कोरबा। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा में सरपंच और ग्रामीणों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सरपंच ग्रामीणों से गाली-गलौज और धक्कामुक्की करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पुराना यह वीडियो उस समय का है, जब कुछ ग्रामीण सूचना के अधिकार के तहत गांव में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा लेने सरपंच के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान कहासुनी विवाद में बदल गई। ग्रामीणों ने सरपंच और उनके भाई पर आवेदन फाड़कर फेंकने, दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। विवाद के पीछे हसदेव नदी से हो रहे कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
रेत परिवहन के नाम पर 200 रुपए वसूली का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि भैसामुड़ा में हसदेव नदी से दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही है। नदी में ट्रैक्टरों की कतार लगाकर रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेत ले जाने वाले प्रत्येक ट्रैक्टर से सरपंच 200 रुपए लेते हैं। पैसे नहीं देने पर ट्रैक्टर रोक दिया जाता है।
स्थानीय ग्रामीण और ट्रैक्टर मालिक अशोक ने दावा किया कि रेत परिवहन के लिए उसे प्रति ट्रैक्टर 200 रुपए देने पड़ते हैं। उसके पास दो ट्रैक्टर हैं और वह अब तक 2 लाख रुपए से अधिक दे चुका है। उसका आरोप है कि पैसे नहीं देने पर गाड़ी रोक दी जाती है। इस बयान के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि कथित वसूली का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है।

कुदरमाल और तरदा में भी अवैध उत्खनन का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, भैसामुड़ा के अलावा उरगा क्षेत्र के कुदुरमाल, तरदा सहित अन्य स्थानों पर भी हसदेव नदी से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए दिनदहाड़े रेत निकालकर बेचे जाने का आरोप है।
ग्रामीणों ने शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर और खनिज विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
सरपंच बोले- आपसी लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
वहीं, सरपंच आनंद बिंझवार ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो आपसी लेनदेन को लेकर हुए विवाद का है। उन्होंने किसी भी तरह के पैसे की मांग करने या लेने से इनकार किया है।
