DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर नौ महीने के उच्चस्तर पर, निफ्टी 25,250 अंक के पार

मुंबई, एजेंसी। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर करीब नौ महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,250 अंक के ऊपर बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कंपनियों के दूसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत चढ़कर 81,879.40 अंक पर बंद हुआ। यह इसका 26 फरवरी के बाद का सबसे ऊंचा बंद स्तर है।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,413.75 अंक यानी 1.74 प्रतिशत चढ़कर 82,520.40 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 अंक पर बंद हुआ। यह भी करीब नौ महीने का उच्चतम स्तर है। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 5.25 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 4.37 प्रतिशत, ट्रेंट में 3.02 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.22 प्रतिशत, आईटीसी में 2.15 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.14 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी ओर, अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 7,212.22 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.58 प्रतिशत बढ़कर 92.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ”घरेलू शेयर बाजार लगातार नौवें नियमित कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौर में दिवाली का मुहूर्त कारोबार शामिल नहीं है, जिसमें बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। कारोबारी सत्र की शुरुआत में मिली बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बावजूद बाजार अपनी तेजी बनाए रखने में सफल रहे।” उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली, कच्चे तेल की कम कीमतें, रुपये की मजबूती और कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार में तेजी को बल मिला है। इन कारकों ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।

Exit mobile version