Connect with us

कोरबा

पटाखा मांगने पर नाबालिग ने की युवक की हत्या:कोरबा में टांगी-डंडे से किया हमला, आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग ने बोधराम बिंझवार की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पटाखा देने से मना करने पर आरोपी ने डंडे और टांगी से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बोधराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

बोधराम गांव की राशन दुकान से पटाखे और राशन का सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के ही एक नाबालिग ने उनसे फोड़ने के लिए पटाखा मांगा। बोधराम ने पटाखा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के बाद नाबालिग ने डंडे और टांगी से बोधराम पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने बांगो थाना पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि घटना 8 नवंबर की है। शुरुआती पूछताछ में पटाखे और शराब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

खड़े ट्रेलर से बाइक टकराई,2 युवकों की मौत:अंधेरा और बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, SECL प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन

Published

on

कोरबा। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में सिरकी मोड़-बतारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर करीब 7 घंटे तक चक्काजाम किया। उन्होंने सड़क पर रोशनी और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की।

हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर हुआ। ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई।

भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम भी घायल हुए। भोलू की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मनमोहन को मामूली चोटें आईं।

सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन पर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और सड़क किनारे भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं।

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ी करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। चक्काजाम के कारण करीब 7 घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका और हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

Continue Reading

कोरबा

जुआ खेलते प्रधान पाठक और सरपंच समेत 13 लोग गिरफ्तार:तैलियामार गांव में पसान पुलिस की दबिश, कैश और 1.83 लाख का सामान जब्त

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम तैलियामार में रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पसान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपए कैश, 2 बाइक, 5 मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि तैलियामार गांव में कुछ लोग रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पसान पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़ लिया। जिसमें प्रधान पाठक और सरपंच भी शामिल है।

कैश, बाइक और मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 32 हजार रुपए नकद और एक लाल गमछा जब्त किया। इसके अलावा 2 बाइक की कीमत करीब 1 लाख रुपए और 5 मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार लोगों में सरपंच भी शामिल

पुलिस की ओर से दी गई सूची में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) के नाम शामिल हैं।

बताया गया है कि पकड़े गए लोगों में गजेन्द्र यादव भी शामिल हैं, जो प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक हैं। सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच हैं।

Continue Reading

कोरबा

SECL अस्पताल बलगी में घुसा 6 फीट का धमना सांप, जितेंद्र सारथी की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू।

Published

on

कोरबा। जिले के बलगी स्थित SECL अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के अंदर लगभग 6 फीट लंबा धमना सांप दिखाई दिया, अचानक सांप को देखकर अस्पताल के कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, इसकी सूचना तत्काल आशीष सिंह के माध्यम से वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी गई।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी ने बिना देर किए अपनी टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास एवं संदीप मानिकपुरी को मौके पर भेजा, टीम ने सूझबूझ और सावधानी के साथ लगभग 6 फीट लंबे धमना सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया,इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वहीं, इसी दौरान बलगी क्षेत्र में आशीष सिंह के घर में भी सांप घुसने की सूचना मिली टीम ने वहां पहुंचकर लगभग 5 फीट लंबे एक अन्य धमना सांप का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे भी प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि धमना सांप सामान्यतः विषहीन होता है और चूहों जैसे जीवों को खाकर पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है,ऐसे सांपों को देखकर घबराने या उन्हें मारने की जरूरत नहीं है घर, अस्पताल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, वन्यजीवों की सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677