Connect with us

विदेश

बांग्लादेश के 21 जिलों में हिंसा:24 घंटे में 22 वाहन फूंके, ट्रेन का कोच भी जलाया, पूर्व PM हसीना की वापसी के ऐलान पर तनाव

Published

on

ढाका, एजेंसी। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में हिंसा फिर भड़क गई है। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक देश के कम से कम 21 जिलों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं। बसों और ट्रेन के कोच में आग लगाई गई। सरकारी दफ्तरों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद कर दिए गए।

बांग्लादेश पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11 जिलों में 22 वाहनों को आग लगाई गई। ढाका और छह अन्य जिलों में कम से कम 28 जगह देसी बम धमाकों की घटनाएं हुईं।

पुलिस मुख्यालय का दावा है कि इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी के समर्थक हैं। पुलिस के मुताबिक, हसीना की बांग्लादेश वापसी की घोषणा के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हुईं।

बस में आग लगाई, ड्राइवर की मौत

सोमवार देर रात फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में न्यू बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग आए थे। इनमें से एक ने बस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।

घटना के समय बस ड्राइवर मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे। आग लगने के बाद वे बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन धुआं सांस में जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कलाचन गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के दिगनगर गांव के रहने वाले थे।

चट्टोग्राम के पहाड़तली इलाके के सागरिका और कलूरघाट में दो यात्री बसों को आग लगा दी गई। बरगुना के बेतागी में नगर निगम के ट्रक और मानिकगंज बस स्टैंड पर एक बस को फूंक दिया गया। नाओगांव में अल बराका परिवहन की दो बसें भी आग की चपेट में आ गईं।

किशोरगंज के बाजितपुर में कॉलेज की बस जला दी गई। ढाका के पास सावर और धामराई में अलग-अलग घटनाओं में दो वाहनों को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि नाटोर में सामान से लदे ट्रक में आग दुर्घटनावश लगी थी।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

मंगलवार सुबह गोपालगंज के टुंगीपाड़ा में तनाव बढ़ गया। सुबह करीब 9:30 बजे प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने गोहारडांगा चौरंगी चौराहे पर सामान जलाकर सड़क जाम कर दी। बाद में अवामी लीग और जुबो लीग के कार्यकर्ता भी उनके साथ शामिल हो गए।

प्रदर्शनकारी जब पाटगाती बाजार की ओर जुलूस निकाल रहे थे, तब एक स्थानीय बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) कार्यालय के बाहर लगे कई बैनर और सजावटी पट्टियां तोड़ दी गईं।

पुलिस ने जुलूस रोकने की कोशिश की तो झड़प शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसमें कम से कम 10 लोग घायल हुए। टुंगीपाड़ा थाने के प्रभारी अधिकारी अयूब अली ने बताया कि कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसे आग लगा दी। काशियानी और गोपालगंज शहर के कई इलाकों में भी सड़क जाम किए जाने की खबरें आईं।

पुलिस बोली- पैसे देकर लोगों से हमले कराए जा रहे

पुलिस ने इन हमलों के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के लोगों का हाथ होने का शक जताया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है।

अख्तर हुसैन ने बताया कि जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों को पैसे देकर हमले करने के लिए तैयार किया गया था।

अवामी लीग ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने दावा किया कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने और हमलों का आरोप उस पर डालने के लिए ये घटनाएं करवा रहे हैं।

2024 में देश छोड़कर भारत आई थीं हसीना

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था।

छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे।

इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका में तत्कालीन पीएम हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

Continue Reading

विदेश

ईरान ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी दिखाई:बैलिस्टिक-क्रूज मिसाइलों के साथ लॉन्चर भी मौजूद, जंग के बाद तीसरी बार जारी किया वीडियो

Published

on

तेहरान, एजेंसी। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इसमें बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ उन्हें लॉन्च करने वाले सिस्टम भी रखे दिखाई दिए।

IRGC से जुड़ी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने मंगलवार को इस मिसाइल सिटी की तस्वीरें जारी कीं। हालांकि यह नहीं बताया गया कि यह ठिकाना कहां है या इसमें कितनी मिसाइलें हैं।

