DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सीईओ सोनवानी का सूरजपुर ट्रांसफर:तुरंत रिलीव करने की मांग को लेकर जनपद सदस्य-भाजपा नेता मिले पंचायत मंत्री नेताम से, सौंपा ज्ञापन

कोरबा /पोड़ी -उपरोड़ा। कोरबा जिले की जनपद पंचायत पोड़ी -उपरोड़ा जनपद सदस्य एवं भाजपा नेताओं ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेंद्र कुमार सोनवानी के खिलाफ फिर मोर्चा खोल दिया है। जनपद सदस्य एवं भाजपा नेताओं ने पंचायत मंत्री रामविचार नेताम से मुलाकात की और ज्ञापन सौंप कर मांग की, कि भूपेंद्र सोनवानी को तुरंत कोरबा से रिलीव किया जाए। गायत्व्य हो की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेंद्र कुमार सोनवानी का स्थानांतरण सूरजपुर हो गया है, फिर भी प्रशासन द्वारा उन्हें रिलीव नहीं किया जा रहा है ।

तीन से चार प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप

जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के जनपद सदस्यों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेंद्र कुमार सोनवानी पर सदस्यों से या सरपंच,सचिवों से तीन से चार प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया था और इसकी शिकायत प्रशासन से की थी। प्रशासन से कार्रवाई न होने पर सोनवानी की शिकायत शासन स्तर पर की गई थी और आज जनपद पंचायत पौड़ी-उपरोड़ा अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों एवं क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने पंचायत मंत्री रामविचार से मुलाकात की और जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में सीईओ द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार की शिकायत की। सभी सदस्यों एवं भाजपा नेताओं ने मंत्री से मांग की, कि सोनवानी को तुरंत रिलीव करने प्रशासन को तुरंत निर्देशित करें। सदस्यों ने कहा कि सोनवानी का स्थानांतरण सूरजपुर हो गया है और उन्हें रिलीव करने प्रशासन गंभीर नहीं है। सभी जनपद सदस्यों एवं भाजपा नेताओं ने मंत्री से मांग की, कि सोनवानी को जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा से तुरंत रिलीव किया जाए।

तालाबंदी की थी कुछ दिन पूर्व

कुछ दिन पूर्व जनपद सदस्यों ने जनपद पंचायत पौड़ी-उपरोड़ा में तालाबंदी कर दी थी, जिससे प्रशासन में हलचल तेज हो गई थी और हड़कंप मच गया था। जनपद सदस्यों की इस हड़ताल की गुंज रायपुर तक पहुंची थी और शासन ने सीओ सोनवानी का स्थानांतरण सूरजपुर कर दिया, इसके बावजूद अब तक सीईओ सुनवानी को रिलीव नहीं किया जा सका है, जिससे क्षेत्र के भाजपा नेताओं एवं जनपद सदस्यों में फिर से आक्रोश फैलने लगा है। सदस्यों ने मंत्री रामविचार नेताम से मिलकर ज्ञापन सौंपा और सोनवानी को तुरंत रिलीफ करने प्रशासन को निर्देशित करने की मांग की।

मंत्री नेताम ने दिया आश्वासन

मंत्री राम विचार नेताम से मिलने गए जनपद सदस्यों ने बताया कि मंत्री ने हमारी शिकायत ध्यान से सुनी और समाधान करने का आश्वासन दिया, साथ ही भूपेन सोनवानी को तुरंत रिलीफ करने प्रशासन को निर्देश देने की बात कही।

डडसेना की पुन: पदस्थापना की मांग

जनपद सदस्य एवं भाजपा नेताओं ने रामविचार नेताम से कहा कि पूर्व सीईओ डडसेना की पुनः पदस्थापना पोड़ी- उपरोड़ा जनपद पंचायत में की जाए। सदस्यों एवं भाजपा नेताओं ने पूर्व सीईओ डडसेना की जमकर प्रशंसा की और उन्हें ईमानदार अधिकारी बताया। मंत्री श्री नेताम को सौंपे ज्ञापन में जनपद सदस्यों ने बताया कि पूर्व सीईओ डडसेना जनप्रतिनिधियों की बातों को ध्यान से सुनते हैं और उन्हें हमेशा सकारात्मक जवाब देते हैं, जबकि वर्तमान सीईओ सोनवानी हमेशा जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार करते हैं और सरपंच,सचिव से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे भाजपा के सुशासन में हमारी छवि खराब हो रही है, अतः सोनवानी को तुरंत रिलीव किया जाए और सुनवानी की पुनः पद स्थापना की जाए।

ज्ञापन सौंपने वालो में जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी, सरपंच संघ के अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी, जनपद सदस्य आयुष सिंह, मथुरा पाटले, संतोष सिंह मरावी, जनपद पंचायत क्रमांक-17, क्रमांक-11, क्रमांक -15 के सदस्य,क्रमांक -19 की सदस्य सरस्वती देवी, सदस्य पूजा दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहन सिंह कोराम सहित सभी जनपद सदस्य एवं क्षेत्र के भाजपा नेता शामिल थे।

Exit mobile version