ओस्लो, एजेंसी। नॉर्वे की नोबेल समिति ने 2026 का शांति पुरस्कार भारतवंशी नवनीतम नवी पिल्लै को देने का ऐलान किया है। दक्षिण अफ्रीका में जन्मीं पिल्लै ने रंगभेद के खिलाफ लड़ने वाले नेल्सन मंडेला समेत कई लोगों की मदद की थी।
पिल्लै को युद्ध अपराध और नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाने और अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत करने के प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया है।
नोबेल समिति ने कहा कि दुनिया में युद्ध और संघर्ष बढ़ रहे हैं। ऐसे में शांति बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना और उसे मजबूत करना बेहद जरूरी है।
पिल्लै नोबेल पुरस्कार हासिल करने वाली छठवीं भारतीय हैं। उन्हें दिसंबर में स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में सम्मानित किया जाएगा।
नोबेल पुरस्कार मिलने के बाद पिल्लै का रिएक्शन…
नोबेल प्राइज मिलने के बाद पिल्लै ने कहा-
हम नूर्नबर्ग की अदालत में हैं। मुझे नहीं लगता कि उनके नोबेल पुरस्कार के लिए इससे ज्यादा मजबूत प्रतीक कोई और हो सकता है।
नूर्नबर्ग की अदालत जर्मनी के नूर्नबर्ग शहर में हुई उन ऐतिहासिक सुनवाइयों से जुड़ी है, जिनमें दूसरे विश्व युद्ध के बाद नाजी जर्मनी के बड़े नेताओं पर युद्ध अपराधों के मुकदमे चलाए गए थे।
1945-46 में यहां अंतरराष्ट्रीय सैन्य न्यायाधिकरण ने नाजी नेताओं पर युद्ध छेड़ने, युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए मुकदमा चलाया था।
नोबेल समिति के चीफ ने कहा- नॉर्वे से फोन आए तो उठा लीजिएगा
आम तौर पर नोबेल पुरस्कार समिति घोषणा से पहले विजेता को फोन पर सूचना दे देती है। लेकिन इस बार नोबेल समिति की पिल्लै से बात नहीं हो पाई थी।
पुरस्कार के ऐलान के बाद समिति के अध्यक्ष योर्गेन वाट्ने फ्राइडनेस ने कहा,
नॉर्वे का अंतरराष्ट्रीय फोन कोड +47 है। मैं उनसे यही कहूंगा कि अगर नॉर्वे के नंबर से फोन आए, तो कृपया उठा लीजिएगा।
फ्राइडनेस ने कहा कि इस साल के पुरस्कार के जरिए समिति दुनिया को याद दिलाना चाहती है कि देश हो या दुनिया कानून का पालन करना जरूरी है। इसी से व्यवस्था चलती है और विवादों को बिना हिंसा के सुलझाया जा सकता है।
पिल्लै अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय में भी जज रहीं। 2008 से 2014 तक उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार उच्चायुक्त के रूप में काम किया।
दादा मजदूर बनकर दक्षिण अफ्रीका गए
नवनीतम नवी पिल्लै का जन्म 23 सितंबर 1941 को दक्षिण अफ्रीका के डरबन में हुआ था। उनका परिवार भारतीय तमिल मूल का है। उनके दादा 1890 के दशक में भारत से बंधुआ मजदूर बनकर दक्षिण अफ्रीका गए थे। वहां वे गन्ने के खेतों में काम करते थे।
एक हादसे में उनके दोनों हाथ चले गए। परिवार की आर्थिक हालत खराब होने के कारण उनके बेटे नारायणसामी नायडू को महज 8 साल की उम्र में स्कूल छोड़कर काम करना पड़ा।
किसी भी फर्म ने नौकरी नहीं दी तो खुद की फर्म खोली
नारायणसामी बस चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। उनकी पत्नी संथमा घर संभालती थीं। इसी दौरान 1941 में नवी पिल्लै का जन्म हुआ। वह आठ बच्चों वाले परिवार में पांचवें नंबर पर थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन मुश्किलों के बावजूद उनके माता-पिता ने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने की कोशिश की।
पिल्लै ने दक्षिण अफ्रीका की यूनिवर्सिटी ऑफ नेटाल से 1963 में ग्रेजुएशन और 1965 में कानून की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका की हार्वर्ड लॉ स्कूल से 1982 में मास्टर और 1988 में कानून में डॉक्टरेट की डिग्री ली।
1967 में पिल्लै ने नेटाल प्रांत में अपनी लॉ फर्म शुरू की। रंगभेद के दौर में नस्ल के कारण कोई भी लॉ फर्म उन्हें नौकरी देने को तैयार नहीं थी। ऐसे में उन्होंने अपना दफ्तर खोलकर वकालत शुरू की। वह नेटाल प्रांत में अपनी लॉ फर्म खोलने वाली पहली महिला बनीं।
रंगभेद के खिलाफ लड़ी लड़ाई, नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाई
1973 में पिल्लै ने याचिका दायर कर रॉबेन आइलैंड जेल में बंद राजनीतिक कैदियों को वकीलों की मदद लेने का अधिकार दिलाया। इनमें नेल्सन मंडेला भी शामिल थे। हालांकि कैदी के तौर पर उनकी मंडेला से कभी मुलाकात नहीं हुई।
1995 में जब मंडेला राष्ट्रपति बने तो उन्होंने नवी पिल्लै को दक्षिण अफ्रीका के हाई कोर्ट में जज नियुक्त करने की सिफारिश की थी। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली गैर-श्वेत महिला थीं।
1994 में रवांडा में बड़े पैमाने पर नरसंहार हुआ था। इसमें तुत्सी समुदाय के लोगों की बड़े पैमाने पर हत्या की गई। पिल्लै के करियर का सबसे अहम पड़ाव रवांडा में नरसंहार से जुड़े मामलों की सुनवाई रहा।
1995 में संयुक्त राष्ट्र ने रवांडा नरसंहार के अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरण बनाया। पिल्लै इस न्यायाधिकरण में न्यायाधीश नियुक्त हुईं।
पिल्लै ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरण में 1999 से 2003 तक अध्यक्ष के रूप में काम किया।
पिल्लै के 2 ऐतिहासिक फैसले जिनकी दुनियाभर में चर्चा हुई
1. बलात्कार को नरसंहार का हिस्सा माना
