कोरबा। कोरबा जिले के चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन और SECL कुसमुंडा प्रबंधन के खिलाफ दंडवत न्याय यात्रा निकाली। ग्रामीण सड़क पर लेटकर घंटाघर अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।
उनका आरोप है कि एसईसीएल ने बिना बसाहट की व्यवस्था किए महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया और परिवारों को 6 अलग-अलग जगहों पर बसा दिया। विस्थापन के बाद से इन जगहों पर सड़क, पानी, नाली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं।
उन्होंने कहा कि तूफान और बारिश में अस्थायी मकान टूट गए। ऐसे में ग्रामीणों ने जल्द सुविधाएं देने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर खदान बंद कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
वहीं, SECL प्रबंधन का कहना है कि विस्थापित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास एसईसीएल की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों में सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें, उनका समाधान संवाद से किया जाएगा।
विस्थापित ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकाली।
ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की।
सड़क पर दंडवत होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने सोमवार सुबह 10 बजे घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की। वे हाथों में आवेदन लेकर सड़क पर दंडवत होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यात्रा देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।
6 जगहों पर बसाया, लेकिन नहीं मिलीं बुनियादी सुविधाएं
ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने बिना रहने की व्यवस्था किए महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया। इसके बाद गांव के लोगों को 6 अलग-अलग जगहों पर बसाया गया। विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।
ग्रामीणों के मुताबिक, इन जगहों पर सड़क, नाली, पीने का पानी, चारागाह, मुक्तिधाम, देव स्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान, सार्वजनिक शौचालय और मवेशी शेड की व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि कई बैठकों में एसईसीएल प्रबंधन ने मकान किराया देने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली।
आरोप है कि विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।
तूफान और बारिश में टूटे अस्थायी मकान
ग्रामीणों ने बताया कि बसाहट स्थलों पर बनाए गए झोपड़ीनुमा अस्थायी मकान हाल के चक्रवाती तूफान और बारिश में टूट गए। पक्के मकान बनाने के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है।
उनका कहना है कि खदान के पहाड़ के किनारे हाई वॉल नहीं बनाई गई है। इसके कारण पहाड़ से मलबा और पानी निर्माणाधीन मकानों में घुस रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। परिवार चक्रवात, भारी बारिश और ठंड में भी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। महिलाओं और पुरुषों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी।
कई बार आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि बसाहट स्थलों पर सुविधाएं देने की मांग को लेकर उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन दिए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने 23 नवंबर को दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही बसाहट स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे खदान बंद कर आंदोलन करेंगे।
एसईसीएल बोला- विस्थापितों का सम्मानजनक पुनर्वास प्राथमिकता
इस मामले में एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार एसईसीएल के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है।
पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।
ग्रामीणों को अगर कोई समस्या है तो संवाद और समन्वय के जरिए उसका समाधान किया जाएगा। हम ग्रामीणों से अपील करते हैं कि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करें।
कोरबा 23 नवंबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित है। जिले के 60 सहकारी समितियों के 73 धान उपार्जन केन्द्रो में माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी जी एस कंवर ने बताया कि 15 नवम्बर से आज दिनांक तक जिले में कुल 9409.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। सोमवार 23 नवम्बर को कुल 2272.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। समितियों में 25 नवम्बर बुधवार को 3522.00 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सहूलियत हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। धान विक्रय हेतु आए किसानो ने पारदर्शी एवं त्वरित धान प्रकिया के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए समर्थन मूल्य में धान की बिक्री होने पर खुशी जाहिर की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने धान खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेजयल, छांव, बैठक, शौचालय आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही राजस्व, खाद्य, मंडी सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम का गठन कर खरीदी केंद्रों में अवैध धान के आवक पर रोक लगाने हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
