DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बंगाल में फिर ममता–सुवेंदु भिड़ेंगे:भाजपा नेता ने पिछली बार नंदीग्राम में सीएम को हराया था, इस बार भबानीपुर में मुकाबला, TMC की लिस्ट जारी

कोलकाता/तिरुवनंतपुरम/चेन्नई,एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस पार्टी (TMC) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की कुल 294 सीटों में से 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। बाकी 3 सीटें सहयोगी बीजीपीएम को दी हैं।

ममता बनर्जी भबानीपुर से चुनाव लड़ेंगी। उनका मुकाबला भाजपा नेता सुवेंद्र अधिकारी से होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता ने कहा कि मैं BJP से कहना चाहती हूं कि आप डर क्यों रहे हैं। अगर लड़ना है तो गैस संकट पैदा मत कीजिए। मैदान में आकर सही तरीके से मुकाबला कीजिए।

– ममता ने सेलिब्रिटी चेहरों से दूरी बनाई। जमीनी नेता और कार्यकर्ताओं पर ज्यादा भरोसा जताया। 2021 में 15 सेलिब्रिटी को टिकट दिया था। इस बार 2 सेलिब्रिटीज को टिकट मिला है। – लिस्ट में 52 महिलाएं हैं। 47 उम्मीदवार अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। – 40 साल से कम उम्र के 42 उम्मीदवारों को टिकट मिला। – लिस्ट में 95 कैंडिटेट्स SC/ST कैंडिडेंट्स हैं।

पश्चिम बंगाल- 3 बार से ममता बनर्जी ही मुख्यमंत्री

14 साल से CM ममता के सामने BJP मुख्य चुनौती है। 2026 के चुनाव में टीएमसी जीती तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। वे ऐसा करने वाली देश पहली महिला होंगी। जयललिता के नाम 5 बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड है। हालांकि, वह 1991 से 2016 तक अलग-अलग कार्यकाल (लगातार नहीं) में मुख्यमंत्री पद पर रहीं।

चुनाव आयोग ने शानदार खेल दिखाया- ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कोलकाता में कहा, “उम्मीदवारों की सूची घोषित करने से पहले, मैं बंगाल की जनता का धन्यवाद करती हूं। मैं ‘मां माटी मानुष बंग्लार संस्कृति’ सभी को समर्पित करती हूं और 294 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करती हूं। मैं भाजपा से कहना चाहती हूं – आप क्यों डर रहे हैं? अगर चुनाव लड़ना है तो गैस संकट पैदा मत कीजिए; सही तरीके से मैदान में उतरिए। चुनाव आयोग ने शानदार खेल दिखाया। भाजपा के पास कोई मौका नहीं है। इस बार आपकी सीटें पिछली बार के मुकाबले कम होंगी। यह पश्चिम बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई है। बंगाल जीतेगा। ‘दिल्ली का लड्डू’ नहीं जीतेगा।

कांग्रेस आजकल आपस में ही लड़ रही है- पद्मजा

केरल के त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए की उम्मीदवार पद्मजा वेणुगोपाल का कहना है, “कई लोग एनडीए में शामिल होंगे। कांग्रेस आजकल आपस में ही लड़ रही है…”

असम विधानसभा चुनावों से पहले काले धन पर अंकुश लगाने के लिए आयकर विभाग ने 24×7 कंट्रोल रूम बनाया

आयकर विभाग ने असम में आगामी विधानसभा चुनावों 2026 में काले धन के उपयोग की निगरानी और उस पर अंकुश लगाने के लिए 24×7 कंट्रोल रूम बनाया है। यह पहल आयकर निदेशालय (जांच), उत्तर पूर्वी क्षेत्र, गुवाहाटी द्वारा 9 अप्रैल, 2026 को होने वाले स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों को सुनिश्चित करने में भारत निर्वाचन आयोग की मदद के प्रयासों के तहत की गई है।

