Connect with us

देश

HDFC Bank ने ग्राहकों को दिया झटका, महंगा किया लोन, जानिए EMI पर कितना पड़ेगा असर?

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को झटका देते हुए कर्ज की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में 5 से 15 बेसिस पॉइंट तक का इजाफा किया है। नई दरें 7 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। इस बदलाव के बाद उन ग्राहकों के लिए होम लोन, पर्सनल लोन और ऑटो लोन महंगे हो सकते हैं, जिनकी ब्याज दरें MCLR से जुड़ी हुई हैं।

लंबी अवधि के लोन पर ज्यादा बढ़ोतरी

HDFC Bank ने अपनी सभी सात अवधि की MCLR दरों में संशोधन किया है। इसके बाद बैंक की MCLR दरें 7.85 फीसदी से 8.70 फीसदी के दायरे में पहुंच गई हैं। इससे पहले यह सीमा 7.75 फीसदी से 8.55 फीसदी थी।

बैंक ने छह महीने, एक साल, दो साल और तीन साल की अवधि वाले MCLR में 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की है। वहीं, अन्य अवधि की दरों में 5 से 10 बेसिस पॉइंट तक इजाफा किया गया है। गौरतलब है कि 1 बेसिस पॉइंट 0.01 फीसदी के बराबर होता है। इस तरह 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी का मतलब ब्याज दर में 0.15 फीसदी का इजाफा है।

किन ग्राहकों पर पड़ेगा असर?

MCLR बढ़ने का सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है, जिन्होंने बैंक से MCLR आधारित फ्लोटिंग रेट पर होम लोन, पर्सनल लोन या ऑटो लोन लिया है। हालांकि, सभी ग्राहकों की EMI तुरंत बढ़ना जरूरी नहीं है।

ब्याज दर में बदलाव ग्राहक के लोन एग्रीमेंट, लागू स्प्रेड और ब्याज दर रीसेट होने की तारीख पर निर्भर करेगा। जिन ग्राहकों का लोन किसी दूसरे बेंचमार्क, जैसे रेपो रेट से जुड़ा है, उन पर इस बदलाव का सीधा असर नहीं पड़ेगा।

छह महीने वाले MCLR से जुड़े ग्राहकों की बढ़ सकती है EMI

उदाहरण के लिए, अगर किसी ग्राहक का होम लोन छह महीने के MCLR से लिंक्ड है, तो अगली रीसेट तारीख पर नई ब्याज दर लागू हो सकती है। छह महीने के MCLR में 0.15 फीसदी की बढ़ोतरी के कारण ग्राहक की ब्याज दर भी इतनी बढ़ सकती है।

इसके बाद बैंक ग्राहक की मासिक किस्त (EMI) बढ़ा सकता है या लोन चुकाने की अवधि में इजाफा कर सकता है। यह पूरी तरह लोन की शर्तों पर निर्भर करेगा।

इस बदलाव के बाद HDFC Bank के MCLR आधारित लोन लेने वाले ग्राहकों को अपनी ब्याज दर और अगली रीसेट तारीख की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।

Continue Reading

देश

अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश 14% घटकर 32,994 करोड़ रुपए पर

Published

on

मुंबई, एजेंसी। इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश अक्टूबर में करीब 14 प्रतिशत घटकर 32,994 करोड़ रुपए रह गया, जबकि सितंबर में यह 38,306 करोड़ रुपए था। उद्योग संगठन एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। इक्विटी श्रेणी में यह लगातार 60वां महीना है, जब शुद्ध निवेश आया है। 

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया ने कहा कि 31 अक्टूबर तक इक्विटी योजनाओं के तहत कुल प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां 37.14 लाख करोड़ रुपए थीं। बाजार में आई गिरावट निवेश में कमी की मुख्य वजह रही। बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद सितंबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश अगस्त की तुलना में 31 प्रतिशत से अधिक बढ़ा था। 

अक्टूबर में खुदरा निवेशकों की पसंदीदा व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी) के जरिये आने वाली राशि में भी मामूली गिरावट आई। यह सितंबर के 32,490 करोड़ रुपए से घटकर 32,160 करोड़ रुपए रह गई। एसआईपी में योगदान करने वाले खातों की संख्या सितंबर के 10.06 करोड़ से घटकर अक्टूबर में 10 करोड़ रह गई। एम्फी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वेंकट चलसानी ने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव का निवेश प्रवाह पर असर पड़ा हो सकता है लेकिन विदेशी ब्रोकरेज कंपनियों द्वारा भारतीय शेयरों का मूल्यांकन बढ़ाने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जैसे कारक सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजे एवं बैंकों की ओर से ऋण वृद्धि भी भविष्य के लिहाज से सकारात्मक है, क्योंकि ये अर्थव्यवस्था में अंतर्निहित गतिविधियों की मजबूती का संकेत देते हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 34,843 करोड़ रुपए की बिकवाली की थी। इस ओर ध्यान दिलाते हुए चलसानी ने कहा कि ज्यादातर निवेशक भारतीय अर्थव्यवस्था की दीर्घकालिक संभावनाओं में भरोसे के कारण अपनी एसआईपी जारी रखे हुए हैं।

