Connect with us

देश

सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर नौ महीने के उच्चस्तर पर, निफ्टी 25,250 अंक के पार

Published

on

मुंबई, एजेंसी। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर करीब नौ महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,250 अंक के ऊपर बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कंपनियों के दूसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत चढ़कर 81,879.40 अंक पर बंद हुआ। यह इसका 26 फरवरी के बाद का सबसे ऊंचा बंद स्तर है।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,413.75 अंक यानी 1.74 प्रतिशत चढ़कर 82,520.40 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 अंक पर बंद हुआ। यह भी करीब नौ महीने का उच्चतम स्तर है। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 5.25 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 4.37 प्रतिशत, ट्रेंट में 3.02 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.22 प्रतिशत, आईटीसी में 2.15 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.14 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी ओर, अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 7,212.22 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.58 प्रतिशत बढ़कर 92.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ”घरेलू शेयर बाजार लगातार नौवें नियमित कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौर में दिवाली का मुहूर्त कारोबार शामिल नहीं है, जिसमें बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। कारोबारी सत्र की शुरुआत में मिली बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बावजूद बाजार अपनी तेजी बनाए रखने में सफल रहे।” उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली, कच्चे तेल की कम कीमतें, रुपये की मजबूती और कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार में तेजी को बल मिला है। इन कारकों ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।

Continue Reading

देश

कोरोना के बाद पहली बार दिवाली पर घटीं उड़ानें, हवाई किराए में भी भारी उछाल

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत में दिवाली का त्योहार आमतौर पर हवाई यात्रा के लिहाज से सबसे व्यस्त सीजन में शामिल होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर जाते हैं। हालांकि, इस साल दिवाली पर हवाई यात्रियों को महंगे टिकट और कम उड़ानों की दोहरी मार झेलनी पड़ी। बढ़ती परिचालन लागत के दबाव में एयरलाइंस ने अपनी फ्लाइट्स की संख्या घटा दी है।

एविएशन एनालिटिक्स कंपनी Cirium के आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय एयरलाइंस ने अक्टूबर और नवंबर 2026 में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 6 फीसदी कम उड़ानें निर्धारित की हैं। कोरोना महामारी के बाद पहली बार दिवाली के आसपास उड़ानों की संख्या में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई है।

महंगे टिकटों ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी

उड़ानों की संख्या घटने और त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग के कारण कई रूट पर हवाई किराए काफी महंगे हो गए हैं। हैदराबाद से सिलीगुड़ी जाने वाले एक यात्री को एक तरफ के टिकट के लिए 20 हजार रुपए से अधिक खर्च करने पड़े। यह किराया सामान्य दिनों में आने-जाने के टिकट के बराबर बताया गया।

महंगे किराए का असर हवाई यात्रियों की संख्या पर भी दिखाई दे रहा है। सितंबर 2026 में भारत में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या सालाना आधार पर 6.5 फीसदी घट गई।

क्यों बढ़ रही एयरलाइंस की लागत?

एयरलाइंस के खर्च बढ़ने के पीछे कई कारण हैं। विमान ईंधन यानी ATF की कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनियों का परिचालन खर्च बढ़ रहा है। इसके अलावा रुपये में कमजोरी के कारण विमानों की लीज, रखरखाव और अन्य अंतरराष्ट्रीय भुगतान महंगे हो रहे हैं।

वहीं, कुछ अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर पाबंदियों के चलते विमानों को लंबे रास्तों से उड़ान भरनी पड़ रही है। इससे ईंधन की खपत और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।

Indigo को 1,880 करोड़ रुपए का घाटा

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo भी इस दबाव से अछूती नहीं है। सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही में कंपनी ने अपनी क्षमता में 1 फीसदी की कटौती की और पिछले साल के मुकाबले 4.5 फीसदी कम यात्रियों को सफर कराया।

हालांकि, प्रति यात्री औसत कमाई में 34 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई लेकिन कंपनी को तिमाही में 1,880 करोड़ रुपए का घाटा हुआ। इसकी एक बड़ी वजह ईंधन खर्च में 67 फीसदी की वृद्धि रही।

एविएशन सेक्टर की रफ्तार पर सवाल

भारत का एविएशन बाजार तेजी से बढ़ रहा है लेकिन महंगा ईंधन, कमजोर रुपया और परिचालन संबंधी चुनौतियां एयरलाइंस के लिए मुश्किलें बढ़ा रही हैं। अगर लागत का दबाव आगे भी बना रहता है, तो हवाई किराए ऊंचे रह सकते हैं। इसका सीधा असर आम यात्रियों की जेब और हवाई यात्रा की मांग पर पड़ सकता है।

Continue Reading

देश

बाटा इंडिया नए उत्पादों के दम पर वृद्धि को देगी गति, 2030 तक कारोबार दोगुना करने का लक्ष्य

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। जूते-चप्पल बनाने वाली प्रमुख कंपनी बाटा इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजय राव ने कहा कि कंपनी स्टोर में जल्द से जल्द नए वैश्विक उत्पाद पेश करेगी। कंपनी का ध्यान ‘स्नीकर्स’ और युवाओं की पसंद के अनुरूप उत्पादों की श्रृंखला पर रहेगा। कंपनी 2030 तक भारत में अपना कारोबार दोगुना करने की दिशा में काम कर रही है। पदभार संभालने के बाद पहली बार कंपनी के वित्तीय नतीजों पर आयोजित चर्चा में राव ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य कारोबार दोगुना करना है। 

