कोरबा 20 नवंबर 2026। कोरबा जिले में 20 नवंबर को 1.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर को जिले की तहसील अजगरबहार में 03 मिलीमीटर, कोरबा में 2.5, भैंसमा, 5, करतला 2.3, बरपाली 2, कटघोरा 1.8, दीपका 0.5, पाली 0.6 और पसान तहसील में 4.2 कुल 21.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
ड्रेनेज, डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं हाथी प्रभावित केन्द्रों में सुरक्षा हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है सुनिश्चित
धान खरीदी केन्द्रों में व्यवस्थाओं को लेकर प्रकाशित समाचार के संबंध में प्रशासन ने स्पष्ट की वस्तुस्थिति
कोरबा, 20 नवम्बर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी 73 धान उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। उपार्जन केन्द्रों में ड्रेनेज, चबूतरा एवं फड़ सहित अन्य व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के शाखा प्रबंधकों से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने संबंधी प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए गए हैं। उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक एवं जारी टोकन के अनुरूप ड्रेनेज की व्यवस्था की जा रही है। किसानों के रकबा शून्य संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए रकबा जोड़ने हेतु समिति मॉड्यूल में प्रावधान उपलब्ध कराया गया है। डीसीएस एवं पीव्ही एप से हुए फसल गिरदावरी में विशेष परिस्थितियों में जिन किसानों का रकबा अन्य फसल, शून्य रकबा, कम रकबा के रूप में प्रदर्शित हो रहा है, उनका राजस्व विभाग द्वारा परीक्षण कर निराकरण किया जा रहा है। साथ ही एग्रीस्टेक से प्राप्त हो रहे डेटा का समिति मॉड्यूल में लगातार सिंकिंग भी कराया जा रहा है। डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रकिया पूर्णतः ऑनलाइन एवं जियोरिफ्रेन्स के साथ फोटो सहित धान का गिरदावरी की प्रणाली है जिसका अनुमोदन सम्बंधित तहसीलदारों द्वारा कर लिया गया है इस हेतु पटवारियों के हड़ताल से डिजिटल क्रॉप सर्वे का सत्यापन अधूरा होने सम्बंधी तथ्य निराधार है। जिले के हाथी प्रभावित वन क्षेत्रों में स्थित उपार्जन केन्द्रों में भण्डारित धान एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए वन विभाग से समन्वय स्थापित कर सतत निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कोरबा एवं कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान, केंदई, कुदमुरा, श्यांग, चिर्रा एवं चचिया सहित हाथी प्रभावित क्षेत्रों के उपार्जन केन्द्रों से धान का मिलों एवं संग्रहण केन्द्रों में प्राथमिकता के आधार पर उठाव की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उपार्जित धान की सुरक्षित रखरखाव एवं उठाव की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
रिक्त पदों की जानकारी 25 नवंबर तक उपलब्ध कराने नियोजकों से अपील
कोरबा, 20 नवंबर 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के माध्यम से आगामी 04 दिसंबर 2026 को लाईवलीहुड कॉलेज, कोरबा में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी दीपेश भारती ने बताया कि जो नियोजक अपने संस्थानों में रिक्त पदों की पूर्ति रोजगार मेले के माध्यम से करना चाहते हैं, वे अपने संस्थान में उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में 25 नवंबर 2026 तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के ई-मेल empexchangekorba@gmail.com पर भेज सकते हैं। नियोजक इस संबंध में जिला रोजगार कार्यालय, कोरबा से भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने नियोजकों से निर्धारित समय-सीमा में रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि उन्हें संभाग स्तरीय रोजगार मेले में शामिल किया जा सके।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल एवं महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुए सम्मानित
दशकों से धार्मिक, सामाजिक, जनसेवा एवं व्यावसायिक क्षेत्र में समर्पित योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान, अशोक मोदी की उपलब्धि से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष एवं गौरव का माहौल
कोरबा। कोरबा की धरती पर जन्म लेकर अपनी कर्मभूमि कोरबा को ही बनाते हुए दशकों से धार्मिक, सामाजिक, जनसेवा एवं व्यावसायिक क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी अशोक कुमार मोदी को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन, नई दिल्ली द्वारा उन्हें उनके दीर्घकालीन धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में खचाखच भरे हाल में आयोजित भव्य अग्र अलंकरण समारोह-2026 में देश-विदेश की प्रतिष्ठित विभूतियों के बीच उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
अशोक मोदी कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन भी हैं। उनका यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि कोरबा नगर, औद्योगिक नगरी की प्रतिष्ठा तथा संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनके द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की राष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान पूरे क्षेत्र एवं प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाने वाली है।
