DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

TS सिंहदेव बोले-अंबिकापुर विधानसभा में वोट चोरी की आशंका:कहा- 360 मतदाता डुप्लीकेट, 388 मकानों में 20 से अधिक मतदाताओं का नाम

सरगुजा,एजेंसी। अंबिकापुर विधानसभा की मतदाता सूची में सैकड़ों की संख्या में संदिग्ध वोटर हैं। शहर के 111 मतदान केंद्रों पर 388 ऐसे मकान हैं, जहां 20 या उससे अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं और ऐसे मतदाताओं की संख्या 10662 है। वहीं 360 से अधिक मतदाता डुप्लीकेट हैं। टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर शहर के बीएलए की बैठक में इसका खुलासा करते हुए कहा कि इससे वोट चोरी का अंदेशा है।

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने बताया कि शहर में कुछ ऐसे मकान भी मौजूद हैं, जहां 150 से अधिक मतदाताओं के नाम एक ही मकान नंबर पर पंजीकृत हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि अकेले अंबिकापुर विधानसभा में 630 से अधिक डुप्लीकेट वोटर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सभी बीएलए इसकी पड़ताल करें और स्वच्छ मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करें।

कांग्रेस आयोजित कर रही है संवाद कार्यक्रम

जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा की ओर से नवनियुक्त जोन अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारी और बीएलए के लिए ब्लॉकवार अनुसार संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के जोन अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी और बीएलए की बैठक जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित हुई।

बैठक में उपस्थित अंबिकापुर शहर के कांग्रेस पदाधिकारी

बैठक में उपस्थित अंबिकापुर शहर के कांग्रेस पदाधिकारी

सिंहदेव बोले- वोट चोरी का अंदेशा

कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि हरियाणा चुनाव के बाद से ही पार्टी नेतृत्व को ऐसा लग रहा था कि नतीजे गड़बड़ हैं। महाराष्ट्र चुनाव के एकतरफा नतीजों ने इस धारणा को और पुष्ट किया।

सिंहदेव ने कहा कि 7 अगस्त को पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने उन तथ्यों को सामने रख दिया, जो कि वोट चोरी के ठोस सबूत थे। चुनाव आयोग का व्यवहार भाजपा के अनुषांगिक संगठन की तरह का है। चुनाव आयोग की घोषणा के पहले ही भाजपा आईटी सेल चुनाव तारीखों की घोषणा कर देती है।

चुनावों की घोषणा के पहले आयोग प्रधानमंत्री को उद्घाटन और लोकार्पण के अवसर देता है। चुनाव के चरणों को तय करते समय आयोग इस बात का ध्यान रखता है कि प्रधानमंत्री को प्रचार का अवसर मिले।

सीनाजोरी कर रहा आयोग

उन्होंने कहा कि अब जब मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ी सामने आ रही है। इन गड़बड़ियों की जांच के बजाय आयोग सीनाजोरी कर रहा है। ऐसे में यह धारणा पुष्ट हो रही है कि आयोग भाजपा का अनुषांगिक संगठन है।

मतदाता सूची में हेराफेरी के लिए भाजपा के पास एक बडा तंत्र मौजूद है। उनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। पार्टी के नवनियुक्त BLA को संबोधित करते हुए सिंहदेव ने कहा कि सर्वाधिक जिम्मेदारी आप पर है। आपको भरपूर सतर्कता के साथ काम करना है।

गड़बड़ियों को पकड़ने का काम शुरू

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ में भी मतदाता सूचियों में मौजूद गड़बड़ियों को पकड़ने का काम प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मतदाता सूचियों की जांच के लिए तय बिंदुओं की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द अपना प्रतिवेदन देने का अनुरोध किया। मतदाता सूचियों की विसंगतियों की जांच कर उन्हें शीघ्र ही आमजनता और प्रशासन के समाने प्रस्तुत किया जाएगा।

Exit mobile version