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले 19 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले एक और फेरबदल करते हुए, चुनाव आयोग ने मंगलवार को दो एडीजी सहित 19 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादलों का आदेश दिया। आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार सिंह को दक्षिण बंगाल का नया अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया, जबकि के जयरामन को उत्तर बंगाल का एडीजी बनाया गया। दोनों 1997 बैच के अधिकारी हैं। आसनसोल-दुर्गापुर, हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर के लिए नए पुलिस आयुक्तों (सीपी) की नियुक्ति की गई। प्रणव कुमार को पश्चिम बर्धमान के आसनसोल-दुर्गापुर का नया सीपी, अखिलेश कुमार चतुर्वेदी को हावड़ा का सीपी, अमित कुमार सिंह को उत्तर 24 परगना के बैरकपुर का नया सीपी और सुनील कुमार यादव को हुगली जिले के चंदननगर का सीपी नियुक्त किया गया। हालिया फेरबदल में 12 जिलों के SP भी बदले गए हैं।

चुनाव आयोग ने 1,100 से अधिक पर्यवेक्षकों की तैनाती की

चुनाव आयोग (ईसी) ने अगले महीने होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों और विधानसभा उपचुनावों के लिए 1,111 पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभाओं के चुनाव होने के साथ-साथ, कई राज्यों में विधानसभा उपचुनाव भी अप्रैल में होने हैं। चुनाव आयोग ने कहा कि पर्यवेक्षक ईसी की आंख और कान के रूप में काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हों। ईसी ने निर्देश दिया है कि पर्यवेक्षक गुरुवार तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच जाएं। ईसी ने कहा कि पहुंचने पर, पर्यवेक्षक अपने संपर्क विवरण सार्वजनिक करेंगे और उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों या उनके प्रतिनिधियों, या जनता के किसी भी सदस्य से चुनाव संबंधी शिकायतों को सुनने के लिए प्रतिदिन एक निश्चित समय निर्धारित करेंगे।

केरल चुनाव: NDA ने ईसाई बहुल सीटों पर पिता-पुत्र को उतारा मैदान में

केरल विधानसभा चुनाव (9 अप्रैल) से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। NDA ने कोट्टायम जिले की दो ईसाई बहुल सीटों पूनजार और पालासे पिता-पुत्र की जोड़ी को उम्मीदवार बनाया है।

यह जोड़ी है वरिष्ठ नेता पी. सी. जॉर्ज और उनके बेटे शोन जॉर्ज की। पीसी जॉर्ज को पूनजार से उम्मीदवार बनाया गया है। शोन जॉर्ज को पाला सीट से मैदान में उतारा गया है।

पीसी जॉर्ज सात बार विधायक रह चुके हैं। पहले केरल जनपक्षम (सेक्युलर) पार्टी बनाई, बाद में विभिन्न केरल कांग्रेस गुटों से जुड़े रहे। उन्होंने 2016 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी जीत दर्ज की थी। उनकी पार्टी का 2024 लोकसभा चुनाव से पहले BJP-NDA में विलय हो गया था।

रजनीकांत का टीवीके को जवाब- समय बोलता नहीं, बल्कि जवाब देता है

सुपरस्टार रजनीकांत ने मंगलवार को टीवीके के महासचिव आदव अर्जुन की उनके बारे में की गई “अपमानजनक टिप्पणियों” की निंदा की। रजनीकांत ने कहा कि समय ही जवाब देगा। X पर पोस्ट किए गए एक आधिकारिक संदेश में, अभिनेता ने अर्जुन की टिप्पणियों पर चिंता व्यक्त की और उन्हें “सत्य के विपरीत” बताया।

उन्होंने उन राजनीतिक नेताओं, प्रशंसकों और मीडिया सदस्यों के प्रति आभार भी व्यक्त किया जिन्होंने “अपमानजनक” टिप्पणियों की आलोचना की। “तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) पार्टी में नेतृत्व की भूमिका निभाने वाले आधव अर्जुन ने हाल ही में मेरे बारे में एक ऐसी राय व्यक्त की जो सत्य के विपरीत थी। मैं तमिलनाडु विधानसभा के माननीय विपक्ष नेता श्री एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, तमिलनाडु के मंत्रियों मीडिया के सदस्यों और मेरे प्रिय प्रशंसकों (जिन्हें मैं भगवान मानता हूँ) का तहे दिल से आभार व्यक्त करना चाहता हूं।

मैं अपने प्रियजनों को उनके अपमानजनक बयानों की निंदा करने और मेरे समर्थन में आवाज उठाने के लिए धन्यवाद देता हूं। रजनकांत ने कहा- समय बोलता नहीं, बल्कि इंतजार करता है और जवाब देता है, उन्होंने आगे कहा।

Exit mobile version