Connect with us

छत्तीसगढ़

NMDC प्लांट में ऑपरेटर जिंदा जला:पिघले लोहे की चपेट में आया, साथी कर्मचारी देखते रह गए, मेटल ठंडा होने पर निकाली गई बॉडी

Published

on

जगदलपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित नगरनार NMDC स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान ऑपरेटर गर्म पिघले हुए लोहे (हॉट मेटल) की चपेट में आ गया।

इस दौरान उसके साथी कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन कोई उसे नहीं बचा पाया। चंद सेकंड में ऑपरेटर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगल साय (31) के रूप में हुई है। वह बस्तर के देवड़ा गांव का रहने वाला था। घटना नगरनार थाना क्षेत्र की है।

प्लांट में हुए हादसे में कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत।

प्लांट में हुए हादसे में कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत।

काम करने के दौरान गर्म पिघले हुए लोहे की चपेट में आया कर्मचारी।

काम करने के दौरान गर्म पिघले हुए लोहे की चपेट में आया कर्मचारी।

हादसे के समय अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन उसे बचा नहीं सके।

हादसे के समय अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन उसे बचा नहीं सके।

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में मंगलवार दोपहर लोहे को गलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान ऑपरेटर मंगल साय गर्म पिघले हुए लोहे की चपेट में आ गया। लोहे का तापमान इतना ज्यादा था कि वह बुरी तरह जल गया।

मेटल के थोड़ा ठंडा होने के बाद निकाली गई बॉडी।

मेटल के थोड़ा ठंडा होने के बाद निकाली गई बॉडी।

हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी नहीं

हादसे के बाद प्लांट के दूसरे कर्मचारी भी मौक पर पहुंचे। हालंकि, मेटल के थोड़ा ठंडा होने के बाद जली हुई बॉडी को निकाला गया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ है और ऑपरेटर गर्म मेटल की चपेट में कैसे आया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इस मामले को लेकर NMDC प्रबंधन की तरफ से भी कोई बयान अब तक सामने नहीं आया है। नगरनार थाना प्रभारी विकेश तिवारी ने बताया कि प्लांट में हुए हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आएंगी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

स्मृति-ईरानी ने जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया:धरमजयगढ़ में मंच और सुरक्षा व्यवस्था देखी, 15 नवंबर को आएंगे BJP अध्यक्ष नितिन नबीन

Published

on

रायगढ़, एजेंसी। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे। बुधवार को कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी बुधवार को धरमजयगढ़ पहुंचीं।

स्मृति ईरानी हेलिपैड पर उतरने के बाद सीधे दशहरा मैदान पहुंचीं। यहां जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य कार्यक्रम होना है। उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही मंच, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश भी दिए।

स्मृति ईरानी हेलिकॉप्टर से रायपुर से धरमजयगढ़ पहुंचीं।

स्मृति ईरानी हेलिकॉप्टर से रायपुर से धरमजयगढ़ पहुंचीं।

त्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

त्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा

दशहरा मैदान में भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करने के बाद स्मृति ईरानी बैठक के लिए जनपद सभाकक्ष पहुंचीं। यहां आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

केदार कश्यप और किरण देव सिंह भी मौजूद

इस दौरान मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं।

केदार कश्यप बोले- नितिन नबीन का आना गर्व की बात

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहते हुए नितिन नबीन ने संगठन को मजबूत करने का काम किया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। उनका यहां आना हमारे लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को जनजातीय समुदाय तक पहुंचाना है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रिश्वत लेकर भागा SDO, ACB को कुचलने की कोशिश:इंजीनियर के घर मिले थे 6.30 लाख, 20 साल पुराने केस में पेश किया चालान

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में रिश्वत के 20 साल पुराने मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दो तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया है। मामला साल 2006 का है। आरोप है कि विद्युतीकरण के काम का ले-आउट देने और अटके बिलों का भुगतान कराने के लिए 5 हजार रुपए रिश्वत मांगी गई थी।

ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम लेने वाला तत्कालीन SDO मुजीब मोहम्मद शाह कार से भागने लगा था। ACB टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कार से टीम के सदस्यों को टक्कर मारने का प्रयास किया।

इसमें एक अधिकारी घायल हो गया था। इस मामले में तत्कालीन एक्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश कुमार शर्मा और SDO मुजीब मोहम्मद शाह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत चालान पेश किया गया है।

बिल भुगतान और ले-आउट के लिए मांगी थी रिश्वत

मामला ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग का है। शिकायतकर्ता हेमेश कुमार गांधी को विभाग से आश्रम भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और बालक छात्रावास में विद्युतीकरण का काम मिला था।

इन कामों का ले-आउट देने और अटके बिलों का भुगतान कराने के बदले तत्कालीन एक्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश कुमार शर्मा ने 5 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी।

