नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली के सत्य निकेतन में PG बिल्डिंग गिरने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अवैध निर्माण के खिलाफ एक्शन के निर्देश दिए हैं। सीएम ने MCD को अवैध PG हॉस्टलों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहेंगे।
वहीं, दिल्ली नगर निगम (MCD) ने PG बिल्डिंग के पास की इमारतों को गिराना शुरू कर दिया है। इन इमारतों में गर्ल्स PG था। लड़कियां PG खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट हो रही हैं। मंगलवार तक 24 संपत्तियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई और 7 अवैध ढांचों को सील किया जा चुका था।
सत्य निकेतन में 6 सितंबर को पांच मंजिला PG बिल्डिंग गिरने से 7 लोगों की मौत हुई थी। मामले में बुधवार तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सत्य निकेतन के पास की बिल्डिंग पर कार्रवाई की तस्वीरें…
6 सितंबर को गिरी बिल्डिंग के पास वाली इमारतों को तोड़ा जा रहा है।
अवैध निर्माण और जर्जर इमारतों को तोड़ा गया।
इलाके में कई गर्ल्स PG हैं। इनमें रह रहीं स्टूडेंट्स PG खाली करके जा रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में PG मालिक, संचालक और लेबर कॉन्ट्रैक्टर
दिल्ली पुलिस ने PG हादसे में बुधवार को सुधांशु नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। वह बिल्डिंग में हॉस्टल डेज नाम से PG चला रहा था। उसका पार्टनर शुभम त्यागी फरार है। दोनों ने अगस्त 2025 में बिल्डिंग लीज पर ली थी।
इससे पहले बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटे महेश और लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को गिरफ्तार किया जा चुका है। सोमवार रात हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।
आरोपी महेश, PG ऑपरेटर सुधांशु और लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जस्टिस भव्य खराल ने हरिराम और उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि महेश को 2 दिन की पुलिस हिरासत मिली। पुलिस रिमांड के दौरान महेश ने बताया कि PG चलाने वाली कंपनी की शिकायत पर बेसमेंट में जमा पानी और सीलन की दिक्कत दूर करने के लिए मरम्मत कराई जा रही थी।
बेसमेंट से पानी निकालने के बाद निर्माण कार्य के दौरान पावर ट्रोवेल मशीन भी चलाई जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि मशीन से पैदा हुई कंपन और पहले से कमजोर संरचना के कारण बिल्डिंग भरभराकर गिर गई।
हरिराम बंसल एयरफोर्स के रिटायर्ड सार्जेंट हैं।
ठेकेदार बोला- 10 दिन पहले रेनोवेशन के लिए लगाया था
पूछताछ में ठेकेदार सनोज ने बताया कि महेश गुप्ता ने उसे 10 दिन पहले रेनोवेशन के लिए लगाया था। उसे 2800 रुपये रोज मिलते थे। काम बेसमेंट को ग्राउंड फ्लोर के बराबर लेवल करने का था, जिसके लिए बेसमेंट में करीब 3 ट्रक मलबा भरा गया था।
ग्राउंड फ्लोर पर दुकान की जगह में एक दीवार रुकावट बन रही थी। हादसे वाले दिन जगह बनाने के लिए उस दीवार को हटा दिया गया। दीवार हटते ही कमजोर इमारत लोड नहीं झेल पाई और ढह गई।
गर्ल्स PG की दीवारों में दरारें, छात्राओं ने बनाया वीडियो
हॉस्टल डेज के पड़ोस में बने कनक लता गर्ल्स PG को भी आज गिराया जा रहा है। यह वही गर्ल्स हॉस्टल है, जिसमें रहने वाली छात्राओं ने अपने कमरों की दीवारों और छत में आई दरारों का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
यहां रहने वाली दिल्ली यूनिवर्सिटी की सेकेंड ईयर की छात्राओं अर्निका और मानसी ने हॉस्टल डेज की बिल्डिंग गिरने से कुछ मिनट पहले अपने कमरे का वीडियो बनाया था। वीडियो में दीवारों और छत पर दरारें दिखाई दे रही हैं। 20 साल की अर्निका वीडियो में कहती हैं, “लगता है गिरने वाली है।”
कनक लता गर्ल्स PG में रहने वाली लड़कियों का बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था।
मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, 10 सितंबर को सुनवाई
सत्य निकेतन PG हादसा मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने संकेत दिया कि वे इस मुद्दे को केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि देशभर में जर्जर और अवैध इमारतों की स्थिति की समीक्षा करेंगे। अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी।
