Connect with us

कोरबा

बच्चों की मुस्कान और महिलाओं की सहभागिता से सजा बरपाली का आंगन, आंगन मिलन सेवा अभियान बना खुशियों का उत्सव

Published

on

सेवा, संस्कार और सहभागिता का संगम बना आंगन मिलन सेवा अभियान, बरपाली आंगनबाड़ी में गूंजा सहभागिता का संदेश

कोरबा 06 अक्टूबर 2026। नन्हें कदमों की चहलकदमी, बच्चों की खिलखिलाहट और माताओं की सक्रिय सहभागिता से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बरपाली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा अभियान का आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, पालकों, किशोरी बालिकाओं, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता से जीवंत नजर आया। आयोजन ने पोषण, संस्कार, स्वच्छता, सम्मान और सामुदायिक जुड़ाव को एक साथ जोड़ते हुए आंगनबाड़ी की गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की।

अभियान के दौरान नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं के सम्मान के साथ उनके प्रयासों को प्रोत्साहन मिला और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियां आयोजित की गईं। विभागीय योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता का सार्थक उपयोग कर बेहतर कार्य करने वाली हितग्राही महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान के इस अवसर ने महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया और अन्य परिवारों को भी योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आंगन मिलन सेवा अभियान के अंतर्गत ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान को भी जनभागीदारी से आगे बढ़ाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र परिसर के साथ पालकों के घरों में मुनगा पौधों का रोपण किया गया। मुनगा पौधे के माध्यम से परिवारों को पोषण और हरियाली से जुड़ने का अवसर मिला। बच्चों, महिलाओं और पालकों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को सामुदायिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला ने कहा कि आंगन मिलन सेवा अभियान से बच्चों और पालकों को एक साथ जुड़ने का अवसर मिला। विभिन्न गतिविधियों में उनकी भागीदारी से बच्चों के लिए सीखने और आनंद का माहौल बना तथा महिलाओं में भी सक्रिय सहभागिता की भावना मजबूत हुई।
आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती चमेली बाई ने कहा कि बच्चों के अन्नप्राशन, महिलाओं के सम्मान और मुनगा रोपण जैसी गतिविधियों में पालकों की भागीदारी उत्साहजनक रही। सभी ने मिलकर आयोजन को आत्मीय और यादगार बनाया। कार्यक्रम में शामिल हितग्राहियों ने विभागीय योजनाओं से मिल रहे सहयोग और आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से आयोजित गतिविधियों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक पहुंच रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 11 देरी से चलेंगी:6 से 18 दिसंबर तक गाड़ियां प्रभावित, चौथी लाइन का काम, 27 ट्रेनों पर असर

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी। 6 ट्रेनें बीच में समाप्त होंगी और 11 ट्रेनें एक से 9 घंटे की देरी से चलेंगी। इस दौरान कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम होगा। चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। रेलवे के इस काम से कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की व्यवस्था

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है।

अंतिम चरण में बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का काम

बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। रेलवे इस परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम पूरा कर रहा है।

रेलवे का कहना है कि चौथी रेल लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा।

इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन बेहतर होगा और भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।

Continue Reading

कोरबा

घने कोहरे की चादर में लिपटा कोरबा,चिमनियां तक हुईं ओझल:लगातार बारिश के बाद तीसरे दिन बदला मौसम, कुछ मीटर दूर तक देखना हुआ मुश्किल

Published

on

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पूरा शहर सफेद घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। चारों तरफ धुंध छाई रही। स्थिति यह थी कि औद्योगिक संयंत्रों की ऊंची-ऊंची चिमनियां भी कोहरे में ओझल हो गईं। शहर का नजारा ऐसा लग रहा था, मानो कोरबा नहीं, कश्मीर हो।

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद रविवार को तीसरे दिन भी आसमान में बदली छाई रही। सुबह से ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ मीटर दूर तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। सुबह 8 बजे के बाद भी कोहरा छाया रहा। हालांकि, धीरे-धीरे धूप निकलने के साथ कोहरा छंटने लगा।

मॉर्निंग वॉक करने वालों ने उठाया मौसम का लुत्फ

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बदले मौसम का जमकर आनंद लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कोरबा में लंबे समय बाद इतना घना कोहरा देखने को मिला है।