जंग शुरू होने के बाद यह तीसरी बार है, जब ईरान ने अपने अंडरग्राउंड मिसाइल ठिकानों का वीडियो दुनिया को दिखाया है।

ईरान की अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी की तस्वीरें…

अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी के उद्घाटन में ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल माजिद मौसवी शामिल हुए थे।

अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी के उद्घाटन में ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल माजिद मौसवी शामिल हुए थे।

ईरान ने मंगलवार को यह वीडियो शेयर किया। इसमें कई तरह के हथियार अंडरग्राउंड गलियारो में नजर आ रहे हैं।

ईरान ने मंगलवार को यह वीडियो शेयर किया। इसमें कई तरह के हथियार अंडरग्राउंड गलियारो में नजर आ रहे हैं।

अमेरिका को अपनी तैयारी दिखा रहा ईरान

ईरान ने यह वीडियाे ऐसे समय साझा किया है, जब अमेरिका उस पर प्रतिबंध जारी रखे हुए है और उसकी नौसैनिक नाकेबंदी भी कर रहा है।

गल्फ न्यूज के मुताबिक, इस मिसाइल सिटी को दिखाकर ईरान यह संदेश देना चाहता है कि हमलों के बावजूद उसकी सैन्य ताकत बनी हुई है।

जमीन के नीचे मिसाइल बनाने और रखने की व्यवस्था से ईरान अपने हथियारों को हवाई हमलों से बचाना चाहता है। इसके लिए वह सैन्य ठिकानों को अलग-अलग जगहों पर बना रहा है और उन्हें जमीन के नीचे छिपा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान IRGC कमांडर माजिद मौसवी ने चेतावनी भी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान अपने दुश्मनों के ठिकानों पर पूरे इलाके में और उससे बाहर भी हमला कर सकता है।

ईरानी मिसाइलों के साथ चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC कमांडर माजिद मौसवी दिखाई दे रहे हैं।

ईरानी मिसाइलों के साथ चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC कमांडर माजिद मौसवी दिखाई दे रहे हैं।

ईरान के पास अब कितनी मिसाइलें बचीं, यह साफ नहीं

ईरान की सैन्य ताकत में मिसाइलों की अहम भूमिका है। हालांकि, अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद उसके पास कितनी मिसाइलें बची हैं और अंडरग्राउंड ठिकानों में कितनी रखी हैं, इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है।

  • अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने 2022 में ईरान के पास 3000 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें होने का अनुमान लगाया था। लंबे समय तक इसी आंकड़े को उसके मिसाइल भंडार का आधार माना गया।
  • इस साल की शुरुआत में इजराइली सेना ने उसके पास करीब 2500 मिसाइलें होने का अनुमान लगाया था। साथ ही बताया था कि ईरान हर महीने दर्जनों नई मिसाइलें बना रहा है।
  • रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के पास अब लगभग 1000 से 1500 मिसाइलें ही इस्तेमाल करने लायक बची हैं।
ईरान ने पहले से बड़ी संख्या में खैबर शिकन मिसाइलों के बूस्टर बनाए हैं। अब इन बूस्टर का इस्तेमाल फत्ताह-1 हाइपरसोनिक ग्लाइडर को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

ईरान ने पहले से बड़ी संख्या में खैबर शिकन मिसाइलों के बूस्टर बनाए हैं। अब इन बूस्टर का इस्तेमाल फत्ताह-1 हाइपरसोनिक ग्लाइडर को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

ईरान जमीन के नीचे ही मिसाइल बना रहा

IRGC प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने बताया कि ईरान ने मिसाइल और ड्रोन बनाने वाली फैक्ट्रियों को जमीन के ऊपर से हटाकर अंडरग्राउंड ठिकानों में शिफ्ट कर दिया है। इन जगहों को उन्होंने सिर्फ हथियार रखने का ठिकाना नहीं, बल्कि ‘मिसाइल बनाने वाले शहर’ बताया।