16 देशों के प्रतिनिधियों, 51 विशिष्ट विभूतियों एंव सैकडों अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों के बीच मिला सम्मान
यह भव्य समारोह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व रखता था। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ लगभग 16 देशों से आए प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने सहभागिता की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय योगदान देने वाली देश-विदेश की लगभग 51 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। ऐसी प्रतिष्ठित विभूतियों के बीच कोरबा के अशोक मोदी का सम्मानित होना नगर एवं प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय रहा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री सहित अनेक राष्ट्रीय विभूतियों की उपस्थिति
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भारत सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील सिंघवी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में परम श्रद्धेय गीता मनीषी, महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
समारोह अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन में, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता तथा राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। देश-विदेश से पधारे अनेक वरिष्ठ समाजसेवियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने इस आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
दशकों की धार्मिक एवं सामाजिक साधना को मिली राष्ट्रीय पहचान
अशोक कुमार मोदी का व्यक्तित्व व्यवसाय के साथ-साथ धार्मिक आस्था, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का विशिष्ट उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन में धर्म, समाज एवं मानव सेवा को विशेष महत्व दिया है। धार्मिक आयोजनों, मंदिरों की सेवा, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन तथा आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए वे वर्षों से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।
श्री सप्तदेव मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने समाज को धर्म, संस्कार एवं सेवा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया है। जरूरतमंदों की सहायता, गरीब एवं वंचित वर्गों के कल्याण, सामाजिक सहयोग, धार्मिक आयोजनों तथा जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। धार्मिक एवं सामाजिक सेवा को उन्होंने केवल अपना दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग बनाया है।
व्यावसायिक क्षेत्र में भी श्री मोदी ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। कृष्णा ग्रुप के माध्यम से उन्होंने विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं मानवीय संवेदनाओं को सदैव महत्व दिया है। उनका प्रयास रहा है कि व्यवसाय केवल आर्थिक उन्नति का माध्यम न बने, बल्कि रोजगार, सामाजिक सहयोग एवं राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।
उनकी कार्यशैली में धार्मिक संस्कार, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्य एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यही कारण है कि कोरबा में व्यावसायिक एवं सामाजिक दोनों क्षेत्रों में उनका विशिष्ट स्थान बना है। उनके द्वारा किए जा रहे निरंतर सेवा कार्य अनेक लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बने हैं।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन को मिला सशक्त नेतृत्व एवं नई पहचान
अशोक मोदी विगत दो वर्षों से छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन के रूप में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठन ने प्रदेशभर में सामाजिक एकता, संगठन विस्तार, अग्रवाल समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने, धार्मिक गतिविधियों एवं जनसेवा के कार्यों को नई गति प्रदान की है।
उनकी सोच समाज को केवल संगठित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना भी उनका प्रमुख उद्देश्य रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाने तथा समाज के माध्यम से जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
ऐसे समर्पित नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी, सदस्य एवं अग्रबंधु के लिए भी अत्यंत गर्व एवं गौरव का विषय है। यह उपलब्धि संगठन की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करने के साथ-साथ प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित करेगी।
कोरबा से छत्तीसगढ़ तक बधाइयों एवं शुभकामनाओं का सिलसिला
अशोक कुमार मोदी को प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान पर कोरबा नगर सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों एवं अग्रवाल समाज के सदस्यों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सभी ने इसे अशोक मोदी के वर्षों के सेवाभाव, समर्पण एवं समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान बताते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से न केवल कोरबा नगर, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उनका यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को धर्म, समाज, मानवता एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।