DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए एसईसीएल को मिला राष्ट्रीय सम्मान

नई दिल्ली में वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 के अंतर्गत माननीय जलशक्ति राज्यमंत्री, भारत सरकार ने किया पुरस्कृत

बिलासपुर/कोरबा। जल संरक्षण एवं औद्योगिक जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 के अंतर्गत “इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्ट्यूअर्डशिप अवार्ड” से सम्मानित किया गया है।

दिनांक 23 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह सम्मान जल शक्ति राज्य मंत्री, भारत सरकार राज भूषण चौधरी के करकमलों से प्रदान किया गया। एसईसीएल की ओर से यह पुरस्कार कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र द्वारा ग्रहण किया गया।

यह सम्मान एसईसीएल द्वारा संचालित खान जल के सदुपयोग के अंतर्गत किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है। इस योजना के माध्यम से खदानों से निकलने वाले जल को आसपास के क्षेत्रों में जल संकट को कम करने के साथ-साथ स्थानीय किसानों को सिंचाई हेतु जल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा,“जल संरक्षण हमारे लिए प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। एसईसीएल सतत एवं जिम्मेदार खनन के प्रति प्रतिबद्ध है, और खान जल का सदुपयोग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से हम न केवल संसाधनों के बेहतर उपयोग को सुनिश्चित कर रहे हैं, बल्कि आसपास के समुदायों, विशेषकर किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी कार्य कर रहे हैं।”

एसईसीएल की इस पहल से जहां एक ओर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, वहीं किसानों को सिंचाई के लिए विश्वसनीय जल स्रोत मिलने से अब वे वर्ष में दो फसलें लेने में सक्षम हो रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र में सतत जल प्रबंधन को भी मजबूती मिली है, जो समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Exit mobile version