ठंडी हवाओं और धुंध के बीच लोग चाय की चुस्कियों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। कई लोगों ने कोहरे से ढके शहर के खूबसूरत नजारे को मोबाइल में कैद किया।

मैदान में गेंद तक नहीं दिखी, अभ्यास प्रभावित

घने कोहरे का असर खेल गतिविधियों पर भी पड़ा। सुबह क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान में दृश्यता कम होने के कारण खेल शुरू करने में देरी हुई। कोहरे के चलते गेंद तक दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हुआ।

सड़कों पर हेडलाइट जलाकर चले वाहन

रेलवे स्टेशन, टीपी नगर बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड पहुंचे यात्रियों ने भी सुबह कोहरे का नजारा देखा। बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका हल्का असर नजर आया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

दो दिन ऐसा ही रह सकता है मौसम

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा घना हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और प्रदूषण से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

Continue Reading

कोरबा

रू.2000 के लिए 70 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या:आरोपी ने हाथ, पत्नी ने पैर पकड़े, रस्सी से घोंटा गला, दोस्त देता रहा पहरा

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा के ग्राम लाद में महज 2 हजार रुपए के लिए 70 साल की बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को उसके घर में गाय चराने वाला इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी और दोस्त देव कुमार ने मिलकर अंजाम दिया।

वारदात के समय चरवाहे ने बुजुर्ग महिला के हाथ पकड़े। पत्नी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए। जबकि दोस्त को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया।

इसके बाद दोनों ने घर में रखी नायलॉन रस्सी से उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद बैग में रखे 2000 रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोरबी चौकी क्षेत्र का है।

घर में खाट पर मिला महिला का शव।

घर में खाट पर मिला महिला का शव।

पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, भगमतिया बाई (70) सड़क किनारे बने अपने मकान में अकेली रहती थी। उसका बेटा बबलू मरकाम और बहू पास के दूसरे मकान में रहते हैं। 19 नवंबर की रात भगमतिया बाई घर में सो रही थी।

बहू सुबह पहुंची तो चारपाई पर मिला शव

20 नवंबर की सुबह बहू रोज की तरह सास के घर पहुंची। दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो भगमतिया बाई चारपाई पर मृत पड़ी थी। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में नायलॉन की रस्सी बंधी थी।

यह देखकर बहू घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के बेटे बबलू मरकाम ने 20 नवंबर को कोरबी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद भी ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल के बाद बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के कारण आगे के सुराग नहीं मिल सके।

गाय चराने वाले पर हुआ शक

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर में गाय चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया (43) पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पत्नी राजकुमारी अगरिया (33) और दोस्त देव कुमार मरकाम (26) के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर की थी प्लानिंग

पुलिस के मुताबिक, इंद्रपाल काम के सिलसिले में कोरबा गया था। लौटते समय बस में उसकी मुलाकात पुराने परिचित देव कुमार से हुई। वह उसे शराब पिलाने का लालच देकर अपने घर गोजापुर ले आया। वहां अपनी बेटी को 100 रुपए देकर शराब मंगवाई। इसके बाद इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी और देव कुमार ने साथ बैठकर शराब पी।

शाम को तीनों भगमतिया बाई के घर गाय-बैल चराने के काम के पैसे लेने पहुंचे। भगमतिया बाई ने उन्हें 500 रुपए दिए। इसके बाद तीनों ने वहीं बैठकर शराब पी। इसी दौरान उनकी नजर घर में रखी पेटी में मौजूद पैसों पर पड़ी। रुपए देखकर तीनों के मन में लालच आ गया। उन्होंने रात में भगमतिया बाई के सोने के बाद घर में चोरी करने की प्लानिंग की।

दोस्त बाहर करता रहा निगरानी

योजना के मुताबिक, रात में तीनों दोबारा भगमतिया बाई के घर पहुंचे। देव कुमार को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया। इंद्रपाल और राजकुमारी घर के अंदर घुसे। उस समय भगमतिया बाई सो रही थी। इंद्रपाल ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि राजकुमारी ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए।

इसके बाद घर में रखी पीले रंग की नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद तीनों ने पेटी और बैग में रखे 2000 रुपए निकाल लिए और आपस में बांटकर अपने-अपने घर चले गए।

48 घंटे में पकड़े गए तीनों आरोपी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677