1998 में रवांडा के ताबा शहर के मेयर जीन-पॉल अकायेसू को तुत्सी समुदाय के लोगों के खिलाफ हिंसा में भूमिका के लिए नरसंहार का दोषी ठहराया। पिल्लै उन तीन जजों में शामिल थीं, जिन्होंने इस फैसले पर हस्ताक्षर किए।
इस फैसले में यह भी कहा गया कि अगर किसी समुदाय को पूरी तरह या उसके एक हिस्से को खत्म करने के इरादे से बलात्कार और यौन हिंसा की जाती है, तो उसे नरसंहार का अपराध माना जा सकता है।
यह फैसला इसलिए अहम था, क्योंकि युद्ध के दौरान महिलाओं के साथ होने वाली यौन हिंसा को अक्सर गंभीर अपराधों के मुकदमों में नजरअंदाज कर दिया जाता था।
फैसले के बाद पिल्लै ने कहा था,
बहुत लंबे समय से बलात्कार को युद्ध में जीत के इनाम की तरह देखा जाता रहा है। अब इसे युद्ध अपराध माना जाएगा क्योंकि बलात्कार युद्ध की ट्रॉफी नहीं है।
1994 में रवांडा में हुए नरसंहार में करीब 8 लाख लोग मारे गए थे। यह नरसंहार लगभग 100 दिनों तक चला था। इसमें मुख्य रूप से तुत्सी समुदाय के लोगों की हत्या की गई थी।
2. मीडिया केस में नफरत फैलाने वालों को सजा
2003 में न्यायाधिकरण ने रवांडा नरसंहार के दौरान नफरत फैलाने और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने के मामले में मीडिया से जुड़े तीन लोगों को दोषी ठहराया। इनमें रेडियो स्टेशन के संस्थापकों में शामिल फर्डिनेंड नाहिमाना, रेडियो स्टेशन की शुरुआती समिति के सदस्य जीन-बोस्को बारायाग्विजा और अखबार ‘कांगुरा’ के संपादक हसन नगेजे शामिल थे।
इन तीनों को नरसंहार, नरसंहार के लिए उकसाने और मानवता के खिलाफ अपराधों समेत कई आरोपों में दोषी पाया। नाहिमाना और नगेजे को उम्रकैद की सजा सुनाई गई, जबकि बारायाग्विजा को 35 साल जेल की सजा मिली।
पहली बार इस फैसले ने यह साफ किया कि मीडिया के जरिए नरसंहार के लिए लोगों को भड़काने वालों को भी उनके काम के लिए सजा दी जा सकती है।
नई दिल्ली, एजेंसी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी खत्म करने और इससे बाहर निकले लोगों को वापस गरीबी में जाने से रोकने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी है। वित्त मंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदमों, स्पष्ट नतीजों और जरूरत के हिसाब से तैयार योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है।
सीतारमण ने लिंक्डइन पर पोस्ट किया, ”गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी नहीं है। एक सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या स्वास्थ्य सेवाओं के बिना कोई भी परिवार आय बढ़ने के बाद भी असुरक्षित बना रहता है। एक बीमारी सारी बचत खत्म कर सकती है और परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है।” उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर इन जोखिमों के खिलाफ कवच का काम कर रही हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे। साथ ही इनसे घरेलू खर्च में कमी आ रही है और समय भी बच रहा है। सीतारमण ने कहा, ”अगला चरण इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए उन कुछ लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का है जो अब भी सबसे निचले पायदान पर हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग पहले ही ऊपर उठ चुके हैं, वे आगे बढ़ते रहें और कभी पीछे न फिसलें। विभिन्न उपायों के जरिये दी गई सुरक्षा के साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक और भी व्यापक पहुंच की जरूरत है।” ‘विकसित भारत’ के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिये शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बना रही है, जबकि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश देश को जोड़ रहा है। अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह सकते।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिवारों को वापस गरीबी में जाने से रोकती है लेकिन और आगे बढ़ने के लिए उन्हें कमाई के अवसरों की जरूरत होती है। वित्त मंत्री ने कहा, ”सरकार ने मुद्रा (60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं) जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय अवसर पैदा किए हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहारा दे रही हैं।” सीतारमण ने लिखा कि भारत में अस्थायी राहत से आगे बढ़कर गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक बुनियादी बदलाव देखा गया है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर के अभावों को दूर करने का कठिन रास्ता चुना और यह सुनिश्चित किया कि विकास उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।
नई दिल्ली, एजेंसी। शादी-ब्याह के सीजन में सोने की मांग बढ़ने के बीच सर्राफा बाजार में मिलावट की खबरों ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर मिलाए जाने की आशंकाओं से इसकी शुद्धता पर सवाल उठने लगे हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ गहने खरीदने वाले लोगों का भरोसा डगमगाया है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि ग्राहक अब सोना खरीदने से पहले उसकी शुद्धता को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं। इसका असर खुदरा बाजार की खरीदारी पर भी दिखाई देने लगा है और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है।
कैसे हो रही है सोने में मिलावट?