अक्टूबर में सोने और चांदी, दोनों के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में 3,000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आया। एम्फी के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सभी श्रेणियों में कुल 28 नए फंड पेशकश (एनएफओ) आईं, जिनके जरिये 3,829 करोड़ रुपए जुटाए गए।

Continue Reading

देश

दुनिया की चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था दिखाएगी दम, मूडीज ने बढ़ाया ग्रोथ का अनुमान

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। रेटिंग एजेंसी मूडीज ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान बुधवार को 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया। एजेंसी ने कहा कि व्यापक आर्थिक गतिविधियों में तेजी और ऊर्जा आपूर्ति के झटकों को झेलने की भारत की क्षमता को देखते हुए वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाया गया है। 

मूडीज रेटिंग्स ने अपनी ‘वैश्विक व्यापक परिदृश्य 2027-28’ रिपोर्ट में कहा कि निकट अवधि में आर्थिक वृद्धि के समक्ष जोखिम बने हुए हैं। घरेलू खपत बढ़ते और व्यापक होते महंगाई के दबाव के प्रति संवेदनशील बनी हुई है। खुदरा मुद्रास्फीति भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दो से छह प्रतिशत के लक्षित दायरे के ऊपरी स्तर के करीब है। 

रेटिंग एजेंसी ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमी और अल नीनो की मजबूत होती परिस्थितियों से कृषि उत्पादन और ग्रामीण मांग प्रभावित हो सकती है। मूडीज ने कहा, ”मजबूत खपत, निवेश की बेहतर होती स्थिति और मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद से भारतीय अर्थव्यवस्था मध्यम अवधि में करीब सात प्रतिशत की वृद्धि दर बनाए रखने की स्थिति में दिख रही है।” एजेंसी का पिछला अनुमान 6.5 प्रतिशत वृद्धि का था। उसने कहा कि निजी निवेश में लगातार तेजी से विनिर्माण, रोजगार और उत्पादकता को उल्लेखनीय बढ़ावा मिल सकता है, जिससे आर्थिक वृद्धि उसकी आधारभूत अनुमान दर से भी अधिक हो सकती है। 

हालांकि, एजेंसी ने आगाह किया कि आरबीआई की ओर से ब्याज दरें और बढ़ाए जाने की संभावना के बीच सख्त मौद्रिक नीति निजी निवेश में सुधार की प्रक्रिया को धीमा कर सकती है। मूडीज ने कहा कि भारत ने ऊर्जा कीमतों के झटके का सामना पिछले अनुमान से कहीं बेहतर ढंग से किया है। कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने की क्षमता के साथ सरकारी पेट्रोलियम विपणन कंपनियों और कर कटौती के जरिये उपभोक्ताओं को तत्काल मूल्य वृद्धि से बचाने में मदद मिली है। एजेंसी ने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एकीकृत तेल शोधन परिसर स्थित है। 

देश की बड़ी और आधुनिक तेल शोधन क्षमता ने ईंधन आपूर्ति में बाधाओं को सीमित रखने के साथ उसे परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का प्रमुख निर्यातक बनाए रखने में मदद की है। अमेरिका स्थित रेटिंग एजेंसी ने कहा कि पूंजीगत वस्तुओं के मजबूत उत्पादन और आयात, औद्योगिक ऋण वृद्धि में तेजी तथा क्षमता उपयोग में बढ़ोतरी जैसे उच्च आवृत्ति वाले संकेतक बताते हैं कि कई वर्षों तक कंपनियों और बैंकिंग क्षेत्र के बही-खाते सुधारने के बाद भारत निजी पूंजीगत व्यय के नए दौर की शुरुआत के करीब हो सकता है। उसने कहा कि विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के खरीद प्रबंधक सूचकांक (PMI) में विस्तार तथा माल एवं सेवा कर (GST) राजस्व, वाहन बिक्री और वस्तुओं के निर्यात में सालाना आधार पर दहाई अंक वाली वृद्धि के बीच व्यापक आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत बनी हुई हैं।

Continue Reading

देश

सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर नौ महीने के उच्चस्तर पर, निफ्टी 25,250 अंक के पार

Published

on

मुंबई, एजेंसी। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर करीब नौ महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,250 अंक के ऊपर बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कंपनियों के दूसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत चढ़कर 81,879.40 अंक पर बंद हुआ। यह इसका 26 फरवरी के बाद का सबसे ऊंचा बंद स्तर है।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,413.75 अंक यानी 1.74 प्रतिशत चढ़कर 82,520.40 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 अंक पर बंद हुआ। यह भी करीब नौ महीने का उच्चतम स्तर है। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 5.25 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 4.37 प्रतिशत, ट्रेंट में 3.02 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.22 प्रतिशत, आईटीसी में 2.15 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.14 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी ओर, अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 7,212.22 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.58 प्रतिशत बढ़कर 92.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ”घरेलू शेयर बाजार लगातार नौवें नियमित कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौर में दिवाली का मुहूर्त कारोबार शामिल नहीं है, जिसमें बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। कारोबारी सत्र की शुरुआत में मिली बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बावजूद बाजार अपनी तेजी बनाए रखने में सफल रहे।” उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली, कच्चे तेल की कम कीमतें, रुपये की मजबूती और कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार में तेजी को बल मिला है। इन कारकों ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677