Connect with us

कोरबा

खेतों की तैयारी से परिवार की जरूरतों तक, किसान सम्मान निधि से विनोद पांडे को मिल रही मदद

Published

on

किसान विनोद पांडे के लिए मददगार बनी किसान सम्मान निधि, आसान हुई खेती-किसानी
कोरबा 12  अक्टूबर 2026। खेती-किसानी में मेहनत के साथ समय पर पूंजी की उपलब्धता भी अच्छी फसल की तैयारी के लिए जरूरी होती है। छोटे किसानों के सामने खेतों की जुताई, खाद-बीज और कीटनाशकों की व्यवस्था करना कई बार आर्थिक चुनौती बन जाता है। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली वार्षिक आर्थिक सहायता किसानों को कृषि कार्यों की तैयारी में मदद दे रही है और परिवार की आर्थिक जरूरतों को संभालने में सहायक बन रही है।

कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड की पसान तहसील अंतर्गत ग्राम पोड़ी कला निवासी किसान विनोद पांडे को भी इस योजना से आर्थिक संबल मिल रहा है। योजना का लाभ मिलने से पहले खेती के जरूरी कार्यों के लिए पूंजी जुटाना उनके लिए कठिन होता था और कई बार दूसरों से उधार लेना पड़ता था। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत मिलने वाली सहायता से अब वे समय पर खेतों की जुताई कराने तथा खाद, बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री की व्यवस्था करने में मदद प्राप्त कर रहे हैं। इससे खेती के कामकाज को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में सुविधा हुई है।
विनोद पांडे प्रतिवर्ष लगभग 30 से 34 क्विंटल धान का विक्रय करते हैं, जिससे उन्हें एक लाख रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होती है। खेती से होने वाली आय और योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग वे कृषि संबंधी जरूरतों के साथ परिवार के दैनिक खर्चों तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए करते हैं। इससे घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने और परिवार की दिनचर्या सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है।
हितग्राही विनोद पांडे ने बताया कि छोटे किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना काफी लाभकारी है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “पहले खेती के लिए खाद-बीज खरीदने और खेतों की जुताई कराने के लिए पैसों की व्यवस्था करना मुश्किल होता था। कई बार दूसरों से उधार लेना पड़ता था। अब किसान सम्मान निधि से मिलने वाली आर्थिक सहायता से खेती के जरूरी काम समय पर करने में मदद मिलती है। धान बेचकर मिलने वाली राशि से बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च भी पूरे कर पा रहे हैं। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर यह योजना शुरू करने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”

Continue Reading

कोरबा

नवरात्रि का दूसरा दिन: माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में आस्था का सैलाब

Published

on

माँ ब्रह्मचारिणी देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा करने परिसर में लम्बी लाईन

कोरबा। आज नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को कोरबा के आस्था का केन्द्र माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा करने परिसर में आस्था का सैलाब देखने को मिला।

अलसुबह जब माँ के दरबार का कपाट खुला, सबसे पहले आदिशक्ति माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा श्री सर्वमंगला देवी का पुजारियों ने महाश्रृंगार किया और उसके बाद आम लोगों के दर्शन एवं पूजन के लिए कपाट खुला। महाश्रृंगार के बाद माता का दिव्य रूप देखकर श्रद्धालुओं के मन में असीम शांति का अनुभव हुआ। नयनाभिराम माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा में डूबा कोरबा अलसुबह से समाचार लिखे जाने तक परिसर में अगाध श्रद्धा का दृश्य देखने को मिला।
मनोकामना ज्योति कलशों की लालिमा से सौंदर्य बढ़ा

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में कलश कक्षों में स्थापित 12000 मनोकामना ज्योति कलशों की लालिमा से परिसर का सौंदर्य देखते ही बन रहा है।
परिसर की लाईंटिंग से सजा मनमोह रहा

मंदिर प्रबंधन द्वारा नवरात्रि से पूर्व मंदिर सहित परिसर का रंग-रोगन के साथ परिसर में मनोहारी लाईटिंग की सजावट भी की गई है, जिससे परिसर का सौंदर्य निखर आया है और यहां दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं का मन आनंदित भी हो रहा है।
माँ ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा से मिलता है मोक्ष-नमन पाण्डेय

आज नवरात्रि के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी देवी स्वरूपा की पूजा अर्चना की गई। प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि माँ ब्रह्मचारिणी मोक्षदायनी है और इनकी पूजा करने से जीवन के संकट का हरण होता है और घर में सुख-शांति का वास होता है।
आज माँ को अर्पित छप्पन भोग में मिश्री और फल को भी शामिल किया गया, क्योंकि माँ ब्रह्मचारिणी देवी को भोग में मिश्री और फल अतिप्रिय हैं।
जसगीत, शंख, घंटे की नाद से परिसर हुआ भक्तिमय

वैसे तो माँ सर्वमंगला देवी का परिसर स्वर्ग से कम नहीं। यहां कभी भी दर्शन करने जाओ, तो लगता है स्वर्ग में सैर कर रहे हैं, लेकिन नवरात्रि में यहां का माहौल कुछ अलग सा ही मन में पवित्रता और आध्यात्मिकता का जागरण करता है। 09 दिन तक टीम द्वारा जसगीत से यहां उपस्थित लोगों में भक्ति का भाव जगाया जा रहा है, वहीं शंख एवं घंटे की नाद से परिसर भक्तिमय हो गया है।

Continue Reading

कोरबा

घुड़देवा में रूपये 99.64 लाख की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन का लोकार्पण

Published

on

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने किया लोकार्पण
कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने आज घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन शाला भवन का लोकार्पण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से रूपये 99.64 लाख की लागत से निर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। नवीन भवन से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस मद से जिले के जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नवीन भवनों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि नवीन शाला भवन से विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नवीन भवन विद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।

कार्यक्रम में बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी झा, विकास झा, उदय शर्मा एवं मनीष मिश्रा, पार्षद अश्विनी मिश्रा एवं श्रीमती देवकी साहू, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, विद्यालय के प्राचार्य जय सिंह मोहलीकर सहित जितेंद्र सिंह, श्रीमती शशि साहू, संतोष कर्ष, श्रीमती अनीता राजपूत, रामेश्वर वैष्णव, संतोष यादव, श्रीमती अनूपा साहू, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

Published

on

कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में वनपट्टा की जांच, अवैध शराब विक्रय बंद कराने,  लंबित वेतन, प्रधानमंत्री आवास की लम्बित किश्त भुगतान, पीएम आवास की पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, राशन वितरण में अनियमितता तथा आजीविका से जुड़ी मांगों सहित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों पर कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने पर जोर दिया।
जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677