दर्री जोन में सेवा संकल्प शिविर का हुआ आयोजन कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन दर्री जोन कार्यालय परिसर में किया गया। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और शासन सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लोगों को खाद्यान्न, आवास, आर्थिक सहायता तथा बेहतर जीवन की सुविधाएं मिल रही हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी, तेंदूपत्ता का 5500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण पारिश्रमिक तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। चरण पादुका योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने आगे कहा कि कोरबा शहर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में 18 अक्टूबर को सुभाष चौक में सड़क मरम्मत एवं डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। सेवा संकल्प शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की पहल की जा रही है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
’विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया लाभांवित’
शिविर में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, मुख्यमंत्री सियान सदन योजना के अंतर्गत डेमो चेक तथा श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
माता का वार होने के कारण मंगलवार को अभूतपूर्व भीड़ कोरबा। नवरात्रि के तीसरे दिन माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में चंद्रघंटा देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला का दर्शन करने एवं पूजन करने अगाध श्रद्धा देखी गई। क्वांर शुकल तृतीया तिथि पर माँ आदिशक्ति के तृतीय स्वरूप का दर्शन करने के लिए अलसुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) ने बताया माँ चंद्रघंटा साहस, शांति और सौम्यता की प्रतिक हैं और सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में बढ़ने लगी थी। मंगलवार होने के कारण श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला।
नन्हा महराज ने बताया कि माँ चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्ध चन्द्र होने के कारण आदिशक्ति के तृतीय रूप को चंद्रघंटा देवी के रूप में जाना जाता है और माँ सर्वमंगला की पूजा अर्चना आज चंद्रघंटा देवी के रूप में की गई। श्री पाण्डेय ने बताया कि वेद पुराणों में मान्यता है कि माँ चंद्रघंटा स्वरूपा की पूजा अर्चना से साधकों, भक्तों के जीवन से सभी बाधाएं दूर होती हैं, संकट टल जाता है और जीवन में अलौकिक शांति की प्राप्ति होती है और घर परिवार खुशहाल बनता है।
तीसरे दिन विशेष रूप से छप्पन भोग में माँ को केसर की खीर और दूध से बनी मिठाईयों को शामिल किया गया और माता को अर्पित किया गया। माँ की महाआरती से चारों तरफ फैल रहा सत्व का प्रकाशपूंज
रोज सुबह एवं संध्या 07.00 बजे माँ की महाआरती की जाती है और आज संध्या महाआरती में मंगलवार होने के कारण हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माँ की आरती करने से मन में तामसिक प्रवृत्ति का नाश होता है और माँ के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत होता है। आरती से बच्चों में संस्कार पनपता है और बुद्धि में श्रेष्ठता आती है। नमन पाण्डेय ने बताया कि महाआरती से परिसर सहित चारों तरफ सत्व का प्रकाशपूंज फैलता है और वातावरण में विशुद्धता आती है और मन पवित्र होता है। कल माँ कुसमाण्डा स्वरूपा की होगी पूजा
कल बुधवार को माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना माँ कुसमाण्डा स्वरूपा के रूप में होगी और श्रद्धालु तथा भक्तजन माँ को भोग अर्पण के रूप में मालपुआ एवं फल अर्पित कर सकते हैं, इससे माँ प्रसन्न होती हैं और ऐसा करने से शत्रु कम होते हैं और शत्रुता का नाश होता है। माँ कुसमाण्डा देवी सौम्य होती हैं और उनकी पूजा अर्चना से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 14 अक्टूबर को सर्वमंगला जोन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।
श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित, 70 से 80 छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने लिया हिस्सा कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के संबंध में आज श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12.30 बजे आयोजित इस सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को चैलेंज से जुड़ी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और पंजीयन के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य तथा इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। प्रतिभागियों को आवेदन और पंजीयन की प्रक्रिया समझाते हुए चैलेंज में भाग लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
जागरूकता सत्र में श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के लगभग 70 से 80 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान और सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।