Connect with us

कोरबा

दुबाई, एजेंसी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को याद किया कांग्रेसियों ने

Published

on

कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी जी का 82 वां जन्म दिवस को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम परिसर टी. पी. नगर कोरबा में स्व0 राजीव गांधी जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित समस्त कांग्रेस जनों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डाॅ.चरण दास महंत ने कहा कि स्व. राजीव गांधी जी की आत्मीय सोच थी कि पंचायती राज के माध्यम से गांव के व्यक्ति को अपने मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों का पूर्ण ज्ञान हो और वह उसका ईमानदारी से पालन करें। गांव की पंचायत को खुद निर्णय लेने का अधिकार हो उन्होंने कहा था राष्ट्रवाद, धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी विचारधारा ही हमारे महान देश की अकेली प्रासंगिक विचारधारा है।
सांसद श्रीमती ज्‍योत्‍सना महंत ने भारत रत्न स्व. राजीव गांधी जी को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी का अभूतपूर्व योगदान महिला वर्ग को सत्ता में अधिकाधिक भागीदार बनाने के लिए रहा उन्होंने महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में 33 प्रतिशत की भागीदारी हेतु रूपरेखा पहले से ही बना दी थी। जिसके वर्तमान में सुपरिणाम देखने को मिल रहा था।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्व. राजीव गांधी जी के कारण ही पंचायती राज कायम हुआ है। पूरे देश में उनके द्वारा भ्रमण कर सभी वर्गों से विचार विमर्श कर देश के प्रगति के लिए विकास योजना को नया आयाम दिया गया है। कोरबा जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्राम रंजना में उनका आगमन हुआ था।

पूर्व विधायक श्‍याम लाल कंवर ने कहा कि स्व. राजीव गांधी जी के अंदर उत्कृष्टता का जुनून था। हर क्षेत्र में चाहे छात्र जीवन हो या पायलट या राजनीति सभी में उत्कृष्टता हासिल की। स्व. राजीव गांधी जी की सोच एवं प्रयास पूर्ण रूप से राष्ट्र निर्माण एवं अंतर्राष्ट्रीय क्षितीज में भारत को एक विशिष्ट स्थान दिलाने हेतु केन्द्रित है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्‍यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, प्रदेश पदाधिकारी हरीश परसाई, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, प्रदेश सचिव विकास सिंह, पूर्व सभापति श्‍याम सुंदर साेनी, संतोष राठौर, महिला कांग्रेस अध्‍यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्‍यक्ष सपना चौहान, ब्‍लॉक अध्‍यक्ष पालुराम साहु, राजेन्‍द्र तिवारी, ए डी जोशी, बसंत चंद्रा, अजा प्रकोष्‍ठ के जिला नारायण कुर्रे, सेवादल अध्‍यक्ष प्रदीप पुरायणे, युवा कांग्रेेस अध्‍यक्ष राकेश पंकज, अल्‍पसंख्‍यक प्रकोष्‍ठ जिला अध्‍यक्ष  मो.शाहिद, मंडल अध्‍यक्ष मनीष शर्मा, जवाहर निर्मलकर, रोपा तिर्की, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद रवि चंदेल, बद्री किरण, अविनाश बंजारे, रामगोपाल कुर्रे, जिला उपाध्‍यक्ष राजेन्‍द्र सिंह ठाकुर, दुष्‍यंत शर्मा, एफ डी मानिकपुरी, महेन्‍द्र थवाईत, संतोष यादव, कांग्रेस पदाधिकारी लक्ष्‍मीनारायण विश्‍वकर्मा, रामगोपाल यादव, रतन यादव, गंगाराम भाराद्वाज, अंकित वर्मा, कुंजबिहारी, डी आर नेताम आदि ने स्‍व. राजीव गांधी के जीवनी पर प्रकाश डाला, उन्‍हें याद किया और राजीव जी की प्रतिमा पर पुष्‍प अर्पित कर नमन  किया ।
इस अवसर पर संगीता श्रीवास, ममता अग्रवाल, झल कुंवर, आंगन बाई, रज्‍जाक खान, सुनील निर्मलकर, अनिल कुमार सिंह, अमृता निषाद, धनंजय दिवान, इरफान अलि, नटवर लाल, लक्ष्‍मी बाई, निकिता, शिवभट्ट तुलसी सिंह, गुलशन साहु, कमलेश कुर्रे, कौशल श्रीवास, मुकेश रात्रे सहित अनेकों कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे ।