मोहेबी के मुताबिक, ईरान के पास हथियार बनाने की अपनी तकनीक है। इससे वह भारी बमबारी के बावजूद मिसाइल और ड्रोन बनाने का काम जारी रख सकता है।

ईरान की IRGC एयरोस्पेस फोर्स मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालती है। जमीन के नीचे फैक्ट्रियां और भंडार बनाने का मकसद उन्हें हवाई हमलों से बचाना और हमले होने के बाद भी मिसाइल बनाने और लॉन्च करने की क्षमता बनाए रखना है।

ईरान के पास 30 अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी

ईरान के पास पूरे देश में फैला भूमिगत मिसाइल ठिकानों का नेटवर्क है। ईरान इंटरनेशनल की पड़ताल के मुताबिक, ऐसे करीब 30 ठिकाने हैं।

ये तेहरान, इस्फहान, तबरीज, करमानशाह और खोर्रमाबाद समेत कई इलाकों में फैले हैं। हालांकि, 11 नवंबर को जारी वीडियो में दिखाए गए ठिकाने की सही जगह का खुलासा नहीं हुआ है।

ईरान ने अपने दक्षिणी इलाकों में भी मिसाइल ठिकानों का नेटवर्क बनाया है। इनका मकसद फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में अपनी सैन्य ताकत बनाए रखना है। इन ठिकानों से सऊदी अरब, बहरीन, कतर, यूएई और ओमान जैसे देशों के साथ समुद्री रास्तों तक मिसाइलों की पहुंच बनाई जा सकती है।

Continue Reading

विदेश

ट्रम्प बोले- ईरान से जंग लगभग खत्म:कतर के PM से मुलाकात के बाद कहा- फिलहाल हमले की जरूरत नहीं, लेकिन सेना तैयार

Published

on

वाशिंगठन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। उन्होंने सोमवार को कहा कि फिलहाल अमेरिका मौजूदा स्थिति बनाए रखेगा। किसी भी बदलाव की स्थिति में अमेरिकी सेना तैयार है।

ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, सैन्य तौर पर ईरान का मामला लगभग खत्म हो चुका है। ईरान की लीडरशिप खत्म कर दी गई है। हालांकि, अमेरिका अब भी यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय के लिए टल जाए।

ट्रम्प ने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाकात के बाद दिया। इस मुलाकात के बाद वे अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और पत्रकारों से बात की।

राष्ट्रपति ने ईरान पर दोबारा हमले की धमकी से पीछे हटने के संकेत भी दिए। उन्होंने रविवार को CNN को फोन पर दिए इंटरव्यू में कहा था कि अगर ईरान के साथ बातचीत में प्रगति होती है और वह एक मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है, तो दोबारा हमले की जरूरत पड़ने की संभावना बहुत कम है।

अमेरिकी सेना ने पिछले हफ्ते दो बार हमले किए

इस बीच अमेरिकी सेना ने पिछले एक हफ्ते में कम से कम दो बार ईरान पर सीमित हमले किए हैं। इनमें ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली को निशाना बनाया गया। इसके अलावा, शनिवार को अमेरिकी सेना ने एक कमर्शियल जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय कर दिया।

अमेरिका का दावा है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगी उसकी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

युद्ध का असर अमेरिकी चुनावों पर भी पड़ा

ट्रम्प ने ईरान के साथ आठ महीने से जारी युद्ध का जिक्र ऐसे समय किया है, जब पिछले हफ्ते हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी ने कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवा दिया।

चुनावों के दौरान अमेरिकी मतदाताओं में युद्ध को लेकर नाराजगी भी एक मुद्दा रही। इस युद्ध के कारण ईंधन की कीमतों में तेजी आई, जिसका असर अमेरिका और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लगभग हर क्षेत्र पर पड़ा।

ईरान बोला- अमेरिका जंग खत्म करे तो 2 दिन में होर्मुज खोल देंगे

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका हर मोर्चे पर जंग खत्म करता है, तो ईरान दो दिन के अंदर होर्मुज स्ट्रेट खोल देगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी। ऐसा नहीं हुआ तो ईरान जवाबी हमला करने के लिए तैयार है।

