशन, टीपी नगर बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड पहुंचे यात्रियों ने भी सुबह कोहरे का नजारा देखा। बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका हल्का असर नजर आया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

दो दिन ऐसा ही रह सकता है मौसम

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा घना हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और प्रदूषण से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677