यह मुद्दा तब उठा, जब सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त एमिकस क्यूरे सीनियर एडवोकेट अजीत सिन्हा ने 6 सितंबर को हुई सत्य निकेतन दुर्घटना का उल्लेख किया। सिन्हा अवैध और असुरक्षित भवनों से जुड़े एक पुराने मामले में अदालत की सहायता कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट पहले भी देशभर में अवैध इमारतों के खिलाफ दिशा-निर्देश जारी कर चुका है और अब उनके पालन की स्थिति की समीक्षा करना चाहता है। अदालत की टिप्पणी को भवन सुरक्षा के मुद्दे पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सत्य निकेतन से PG खाली कर रहे स्टूडेंट्स
सत्य निकेतन इलाका 1965-70 के बीच झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए बसाया गया था। 1970 के दशक में साउथ कैंपस शुरू होने के बाद यहां छात्रों की संख्या बढ़ी।
सत्य निकेतन में करीब 300 मकान हैं। इनमें लगभग 170 मकानों में PG चल रहे हैं। कई मूल आवंटी अपने मकान बेच चुके हैं।
अर्बन प्लानिंग एक्सपर्ट जगदीश ममगैन के मुताबिक, दिल्ली की कई पुरानी इमारतें अतिरिक्त मंजिलों का भार सहने लायक नहीं हैं। करीब 75 लाख घरों में सिर्फ 1.75 लाख के पास स्वीकृत बिल्डिंग लेआउट प्लान है।
MCD के साउथ जोन के 5 अधिकारी सस्पेंड
सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD ने साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार को सोमवार को सस्पेंड कर दिया। उनके साथ चार इंजीनियरिंग अधिकारियों को भी विभागीय कार्रवाई पूरी होने तक सस्पेंड किया गया है।
इसके बाद IAS अधिकारी शाश्वत सौरभ को MCD के साउथ जोन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 2016 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी सौरभ अभी साउथ वेस्ट जोन के डिप्टी कमिश्नर हैं।
सुल्तानपुर, एजेंसी। तारीख- 8 मई 2018, राहुल गांधी ने बेंगलुरु में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान अमित शाह का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा ईमानदार राजनीति की बात करती है, जबकि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष हत्या के एक मामले में आरोपी रहे हैं।
उनके 10 सेकेंड में दिए इस बयान की आंच 8 साल तक दिखी। अगस्त 2018 में यूपी के सुल्तानपुर में दर्ज हुए केस का फैसला 26 अक्टूबर 2026 को आया है। कोर्ट ने राहुल को बरी कर दिया है और उनके बयान को अपमानजनक नहीं माना है।
इस मामले में राहुल को दो बार बयान दर्ज कराने, एक बार पेश होने और आज फैसले के दिन सुल्तानपुर कोर्ट जाना पड़ा। राहुल आज सुबह 11:16 बजे कोर्ट में पेश हुए और 11:32 बजे फैसला आ गया, यानी महज 16 मिनट में। उनके वकील ने राहुल को बरी किए जाने की 3 वजहें बताईं…
पहली- राहुल ने पूरे बयान की जो सीडी कोर्ट में दाखिल की थी, उसे मजबूत सबूत माना। राहुल ने कहा था कि उनका मकसद किसी की मानहानि करना नहीं था।
दूसरी- मानहानि का केस करने वाले विजय मिश्रा को कोर्ट ने पीड़ित व्यक्ति नहीं माना। यानी, राहुल ने शाह पर जो बयान दिया उससे विजय मिश्रा का कोई सीधा मतलब नहीं था।
तीसरी- कोर्ट ने विजय मिश्रा के आरोपों को मानहानि की श्रेणी में नहीं रखा।
कोर्ट ने भाजपा नेता से कहा- झूठी वाहवाही के लिए केस किया
जज ने भाजपा नेता को फटकार भी लगाई। जज ने कहा- झूठी वाहवाही पाने के लिए इस तरह के मुकदमे दायर नहीं करने चाहिए। ऐसे मामलों से अदालत का कीमती समय बर्बाद होता है। मामले दायर करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। बिना ठोस आधार के मुकदमा नहीं करना चाहिए।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) शुभम वर्मा की कोर्ट में राहुल की तरफ से वरिष्ठ वकील आरएस चीमा और काशी शुक्ला ने दलीलें दीं। जबकि, भाजपा नेता की तरफ से संतोष कुमार पांडे ने पैरवी की।
मोदी सरनेम मामले में हुई थी सजा
2019 में कर्नाटक के कोलार में चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने ‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों है’ टिप्पणी की थी। इस बयान को लेकर दर्ज मानहानि मामले में गुजरात की अदालत ने 2023 में उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी।
उस समय राहुल गांधी वायनाड से सांसद थे। सजा के बाद उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी। हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगा दी, जिससे उनकी संसद सदस्यता बहाल हो सकी।