हेमेश कुमार गांधी ने 8 दिसंबर 2006 को इसकी शिकायत ACB से की थी। शिकायत की जांच के बाद ACB ने 14 दिसंबर 2006 को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।

रिश्वत लेकर कार से भागा था SDO

ट्रैप कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता के कहने पर SDO मुजीब मोहम्मद शाह ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए ले लिए। इसके बाद वह कार से भागने लगा। ACB टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने कार से टीम के सदस्यों को टक्कर मारने का प्रयास किया। इस दौरान एक अधिकारी घायल हो गया।

भागते समय आरोपी ने ग्राम बोलबोला के पास रिश्वत की रकम फेंक दी थी। ACB ने पूरी रकम बरामद कर ली थी। वहीं, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश कुमार शर्मा के सरकारी आवास की तलाशी में 6 लाख 30 हजार 200 रुपए नकद मिले थे। ACB ने यह रकम भी जब्त की थी।

रिकॉर्डिंग और FSL रिपोर्ट को बनाया आधार

जांच के दौरान ACB ने रिश्वत मांगने और लेन-देन से जुड़ी रिकॉर्डिंग, गवाहों के बयान और संबंधित दस्तावेज जुटाए। जब्त रकम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया गया। FSL रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।

जांच में दोनों अधिकारियों के खिलाफ सबूत मिलने के बाद ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7, 13(1)(डी), 13(2) और IPC की धारा 201 और 34 के तहत विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, कोंडागांव में चालान पेश किया है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

भूपेश बोले- पर्ची वाले कथावाचकों से बढ़ रहा अंधविश्वास:कहा- समाज और भगवान को बांट रहे, विरोध करने वालों को दिमागी नक्सली बता रहे

Published

on

रायपुर, एजेंसी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बागेश्वर धाम और प्रदीप मिश्रा समाज को बांटने का काम कर हैं। उन्होंने कहा कि अब भगवान राम और कृष्ण को भी बांटने का काम किया जा रहा है।

पर्ची देखने वाले कथावाचकों से समाज में विकृति आती है। देश में पहले जाति के नाम पर लोगों को बांटने का काम हो रहा था, अब भगवान को भी बांटा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में वैज्ञानिक सोच की जरूरत है और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और SIR को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि देश एक संक्रमण काल से गुजर रहा है। जो लोग सरकार का विरोध करते हैं, उन्हें दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। बघेल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश के लोगों को गाली देने का काम कर रहे हैं। वे रायपुर स्थित अपने निवास पर गोवर्धन तिहार कार्यक्रम में बोल रहे थे।

पूर्व सीएम के निवास पर मनाई गई गोवर्धन पूजा

पूर्व सीएम के निवास पर मनाई गई गोवर्धन पूजा

पूर्व सीएम ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर साधा निशाना

पूर्व सीएम ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर साधा निशाना

बोले- राहुल गांधी संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे

भूपेश बघेल ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वे अन्याय, अत्याचार और प्रजातंत्र को बचाने के लिए लड़ाई छेड़ चुके हैं। संविधान को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सभी की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं।

बघेल ने कहा कि पढ़े-लिखे और समाज की समझ रखने वाले लोगों को भी आगे आकर ऐसी लड़ाई लड़नी चाहिए।

SIR में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने का दावा

पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता अब समझ चुके हैं कि उनके वोट की कीमत क्या है।

प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे पर भी तंज

बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भेष बदलने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि जवानों को संबोधित करते हुए दिमागी नक्सलियों को खत्म करने की बात कही गई।

जबकि सरकार का विरोध करने वालों को भी दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। बघेल ने इसे लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।

धान खरीदी और गिरदावरी में गड़बड़ी का आरोप

प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी बघेल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय आ गया है, लेकिन पटवारी हड़ताल पर हैं।

गिरदावरी में किसानों को परेशानी हो रही है। एक कोटवार ने उनसे कहा कि उसके परिवार की चार एकड़ जमीन का रकबा कट गया है।

बघेल ने दावा किया कि राइस मिलर्स अब तक केवल 25 प्रतिशत चावल ही जमा कर पाए हैं, जबकि 75 प्रतिशत चावल जमा होना बाकी है।

उन्होंने कांग्रेस के सभी विधायकों से इस मुद्दे पर सवाल लगाने की अपील की। उन्होंने 2021-22 और 2022-23 को धान खरीदी के लिहाज से गोल्डन टाइम बताया।

परिवार के साथ की गोवर्धन पूजा

भूपेश बघेल ने अपने रायपुर स्थित निवास पर आयोजित गोवर्धन तिहार के कार्यक्रम में बयान दिया। उन्होंने परिवार के साथ गौवंश की पूजा की।

इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोक कलाकारों ने राउत नाचा की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677