कोरबा/रामपुर।शासकीय महाविद्यालय करतला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मृगेश कुमार यादव रहे, अध्यक्षता डॉ. संजय कुमार यादव ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल नेतृत्व एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती , स्वामी विवेकानंद एवं महात्मा गांधी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं एनएसएस लक्ष्य गीत के साथ हुआ।
अपने उद्बोधन में प्रो. प्रभा शंकर यादव ने कहा – “एनएसएस की स्थापना 24 सितम्बर 1969 को महात्मा गांधी जी के जन्म शताब्दी वर्ष में हुई थी। इसका आदर्श वाक्य ‘स्वयं से पहले आप’ है, जो हमें समाज को स्वयं से पहले रखने की प्रेरणा देता है।”
पोषण जागरूकता पर डॉ. प्रीति लता मिंज ने कहा – “पोषण का अर्थ सिर्फ पेट भरना नहीं, बल्कि शरीर को सही तत्व देना है। जंक फूड के कारण युवाओं में एनीमिया बढ़ रहा है। हमें अपनी थाली में कोदो-कुटकी, हरी सब्जी, मौसमी फल और गुड़-चना को अवश्य शामिल करना चाहिए।”
सुश्री मंजू पटेल ने कहा – “सहजन (मुनगा) पत्ता छत्तीसगढ़ का सुपरफूड है, जो आयरन और प्रोटीन से भरपूर है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।”
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. संजय कुमार यादव ने एनएसएस को समाज की प्रयोगशाला बताया। मुख्य अतिथि डॉ. मृगेश कुमार यादव ने कहा – “सेवा और स्वास्थ्य ही समर्थ भारत की नींव हैं। सभी स्वयंसेवक पोषण के राजदूत बनकर गांव-गांव में जागरूकता फैलाएं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी को पोषण शपथ दिलाई गई एवं पौष्टिक आहार का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम में गंगोत्री, मुस्कान महंत, नोलिता, लक्ष्मी, टिकेश्वरी, तुलेश्वरी, संगीता, संजना यादव, प्रीति, श्रेया, प्रियंका, चनेश्वरी, नगेश्वर, ओम तिवारी, गोविंदा, मंगलेश्वर, कुंदन, करन, मुकेश, रामलाल सहित समस्त एनएसएस स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।