नई दिल्ली, एजेंसी। चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक तूफान का रूप ले सकता है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान 140 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आंध्र प्रदेश में करीब 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है। तटीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में अलर्ट है।
ओडिशा में 60 रेस्क्यू टीमें तैनात होंगी। छह जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। इस तूफान के असर से MP-UP समेत 10 राज्यों में बारिश की भी संभावना है।
वहीं, तमिलनाडु में पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। अरनी के भास्कर नगर में पानी भर गया है। लोग अपने घरों में फंस गए हैं। कोडाइकनाल में पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
नई दिल्ली में खराब हवा के चलते सुबह धुंध होने लगी है। इस बीच कर्तव्य पथ के पास लोग जॉगिंग करते दिखे।
गुरुग्राम में भी धुंध नजर आई। यहां भी हवा की गुणवत्ता खराब होती जा रही है।
राजस्थान के अजमेर में सुबह-सुबह धुंध की परत छाई रही।
डोडा के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद, बर्फ से ढंकी पर्वत श्रृंखला, रविवार को यहां बर्फबारी हुई।
तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी के बीच टूरिस्ट को हिल स्टेशन कोडइकनाल जाने से रोक दिया गया है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
27 अक्टूबर
आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट है।
छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरलम, कर्नाटक और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है।
28 अक्टूबर
आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में बारिश का यलो अलर्ट है।
राज्यों से मौसम की खबर
मध्य प्रदेश: 17 जिलों में बारिश का अलर्ट, रात में बढ़ी ठंडक
मध्य प्रदेश में मंगलवार से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि छतरपुर, कटनी, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और सिवनी में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की चेतावनी से पहले प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
राजस्थान: तीन दिन मौसम साफ रहेगा, 29 अक्टूबर से आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में 29 अक्टूबर से नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आंधी-बारिश की चेतावनी है। इससे पहले प्रदेश में तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में रातें ठंडी होने लगी हैं। रविवार रात सीकर के फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, 29 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में केदारनाथ, तुंगनाथ समेत रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 से 28 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलने की संभावना है। इसके बाद 29 से 31 अक्टूबर के बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
पंजाब-चंडीगढ़: आज मौसम साफ, 28 अक्टूबर को बारिश के आसार
पंजाब और चंडीगढ़ में 26 अक्टूबर को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप से मौसम सामान्य बना हुआ है। पंजाब में औसत अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री गिरा है। बठिंडा में सबसे अधिक 32.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 28 अक्टूबर को बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश: 29 अक्टूबर तक धूप, 30-31 को बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। 29 अक्टूबर तक ज्यादातर इलाकों में धूप खिलेगी, जिससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 30 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इसके असर से 30 और 31 अक्टूबर को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है।
बिहार: बदल सकता मौसम, 1 नवंबर तक बारिश के आसार
बिहार में सोमवार को सभी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन रात से कई इलाकों में मौसम बदल सकता है। पटना, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और जहानाबाद समेत दक्षिण बिहार के जिलों में तेज हवा चलने और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हरियाणा: हल्की ठंड की शुरुआत, 29 अक्टूबर को बारिश-आंधी का अलर्ट
हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 28 और 29 अक्टूबर को मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर के लिए 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़: 28-29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, बस्तर में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
छत्तीसगढ़ में सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर दिख सकता है। 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। बस्तर संभाग में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
1999 के सुपर साइक्लोन से ओडिशा ने सीखे सबक
ओडिशा में जोरदार चक्रवात आने के बावजूद समय के साथ जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिली है। इसकी बड़ी वजह 1999 के सुपर साइक्लोन के बाद आपदा प्रबंधन की रणनीति में किए गए बदलाव हैं। राज्य ने चक्रवात की पहले से चेतावनी देने, तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और आश्रय स्थल तैयार करने पर जोर दिया। 2013 में चक्रवात फेलिन के दौरान करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया था।
नई दिल्ली, एजेंसी। राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली को टालने से इनकार कर दिया। राहुल ने सोमवार को X पर लिखा कि दिल्ली के हर व्यापारी से हम प्यार करते हैं, उनकी बात सुन रहे हैं।
मोदी जी से कहिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटा दें। 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।
दिल्ली के कश्मीरी गेट पर सोमवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली को दिवाली के बाद कराने की मांग की।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सभी दलों को पत्र लिखा जाएगा। संगठन ने दिवाली फेस्टिवल सीजन में 10 हजार करोड़ रुपए के व्यापारिक नुकसान की चेतावनी दी है।
राहुल ने चलो दिल्ली का पोस्टर भी शेयर किया
खड़गे बोले- रैली में सब लोग शामिल हों
खड़गे ने X पर लिखा- यह त्योहार का मौसम है, लेकिन इस समय आप कमरतोड़ महंगाई से जूझ रहे है। सरकार को इसकी बिल्कुल भी चिंता नहीं, क्योंकि वह सिर्फ वोट चोरी करना जानते है।
इसी सिलसिले में 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में “वोट बचाओ, देश बचाओ” महा रैली होगी। आप से अपील है कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए, इस रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले और इस मुहिम को सफल बनाए।
व्यापारी संगठन बोले- कारोबार पर असर पड़ेगा
1 नवंबर की रैली से थोक बाजारों पर गंभीर असर पड़ सकता है। कारोबार पर भारी असर पड़ेगा, क्योंकि रिपोर्टों के मुताबिक रामलीला मैदान में 10 लाख लोग जुट सकते हैं, जबकि इसकी वास्तविक क्षमता करीब 50 हजार है।
रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले 20 से ज्यादा प्रमुख थोक बाजारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। इनमें चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, नया बाजार, चावड़ी बाजार, दरियागंज और कश्मीरी गेट शामिल हैं।
बैरिकेडिंग और सड़कें बंद होने से दिल्ली के बाहर से रोजाना आने वाले 3 से 4 लाख खरीदार बाजारों तक नहीं पहुंच पाएंगे। ट्रैफिक और आवाजाही पर प्रतिबंध की आशंका से स्थानीय ग्राहक भी इन बाजारों में आने से बच सकते हैं।
पिछले दिवाली सीजन लगभग रू.75,000 करोड़ बिक्री हुई
रामलीला मैदान के 5 किमी के दायरे में चांदनी चौक और कनॉट प्लेस समेत 8 बड़े बाजार हैं। व्यापारी संगठन CAIT के मुताबिक, 2025 में इन बाजारों में दिवाली पर त्योहारी बिक्री 75,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गई थी।
INDIA ब्लॉक के नेताओं ने SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 6 से 13 अक्टूबर के बीच 8 बार प्रदर्शन किए।
कॉकरोच जनता पार्टी और लेफ्ट ने भी 10 अक्टूबर को इसी मुद्दे पर प्रदर्शन बुलाया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। इस दौरान शहर में बैरिकेडिंग की गई थी, 45 मेट्रो स्टेशन बंद रहे और 7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।