अराघची ने कहा कि ईरान हर तरह की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपने हथियार मजबूत किए हैं, सेना की कमजोरियां दूर की हैं और नए हथियारों का परीक्षण किया है। उनके मुताबिक, ईरानी सेना पूरी तरह अलर्ट है।

होर्मुज स्ट्रेट समुद्र का एक अहम रास्ता है। यहां से दुनिया के कई देशों तक कच्चा तेल और गैस पहुंचता है। अगर इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही रुकती है, तो दुनियाभर में तेल की सप्लाई कम हो सकती है और कीमतें बढ़ सकती हैं।

अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को परमाणु हथियार बनाने का आरोप लगाते हुए ईरान पर हमले शुरू किए थे। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए और दोनों के बीच जंग शुरू हो गई।

अप्रैल की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सीजफायर हुआ, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चला। जून में फिर से सीजफायर और जंग खत्म करने को लेकर समझौता हुआ, लेकिन अगस्त में यह भी टूट गया और तनाव फिर बढ़ गया।

अब जंग रोकने को लेकर बातचीत चल रही है। इस बातचीत में परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और जंग खत्म करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

Continue Reading

विदेश

बांग्लादेश में बसें फूंकीं, थानों के बाहर बम धमाके:पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में वापसी की तैयारी से बढ़ा तनाव

Published

on

ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। 8 और 9 नवंबर को कई जगह धमाके और आगजनी हुई है।

इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वकीलों ने भारत में उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) के लिए आवेदन किया है। हसीना ने कहा है कि वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी। उनके लौटने से पहले ही देश में राजनीतिक तनाव बढ़ने लगा है।

ढाका में सोमवार को आग लगने के बाद एक बस सड़क पर आगे बढ़ती नजर आई।

ढाका में सोमवार को आग लगने के बाद एक बस सड़क पर आगे बढ़ती नजर आई।

ढाका में रविवार को बस में आग लगने के बाद दमकलकर्मियों ने उस पर काबू पाया।

ढाका में रविवार को बस में आग लगने के बाद दमकलकर्मियों ने उस पर काबू पाया।

एक रात में 15-20 जगह धमाके और आगजनी

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अख्तर हुसैन के मुताबिक, रविवार 8 नवंबर की शाम से देर रात तक राजधानी के करीब 10 इलाकों में 15 से 20 घटनाएं हुईं। इनमें देसी बम फेंकने और गाड़ियों में आग लगाने की घटनाएं शामिल हैं।

ढाका यूनिवर्सिटी में ही देसी बम धमाके की 6 घटनाएं हुईं। धमाके नीलखेत चौराहे, यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट, सीनेट बिल्डिंग के सामने, इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेज के पास, TSC के नजदीक मेट्रो स्टेशन के पास और सुफिया कमाल हॉल के बाहर हुए। पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच देशभर में देसी बम धमाके की 31 और गाड़ियों में आग लगाने की 14 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 2 लोग घायल हुए, जबकि 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस बोली- पैसे देकर लोगों से हमले कराए जा रहे

पुलिस ने इन हमलों के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के लोगों का हाथ होने का शक जताया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है।

अख्तर हुसैन ने बताया कि जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों को पैसे देकर हमले करने के लिए तैयार किया गया था।

अवामी लीग ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने दावा किया कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने और हमलों का आरोप उस पर डालने के लिए ये घटनाएं करवा रहे हैं।

पुलिस ने सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ाई

बांग्लादेश पुलिस ने कहा कि हालात से निपटने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया निगरानी तेज करने के साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों और दूसरी जगहों की सुरक्षा भी कड़ी की गई है।

ढाका यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च के प्रोफेसर मोहम्मद मुजीबुर रहमान ने कहा कि देश में अभी जो राजनीतिक स्थिरता बनी हुई है, उसे बिगड़ने नहीं देना चाहिए। सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे कोई भी राजनीतिक दल मौजूदा अनिश्चितता का फायदा उठाकर देश में हिंसा या टकराव न बढ़ा सके।

2024 में देश छोड़कर भारत आई थीं हसीना

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था।

छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे।

इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका में तत्कालीन पीएम हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677