अब तक सोने में मिलावट के लिए तांबा और चांदी जैसी धातुओं का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन अब रेनियम पाउडर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है।
आरोप है कि सोना पिघलाते समय इसमें रेनियम मिलाने से गहने का आकार बदले बिना उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। इससे कम शुद्धता वाले सोने को ज्यादा कैरेट का बताकर बेचने का खतरा पैदा हो गया है।
XRF मशीन भी नहीं पकड़ पा रही मिलावट?
इस मामले में सबसे बड़ी चिंता जांच तकनीक को लेकर है। ज्वेलरी शोरूम में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीन मुख्य रूप से गहने की सतह की जांच करती है। ऐसे में अंदर छिपाई गई मिलावट का पता लगाना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से जांच के मौजूदा तरीकों को और मजबूत बनाने की मांग उठ रही है।
इंडस्ट्री में नाराजगी
कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से फर्जी शुद्धता रिपोर्ट जारी होने के आरोपों ने पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) और जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) जैसे शीर्ष संगठनों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। ज्वेलर्स इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि जब तक जांच की नई तकनीकें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।
ज्वेलर्स एसोसिएशन की चेतावनी
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन कहते हैं कि सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं इसमें सच्चाई है। इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है।
BIS ने बुलाई विशेष बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 23 नवंबर को विशेष बैठक बुलाई। ज्वेलरी संगठनों ने भी सरकार से मामले की जांच और रेनियम के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
ज्वेलर्स एसोसिएशन ने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खरीदारी करते समय प्रतिष्ठित ज्वेलर को प्राथमिकता दें। गहने पर मौजूद 6 अंकों के HUID नंबर को BIS Care App पर जरूर जांचें। इसके अलावा पक्का GST बिल लें, जिसमें सोने का कैरेट और वजन स्पष्ट लिखा हो।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल घबराने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है। सोने की खरीदारी में हॉलमार्क, बिल और ज्वेलर की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।
नई दिल्ली, एजेंसी। भारत में सोने का आयात इस साल अप्रैल-अक्टूबर के दौरान सालाना आधार पर लगभग 40 प्रतिशत घट गया। इन सात महीनों के दौरान देश ने 24.7 अरब डॉलर मूल्य का सोना खरीदा है। उद्योग निकाय चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गोयल के अनुसार भारत ने अप्रैल से अक्टूबर, 2025 के बीच 41.24 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था, जबकि इस साल समान अवधि में यह आंकड़ा 24.7 अरब डॉलर रहा यानी इसमें 16.46 अरब डॉलर की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े चालू वित्त वर्ष के दौरान सोने की खरीद में आई बड़ी कमी को दर्शाते हैं। गोयल ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात लगभग 72 अरब डॉलर रहा था, जबकि 2026-27 के लिए इसके 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है।
गोयल ने सोने की खरीद में आई इस गिरावट का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को देते हुए कहा कि यह कमी व्यापारिक आंकड़ों में साफ दिख रही है। उन्होंने सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया और कहा कि इससे उपभोक्ताओं तथा व्यापारियों के लिए इस कीमती धातु को खरीदने की लागत कम हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत लगभग 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम थी और तब से यह घटकर करीब 1.25 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है यानी लगभग 65 लाख रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है। गोयल ने कहा कि कीमतों में इस बदलाव से आभूषण विक्रेताओं और व्यापारियों को अपना स्टॉक संभालने में मदद मिली है, जबकि उपभोक्ता तुलनात्मक रूप से कम कीमतों पर सोना खरीद पाए हैं।