Continue Reading

कोरबा

डीपीएस बालको: लगातार दूसरे साल भी सीबीएसई क्लस्टर-2 जीता

Published

on

कोरबा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको ने सीबीएसई क्लस्टर-2 एथलेटिक्स मीट 2026 में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब लगातार दूसरे साल जीत लिया। यह मीट केआईटी इंटरनेशनल स्कूल में हुआ, जिसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के 250 से ज्यादा स्कूलों के 1,500 से ज्यादा एथलीट शामिल हुए।

डीपीएस बालको अंडर-14 और अंडर-17 में लड़के और लड़कियों की दोनों कैटेगरी में चैंपियन बना। अंडर-19 में टीम रनर-अप रही। स्कूल ने कुल 21 मेडल जीते इनमें 9 गोल्ड, 7 सिल्वर, 5 ब्रॉन्ज हैं। टीम ने कई मीट रिकॉर्ड भी तोड़े। इनमें अंडर-19 और अंडर-14 गर्ल्स रिले टीमें शामिल रहीं। जान्हवी साहू, अशिता यादव के रिकॉर्ड भी शामिल रहे। इसके बाद स्कूल के 16 एथलीट अक्टूबर में पटियाला में होने वाली सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई हुए।

क्वालिफाई एथलीटों में अशिता यादव, जान्हवी साहू, काजल यादव, गीतांजलि साहू, कृति झा, अस्मी साहू, भूमिका सोनी, अवनी साहू, अनन्या चक्रधारी, अक्षिता ठाकुर, ऐश्वर्या साहू, जीवंशी साहू, पलक ठाकुर, खुशी पासवान, अर्ना साहू, नवरा शामिल हैं। अंडर-14 बॉयज रिले टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम में हार्दिक अग्रवाल, अभिज्ञान चंद्राकर, पार्थ बारेथ, आराध्या सोनी, आदित्य शुक्ला रहे। अंडर-17 बॉयज रिले टीम ने सिल्वर मेडल जीता। टीम में तनिष्क साहू, विकल्प वर्मा, अथर्व अग्रवाल, ऐश्वर्या साहू, शिवेंद्र सिंह, विश्वेश्वर नायक रहे। अंडर-17 गर्ल्स 4×100 मीटर रिले टीम ने सिल्वर मेडल जीता। 4×400 मीटर रिले टीम ने गोल्ड मेडल जीता। ओवरऑल चैंपियनशिप में इन रिले टीमों की भूमिका अहम रही।

Continue Reading

कोरबा

तेज रफ्तार कार ने चार गौवंश को रौंदा,3 मौत:बजरंग दल ने की कार्रवाई की मांग, इधर कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में 4 घायल

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में नशे की हालत में तेज रफ्तार कार चलाने के दौरान चार गौवंश हादसे की चपेट में आ गए। घटना गुरुवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा पॉवर जनरेट ऑफिस के सामने हुई। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठे चार गौवंश को टक्कर मार दी। हादसे में तीन गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस के अनुसार, वाहन क्रमांक CG 12 AT 3731 (टाटा टियागो) का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर बैठे गौवंश कार की चपेट में आ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताने लगे।

सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम

स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बजरंग दल और गौसेवकों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य और गौसेवक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत गौवंश को सड़क से हटवाया और घायल गौवंश को उपचार के लिए भेजा। घायल गौवंश का इलाज गौसेवकों की देखरेख में कराया जा रहा है।

नशे में ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग

बजरंग दल कोरबा ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नशे में वाहन चलाना गंभीर अपराध है। संगठन ने मांग की है कि जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि होने पर इसे सामान्य सड़क हादसा न माना जाए।