‘रीइग्नाइट इंडिया 2030’ रणनीति के तहत अगले चार वर्षों में इसके लिए वार्षिक वृद्धि दर एकल अंक से दोहरे अंक के स्तर पर रखनी होगी। राव ने कहा, ”भारत में हमारा लक्ष्य 2030 तक कारोबार दोगुना करना है। इसके लिए हम साल-दर-साल की विस्तृत योजना बना रहे हैं। हालांकि, लक्ष्य कारोबार दोगुना करने का ही है। इसका स्पष्ट मतलब है कि अगले चार वर्षों में हम सालाना चक्रवृद्धि वृद्धि दर के लिहाज से मध्य एकल अंक से दोहरे अंक तक की वृद्धि दर हासिल करना चाहते हैं।” 

वित्त वर्ष 2025-26 में बाटा इंडिया का राजस्व 3,515.48 करोड़ रुपए रहा था। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य 2030 तक अपना लाभ दोगुने से अधिक करना भी है। इसके साथ ही विभिन्न कारोबारी पहलों के जरिये वृद्धि की रफ्तार में सुधार करना है। एक सवाल के जवाब में कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) अमित अग्रवाल ने कहा, ”ऐतिहासिक रूप से हमारी वार्षिक वृद्धि दर कम रही है। हालांकि, वृद्धि की गति बनी हुई है और हम पिछली तिमाही के मुकाबले आंकड़ों में सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बाटा इंडिया ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और पिछले तीन तिमाहियों से कंपनी की वृद्धि जारी है।  

Continue Reading

देश

17 लाख करोड़ का अडानी साम्राज्य कौन संभालेगा? Gautam Adani ने बताया किसे सौंपेंगे गद्दी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। देश के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी ने अपने कारोबारी साम्राज्य के भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। करीब चार दशक पहले कोयले के कारोबार से शुरुआत करने वाले गौतम अडानी ने आज लगभग 17 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण वाला अडानी ग्रुप खड़ा कर दिया है। अब उन्होंने यह भी तय कर लिया है कि भविष्य में उनके कारोबार की कमान किसके हाथों में होगी। फॉर्च्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडानी अपना पूरा कारोबार किसी एक उत्तराधिकारी को सौंपने के बजाय परिवार के चार युवाओं की टीम को सौंपना चाहते हैं।

इस टीम को ‘G2 लीडरशिप’ नाम दिया गया है। इसमें उनके दो बेटे करण अडानी और जीत अडानी के साथ दो भतीजे प्रणव अडानी और सागर अडानी शामिल हैं। ये चारों पहले से ही समूह की अलग-अलग कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

उत्तराधिकारियों से क्या चाहते हैं गौतम अडानी?

गौतम अडानी का मानना है कि नेतृत्व केवल विरासत में नहीं मिलता, बल्कि इसे अपनी योग्यता से साबित करना पड़ता है। वह चाहते हैं कि अगली पीढ़ी उनसे भी बड़े स्तर पर सोचे, पुरानी धारणाओं को चुनौती दे और भविष्य के कारोबार खड़े करने का धैर्य रखे।

उनके मुताबिक, उत्तराधिकारियों में जोखिम उठाने का साहस, दूसरों से सीखने की क्षमता और विनम्रता होनी चाहिए। साथ ही उन्हें यह समझना होगा कि कोई भी संस्थान किसी व्यक्ति या परिवार से बड़ा होता है।

कौन हैं G2 लीडरशिप के चार चेहरे?

1. प्रणव अडानी: 48 वर्षीय प्रणव चारों में सबसे अनुभवी हैं। वह अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। अडानी टोटल गैस और रियल्टी कारोबार में भी उनकी अहम भूमिका है।

2. करण अडानी: गौतम अडानी के बड़े बेटे करण 39 वर्ष के हैं। वह अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और सीमेंट कारोबार की जिम्मेदारी उनके पास है।

3. सागर अडानी: 32 वर्षीय सागर अडानी ग्रीन एनर्जी कारोबार का प्रमुख चेहरा हैं। वह अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और सोलर तथा विंड एनर्जी कारोबार संभालते हैं।

4. जीत अडानी: गौतम अडानी के छोटे बेटे 29 वर्षीय जीत अडानी एयरपोर्ट कारोबार के डायरेक्टर हैं। वह AI, डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल जैसे नए क्षेत्रों पर भी ध्यान दे रहे हैं।

17 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबारी साम्राज्य

अडानी ग्रुप पोर्ट्स, पावर, सीमेंट, एयरपोर्ट, गैस और ग्रीन एनर्जी समेत 24 से अधिक क्षेत्रों में कारोबार करता है। वित्त वर्ष 2026 में समूह का राजस्व करीब 3 लाख करोड़ रुपए रहा। अब G2 लीडरशिप के जरिए समूह भविष्य की पीढ़ी के नेतृत्व के लिए तैयारी कर रहा है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677