Connect with us

कोरबा

सीएसईबी चौक में वेटिंग शेड का उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण, तीन प्रमुख मार्गों पर 195 स्ट्रीट लाइटों से बढ़ेगी रोशनी

Published

on

धूप और बारिश से मिलेगी राहत, सार्वजनिक स्थलों पर आवागमन होगा सुविधाजनक

कोरबा 25 अक्टूबर 2026। वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा नगर विधायक लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सीएसईबी चौक पर जिला खनिज न्यास मद से 16.15 लाख रुपये की लागत से निर्मित वेटिंग शेड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नगर निगम के तीन प्रमुख मार्गों पर स्थापित 195 नवीन स्ट्रीट लाइटों का भी लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं से नागरिकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर रोशनी एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

वेटिंग शेड के लोकार्पण अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा और सुलभता को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सीएसईबी चौक पर सिग्नल के दौरान इंतजार करने वाले लोगों को अब तेज धूप और बारिश से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चौक के दूसरी ओर भी वेटिंग शेड का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण भी शीघ्र पूर्ण होगा। सीएसईबी चौक को व्यवस्थित और सुसज्जित बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिला खनिज न्यास मद से शहरवासियों की सुविधाओं और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास कार्यों का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि शहर के वार्डों में छोटे-बड़े विकास कार्यों के साथ मुख्य मार्गों के डामरीकरण सहित विभिन्न कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। शहरवासियों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

तीन प्रमुख मार्गों पर 195 नवीन स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण

मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में नगर निगम के तीन प्रमुख मार्गों पर स्थापित नवीन स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया गया। इनमें राताखार मुख्य मार्ग से पुराने पुल होते हुए मुक्तिधाम तक 44 स्ट्रीट लाइटें, वार्ड क्रमांक 51 एवं 52 में रामनगर चौक से सिपेट होते हुए अयोध्यापुरी तक 80 स्ट्रीट लाइटें तथा वार्ड क्रमांक 58 के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट प्रधानमंत्री आवास तक 71 एलईडी स्ट्रीट लाइटें शामिल हैं। रामनगर-अयोध्यापुरी मार्ग पर स्ट्रीट लाइट कार्य की लागत 25.50 लाख रुपये तथा जमनीपाली मार्ग पर कार्य की लागत 25.25 लाख रुपये है।
इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हीतानंद अग्रवाल, पार्षद राम कुमार साहू, मथुरा चंद्रा, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा, वैभव शर्मा, विजय गुप्ता, राजेश राठौर, मनोज लहरे, पार्षद सरोज शांडिल्य, परमिंदर सिंह, अजय चंद्रा, पार्षद फिरथ साहू, एल्डरमैन ईश्वर साहू, रवि चंदेल, अंजय अग्रवाल, किशोर साहू, आशीष अग्रवाल, संजय कुर्मवंशी सहित क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के होटल में 40 लोगों के ठहरने पर विवाद:धर्मांतरण की आशंका पर बजरंग दल का हंगामा, कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप

Published

on

कोरबा। कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में शनिवार शाम कथित धर्मांतरण और प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा हो गया। होटल में ठहरे 10 हिंदू परिवारों के धर्मांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध जताया।

इस दौरान होटल परिसर में विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति शांत कराई। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

15 कमरे बुक कराकर ठहरे थे करीब 40 लोग

जानकारी के अनुसार, जॉन मसीह ने होटल के 15 कमरे बुक कराए थे। इनमें लाफा, पाली, कटघोरा समेत अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 40 लोग ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि इनमें सतनामी और गोंड़ समुदाय के परिवारों की संख्या अधिक थी।

शनिवार शाम प्रार्थना सभा की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और सीएसईबी चौकी प्रभारी भी पहुंचे।

बजरंग दल ने लगाया प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप

बजरंग दल के जिला प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की साजिश रच रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रचार सामग्री के साथ पहुंची टीम ने शहरी क्षेत्र को निशाना बनाया था।

मुखर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि एसईसीएल के मानिकपुर क्षेत्र में एक मकान को चर्च के रूप में विकसित किया गया है। इसका नाम इंडियन प्रेयर चर्च (आईपीसी) रखा गया है। उनके अनुसार, इसी चर्च के माध्यम से लोगों का मतांतरण कराने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

पुलिस से की शिकायत, दस्तावेज नहीं लेने का भी आरोप

राणा मुखर्जी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल में ठहरे लोगों से आधार कार्ड या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं लिए गए थे। इन आरोपों की पुष्टि और होटल में ठहरे लोगों के दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

होटल परिसर में विवाद के दौरान कुछ लोगों के साथ हाथापाई हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ता कुछ लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराई। फिलहाल कथित धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा-चांपा हाईवे पर दो हादसे:बाइक-टक्कर में युवक की मौत, भीड़ में घुसी कार, आरक्षक समेत 6 लोग घायल

Published

on

कोरबा। कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर भीड़ में जा घुसी। इसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराने के बाद रुकी। बताया जा रहा है कि यदि कार गश्ती वाहन से नहीं टकराती, तो हादसा और भी भीषण हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचा पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी हादसे में घायल हो गया।

युवक की मौत के बाद मारपीट

धनेश्वर की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़कर पीट दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

दशहरा पर्व के आयोजनों के कारण इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

गैरेज में बाइक रिपेयरिंग के दौरान पल्सर में लगी आग:शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, सड़क पर लाकर बुझाई गई

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार दोपहर मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाइक मालिक और मिस्त्री समेत वहां मौजूद लोग घबरा गए।

गनीमत रही कि आग गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक नहीं पहुंची। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसके बाद मालिक किसी तरह धक्का देकर बाइक को गैरेज तक लाया था। मिस्त्री बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान किक मारते ही अचानक चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बाइक में फैल गई।

आग को गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक फैलने से रोकने के लिए मिस्त्री ने जलती हुई बाइक को किसी तरह गैरेज से बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी तरह आग लग चुकी थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक में पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। आशंका है कि रिपेयरिंग के दौरान किक मारने पर निकली चिंगारी से आग लग गई। हालांकि, आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक में अचानक आग लगने से मिस्त्री भी इसकी चपेट में आ सकता था। हालांकि, समय रहते जलती बाइक को गैरेज से बाहर निकाल दिया गया, जिससे दुकान और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को नुकसान होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677