संगठन ने चालक का ब्रेथ एनालाइजर और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही रिपोर्ट के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना) और धारा 184 (तेज एवं खतरनाक ड्राइविंग) के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कुछ दिन पहले भी सात मवेशियों की हुई थी मौत

कुछ दिन पहले दर्री थाना क्षेत्र में भी भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हुए थे। घटना के विरोध में लोगों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। लगातार हो रहे सड़क हादसों में मवेशियों की मौत को लेकर अब जिले में सवाल उठने लगे हैं।

तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा में भिड़ंत

कोरबा के बुधवारी बायपास पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन-चार महिलाओं, एक बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

हादसे में एक युवती के पैर में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी।

नाबालिग चला रहा था ई-रिक्शा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। ई-रिक्शा एक नाबालिग चला रहा था, जिसे इस मार्ग पर अक्सर वाहन चलाते देखा जाता है। पुलिस अब नाबालिग के वाहन चलाने समेत हादसे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

लाठी-डंडे लेकर पहुंचे 15-20 युवक

हादसे के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। ई-रिक्शा चालक के करीब 15 से 20 साथी लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ती देख सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों से डंडे जब्त किए और उन्हें फटकार लगाकर भीड़ को मौके से हटाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया गया।

कार पर पुलिस का मोनो होने का दावा

हादसे में शामिल कार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार पर पुलिस का मोनो लगा था और चालक खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था। कार चालक के शराब के नशे में होने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नशे की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।

दोनों वाहन जब्त, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिविल लाइन पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे की वजह, दोनों वाहनों की गति, नाबालिग द्वारा ई-रिक्शा चलाने और कार चालक की पहचान समेत सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

नाबालिगों को वाहन न देने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नाबालिगों को वाहन चलाने न दें और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

हाथियों का आतंक जारी, दंतैल ने तोड़ी घर की दीवार:परिवार ने भागकर बचाई जान, मंत्री के दावे के बाद फिर हुआ हाथी का हमला

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र स्थित तरईनार गांव में शुक्रवार सुबह एक दंतैल हाथी घुस गया। खाने की तलाश में गांव पहुंचे हाथी ने तरईनार के प्रकाश नायक के घर की दीवार तोड़ दी।

अचानक हाथी के घर के पास पहुंचने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन जान बचाकर दूसरे कमरे में भाग गए। हालांकि, इस घटना में किसी की जान नहीं गई।

यह घटना उस वक्त हुई जब दो दिन पहले कोरबा पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप ने दावा किया था कि ‘गज संकेत ऐप’ और अन्य नवाचारों से इस संघर्ष में कमी आ रही है और मृत्यु दर भी घटी है।

इस दौरान मंत्री ने दो दिनों तक कोरबा जिले में वन विभाग की तैयारियों और मानव-हाथी द्वंद्व पर अधिकारियों से चर्चा की थी। शुक्रवार सुबह उनके जांजगीर रवाना होने के बाद ही तरईनार गांव में हाथी के हमले की यह घटना सामने आ गई।

ग्रामीणों में डर का माहौल

इधर, हाथी के गांव में घुसने के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पसान इलाके में हाथियों की आवाजाही अब आम हो गई है। पिछले कई महीनों से हाथियों का दल गांवों के आसपास घूम रहा है।

हाथी कभी रात में घरों में घुसकर तोड़फोड़ करते हैं तो कभी खेतों में पहुंचकर धान और दूसरी फसलों को खाकर या रौंदकर नुकसान पहुंचाते हैं। इससे किसानों को काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि हाथी अचानक बस्ती के पास पहुंच जाते हैं। इससे लोगों को हर समय अपनी और परिवार की सुरक्षा की चिंता रहती है। रात में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई ग्रामीण लाठी और टॉर्च लेकर रात में पहरा देने को मजबूर हैं।

वन विभाग की हाथी गश्ती टीम लगातार ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रही है। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है, ताकि ग्रामीण सावधानी बरत सकें।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677