Connect with us

कोरबा

समय-सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा

Published

on

लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के दिए निर्देश
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, प्रधानमंत्री पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन खसरों में धान की फसल लगी है, उनका सर्वेयर के माध्यम से सर्वे कराकर पोर्टल में सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पॉलीगॉन जियो-टैगिंग, धान के खसरों और सर्वे कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना की समीक्षा के दौरान कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
जिले में केंद्रीकृत किचन व्यवस्था के संबंध में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिवस के भीतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालन के लिए किचन की स्थापना और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई। महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से इस व्यवस्था को संचालित करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों और उनकी पूर्णता की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर प्रस्तुत करने को कहा। डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्यों की अद्यतन जानकारी और वर्तमान स्थिति दर्शाने वाली तस्वीरें प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दिनों में इन कार्यों की प्रगति की पुनः समीक्षा करने की बात कही।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश सभी जनपद सीईओ को दिए गए। पूर्ण कार्यों के भुगतान के संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक कार्यवाही करने तथा लंबित कार्यों को पूरा कराने के लिए संबंधित ठेकेदारों की बैठक आयोजित करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्वामित्व योजना अंतर्गत प्रक्रिया पूर्ण होने पर हितग्राहियों को पट्टा वितरण सुनिश्चित करने और सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर योजना की समीक्षा कर प्रगति लाने को कहा। दुर्घटनाओं से संबंधित पीड़ितों को मुआवजा संबंधी प्रकरणों में मेडलेपार पोर्टल पर ऑनलाइन कार्यवाही कर आवश्यक जानकारी दर्ज करने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व विभाग को इस संबंध में बैठक आयोजित करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कॉलेज सहित अन्य महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शासन की  छात्रवृत्ति योजनाओं से लाभान्वित करने तथा पोर्टल पर जानकारी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को दिए। उन्होंने प्राचार्यों की बैठक लेकर इस कार्य में प्रगति लाने को कहा। विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाने, आधार के माध्यम से हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने और उन्हें पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जनपद पंचायतों, आदिवासी विकास विभाग, नगरीय निकायों, नगर पालिक निगम और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को स्कूल, आंगनबाड़ी, पीडीएस भवन और शौचालयों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। पिछले वर्ष स्वीकृत धान खरीदी केंद्रों के निर्माण पूर्ण होने पर उनके आवश्यक क्रियान्वयन के निर्देश दिए। स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों में नियमानुसार निर्माण एवं रंग-पोताई कराने तथा सभी निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने को कहा।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंताओं को सड़कों की मरम्मत सहित अन्य कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भी निर्माण कार्य समय पर पूर्ण कराने को कहा। कलेक्टर की अध्यक्षता में कोरबा अर्बन सोसाइटी के सदस्यों की बैठक हुई। जिमसें शहर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के संचालन के लिए रूट चार्ट एवं अन्य तैयारियों की भी समीक्षा कर अनुमोदन किया गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, डीएफओ श्रीमती प्रेमलता यादव, जितेंद्र उपाध्याय, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे और अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

नवरात्रि का तीसरा दिन: माँ चंद्रघंटा स्वरूपा श्री सर्वमंगला देवी की पूजा में दिखी अगाध श्रद्धा

Published

on

माता का वार होने के कारण मंगलवार को अभूतपूर्व भीड़
कोरबा। नवरात्रि के तीसरे दिन माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में चंद्रघंटा देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला का दर्शन करने एवं पूजन करने अगाध श्रद्धा देखी गई। क्वांर शुकल तृतीया तिथि पर माँ आदिशक्ति के तृतीय स्वरूप का दर्शन करने के लिए अलसुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) ने बताया माँ चंद्रघंटा साहस, शांति और सौम्यता की प्रतिक हैं और सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में बढ़ने लगी थी। मंगलवार होने के कारण श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला।

नन्हा महराज ने बताया कि माँ चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्ध चन्द्र होने के कारण आदिशक्ति के तृतीय रूप को चंद्रघंटा देवी के रूप में जाना जाता है और माँ सर्वमंगला की पूजा अर्चना आज चंद्रघंटा देवी के रूप में की गई। श्री पाण्डेय ने बताया कि वेद पुराणों में मान्यता है कि माँ चंद्रघंटा स्वरूपा की पूजा अर्चना से साधकों, भक्तों के जीवन से सभी बाधाएं दूर होती हैं, संकट टल जाता है और जीवन में अलौकिक शांति की प्राप्ति होती है और घर परिवार खुशहाल बनता है।

तीसरे दिन विशेष रूप से छप्पन भोग में माँ को केसर की खीर और दूध से बनी मिठाईयों को शामिल किया गया और माता को अर्पित किया गया।
माँ की महाआरती से चारों तरफ फैल रहा सत्व का प्रकाशपूंज

रोज सुबह एवं संध्या 07.00 बजे माँ की महाआरती की जाती है और आज संध्या महाआरती में मंगलवार होने के कारण हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माँ की आरती करने से मन में तामसिक प्रवृत्ति का नाश होता है और माँ के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत होता है। आरती से बच्चों में संस्कार पनपता है और बुद्धि में श्रेष्ठता आती है। नमन पाण्डेय ने बताया कि महाआरती से परिसर सहित चारों तरफ सत्व का प्रकाशपूंज फैलता है और वातावरण में विशुद्धता आती है और मन पवित्र होता है।
कल माँ कुसमाण्डा स्वरूपा की होगी पूजा

कल बुधवार को माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना माँ कुसमाण्डा स्वरूपा के रूप में होगी और श्रद्धालु तथा भक्तजन माँ को भोग अर्पण के रूप में मालपुआ एवं फल अर्पित कर सकते हैं, इससे माँ प्रसन्न होती हैं और ऐसा करने से शत्रु कम होते हैं और शत्रुता का नाश होता है। माँ कुसमाण्डा देवी सौम्य होती हैं और उनकी पूजा अर्चना से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।

Continue Reading

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान के तहत सर्वमंगला जोन में लगेगा सेवा सेतु शिविर कल

Published

on

कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 14 अक्टूबर को सर्वमंगला जोन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

Continue Reading

कोरबा

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के लिए आवेदन एवं पंजीयन प्रक्रिया की दी गई जानकारी

Published

on

श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित, 70 से 80 छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने लिया हिस्सा
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के संबंध में आज श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12.30 बजे आयोजित इस सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को चैलेंज से जुड़ी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और पंजीयन के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य तथा इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। प्रतिभागियों को आवेदन और पंजीयन की प्रक्रिया समझाते हुए चैलेंज में भाग लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

जागरूकता सत्र में श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के लगभग 70 से 80 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान और सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677