Connect with us

कोरबा

खड़े ट्रेलर से बाइक टकराई,2 युवकों की मौत:अंधेरा और बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, SECL प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन

Published

on

कोरबा। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में सिरकी मोड़-बतारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर करीब 7 घंटे तक चक्काजाम किया। उन्होंने सड़क पर रोशनी और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की।

हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर हुआ। ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई।

भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम भी घायल हुए। भोलू की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मनमोहन को मामूली चोटें आईं।

सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन पर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और सड़क किनारे भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं।

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ी करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। चक्काजाम के कारण करीब 7 घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका और हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

Continue Reading

कोरबा

जुआ खेलते प्रधान पाठक और सरपंच समेत 13 लोग गिरफ्तार:तैलियामार गांव में पसान पुलिस की दबिश, कैश और 1.83 लाख का सामान जब्त

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम तैलियामार में रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पसान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपए कैश, 2 बाइक, 5 मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि तैलियामार गांव में कुछ लोग रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पसान पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़ लिया। जिसमें प्रधान पाठक और सरपंच भी शामिल है।

कैश, बाइक और मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 32 हजार रुपए नकद और एक लाल गमछा जब्त किया। इसके अलावा 2 बाइक की कीमत करीब 1 लाख रुपए और 5 मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार लोगों में सरपंच भी शामिल

पुलिस की ओर से दी गई सूची में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) के नाम शामिल हैं।

बताया गया है कि पकड़े गए लोगों में गजेन्द्र यादव भी शामिल हैं, जो प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक हैं। सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच हैं।

Continue Reading

कोरबा

SECL अस्पताल बलगी में घुसा 6 फीट का धमना सांप, जितेंद्र सारथी की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू।

Published

on

कोरबा। जिले के बलगी स्थित SECL अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के अंदर लगभग 6 फीट लंबा धमना सांप दिखाई दिया, अचानक सांप को देखकर अस्पताल के कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, इसकी सूचना तत्काल आशीष सिंह के माध्यम से वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी गई।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी ने बिना देर किए अपनी टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास एवं संदीप मानिकपुरी को मौके पर भेजा, टीम ने सूझबूझ और सावधानी के साथ लगभग 6 फीट लंबे धमना सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया,इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वहीं, इसी दौरान बलगी क्षेत्र में आशीष सिंह के घर में भी सांप घुसने की सूचना मिली टीम ने वहां पहुंचकर लगभग 5 फीट लंबे एक अन्य धमना सांप का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे भी प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि धमना सांप सामान्यतः विषहीन होता है और चूहों जैसे जीवों को खाकर पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है,ऐसे सांपों को देखकर घबराने या उन्हें मारने की जरूरत नहीं है घर, अस्पताल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, वन्यजीवों की सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Continue Reading

कोरबा

पेमेंट स्लीप,सामाजिक सुरक्षा और एचपीसी दर पे पेमेंट देने की मांग : किसान सभा के नेतृत्व में सैकड़ों ठेका मजदूरों ने 7 घंटे रानी अटारी खदान बंद करते हुए किया कोल परिवहन बंद, प्रबंधन ने माना मांगे जायज लिखित आश्वासन देकर समस्याओं का जल्द समाधान का दिया आश्वाशन

Published

on

सीटू ने आंदोलन का किया समर्थन

कोरबा। एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत कोरबा जिले में पड़ने वाले रानी अटारी और विजय वेस्ट भूमिगत खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों को पेमेंट स्लीप, आई कार्ड,सेफ्टी समान,एचपीसी दर नहीं मिलने से अक्रोशित सैकड़ों ठेका मजदूरों ने आज सुबह 6 बजे से ही किसान सभा के नेतृत्व में खदान बंद करते हुए कोल परिवहन को रोक कर आंदोलन किया जिससे 7 घंटे तक खदान पूर्ण रूप से बंद रहा जिससे उत्पादन पूर्ण रूप से ठप्प रहा। हड़ताल को देखते हुए पुलिस बल उपस्थित था। सात घंटे खदान बंद के बाद एसईसीएल चिरमीरी क्षेत्र के महाप्रबंधक ने ठेका मजदूरों को मिलने वाले अधिकारों को देने का लिखित आश्वासन दिया, उसके बाद हड़ताल समाप्त हुआ। ठेका श्रमिकों की मांगों को सही ठहराते हुए सीटू के प्रदेश अध्यक्ष वी एम मनोहर ने समर्थन किया और प्रबंधन से ठेका श्रमिकों की मांगों को पूरा करने के लिए कहा।

छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने कहा कि कोयला खदानों में ठेका मजदूरों को कम मजदूरी देकर उनका शोषण किया जा रहा है। इसे छुपाने के लिए उन्हें पेमेंट स्लीप नहीं दिया जाता। इससे मजदूर अपनी सही मजदूरी और कितने दिनों का वेतन दिया जा रहा है, इस जानकारी से वंचित रहते है। मजदूरों ने कोयला प्रबंधन से कई बार इसकी शिकायत की, जिसका आज तक प्रबंधन ने संज्ञान नहीं लिया है। साथ ही इससे साबित होता है कि प्रबंधन और ठेका कंपनी में खुली मिलीभगत है।

सीटू नेता वी एम मनोहर ने प्रबंधन से कहा कि ठेका श्रमिकों को आई कार्ड,पेमेंट स्लीप, पी एफ की जानकारी,और सेफ्टी समान मिलना उनका अधिकार है ठेकेदार या एसईसीएल प्रबंधन ठेका श्रमिकों को उनके अधिकार से वंचित नहीं कर सकता है उन्हें उनका अधिकार देना होगा नहीं तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा साथ ही एसईसीएल कंपनी स्तर पर सभी क्षेत्रों में भी सभी ठेका श्रमिकों के अधिकार को सुनश्चित करने की मांग की जाएगी।

किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू और दामोदर श्याम ने कहा कि ठेका श्रमिकों का शोषण पूरे एसईसीएल में हो रहा है ठेका श्रमिकों के उपर हो रहे शोषण के खिलाफ कोरबा जिले के अंतिम झोर रानी अटारी खदान से आंदोलन की शुरुवात की गई है अब पूरे जिले में ठेका श्रमिकों के उपर हो रहे शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।

प्रबंधन के रवैए से आक्रोशित सैकड़ों ठेका मजदूरों ने आज किसान सभा के नेतृत्व में रानी अटारी खदान में हड़ताल किया, हड़ताल का चिरमिरी क्षेत्र के कोयला श्रमिक संघ सीटू ने भी समर्थन किया जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन को मजदूरों को लिखित आश्वासन देने के लिए बाध्य होना पड़ा है। किसान सभा और सीटू नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी गड़बड़ियां जारी रहती है और अगर मजदूरों को उनके अधिकार से वंचित किया जाता है, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

प्रमुख मांगे-
ठेका मजदूरों को पहचान पत्र, पेमेंट स्लीप, समय पर मजदूरी का भुगतान, पी एफ की जानकारी,सुरक्षा उपकरण गंबूट- टोपी उपलब्ध कराने, के साथ सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
चिरमिरी क्षेत्र के कोयला श्रमिक संघ (सीटू ) के रामदास,अरविंद सिंह यादव,मनीष खरे ,अजय, रथराम ने ठेका श्रमिकों की मांगों को सही ठहराया।
हड़ताल में किसान सभा के दामोदर श्याम,दीपक साहू, मोहम्मद हुसैन अली, बृजलाल, रामेश्वर, रामदेव,बाबूलाल,देव प्रताप,सुरजन,लक्ष्मण,बुद्धि,उजागर,कन्हैयाके साथ बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677