27 एवं 28 नवंबर को सत्यापन और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग के बाद जारी होंगे नियुक्ति आदेश
कोरबा, 23 नवंबर 2026। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (सेजेस) में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया का आगामी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 25 और 26 नवंबर को जिला मुख्यालय में किया जाएगा। इसके बाद 27 और 28 नवंबर को शेष सत्यापन तथा आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग की कार्यवाही पूरी कर नियमानुसार नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 1/463863/2026/सेजेस भर्ती/2026-27 के अनुसार, जिले के आरक्षण रोस्टर के अनुरूप तैयार मेरिट एवं चयन सूची 21 नवंबर को स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकृत पोर्टल पर जारी की गई है। अभ्यर्थी सूची में अपना नाम और चयन संबंधी विवरण देख सकते हैं। दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, आयु तथा आरक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जाँच की जाएगी। प्रस्तुत मूल दस्तावेजों का ऑनलाइन आवेदन और चयन सूची में दर्ज जानकारी से मिलान किया जाएगा। विज्ञापन में निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर जाँच के बाद सत्यापन प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दस्तावेज सत्यापन तथा कंप्यूटर संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेख लेकर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि सत्यापन एवं आगे की नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सुनीं 103 आवेदकों की समस्याएँ, गाँव का हाल पूछा, समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
कोरबा, 23 नवंबर 2026। गोद में छोटे बच्चे को लेकर आई महिला नौकरी की उम्मीद से कलेक्टर जनदर्शन पहुँची थी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उसकी बात सुनी और सहजता से कहा, “दीदी, शासकीय नौकरी रिक्त पदों पर निर्धारित भर्ती प्रक्रिया से ही मिलती है। लेकिन आप स्वरोजगार शुरू करना चाहें तो उसमें सहयोग किया जा सकता है।” उन्होंने महिला की रुचि पूछकर बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़ने के विकल्प बताए। महिला ने सहमति दी तो कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान महिला को अपनी बात रखने का अवसर मिला और आगे बढ़ने का एक रास्ता भी मिला।
कलेक्टरेट सभाकक्ष में प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनदर्शन में इस तरह के संवाद कई बार सुनाई देते हैं। दूरस्थ गाँव से आया कोई बुजुर्ग जब संकोच में अपनी बात शुरू नहीं कर पाता, तो कलेक्टर पूछते हैं, “बताओ कका, क्या परेशानी है?” महिलाओं से “कैसे हो दीदी?” और बुजुर्ग महिलाओं से “बताओ दाई” कहकर बात करते हैं। परिचित संबोधन से झिझक कम होती है। लोग आवेदन में लिखी समस्या के साथ घर और गाँव की वे परिस्थितियाँ भी बता पाते हैं, जिन्हें कागज पर समेटना कठिन होता है। इस सोमवार के जनदर्शन में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, बसाहटों में मूलभूत सुविधाएँ, नगर निगम क्षेत्र में पट्टा सर्वे से संबंधित दावा-आपत्तियाँ, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन, आरबीसी 6-4 के तहत सहायता तथा पुल-पुलिया निर्माण जैसे विषय शामिल थे। कलेक्टर ने आवेदन संबंधित अधिकारियों को भेजकर परीक्षण और नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारियों से फोन पर भी बात की। महतारी वंदन योजना की राशि न मिलने की बात लेकर पहुँची कुछ महिलाओं ने बताया कि वे पहले आवेदन जमा नहीं कर पाई थीं। कलेक्टर ने उन्हें समझाया कि निर्धारित अवधि में आवेदन करना आवश्यक था। शासन की ओर से नए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होने पर वे आवेदन कर सकेंगी और पात्रता के अनुसार लाभ मिल सकेगा। यह जानकारी महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण थी, क्योंकि उन्हें अब अपनी स्थिति और आगे की प्रक्रिया स्पष्ट हो गई। भूमि पर बेजा कब्जे की शिकायत और शासकीय भूमि का पट्टा देने के अनुरोध भी सामने आए। कलेक्टर ने आवेदकों की बात सुनते हुए समझाया कि शासकीय भूमि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भी जरूरी है। ऐसे मामलों में नियमों और भूमि की स्थिति की जाँच के आधार पर ही निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक उपयोग की जमीन का महत्व समझने का आग्रह किया। एक व्यक्ति ने अपने खाते से हुई साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने के लिए आवेदन दिया। उसकी शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे और इंटरनेट का नियमित उपयोग करने वाले लोग भी ठगी का शिकार हो सकते हैं। किसी को ओटीपी न बताने, अनजान व्यक्ति के कहने पर लेनदेन न करने और दूसरों को भी सतर्क करने का संदेश उन्होंने दिया। ग्राम चचिया के धान खरीदी केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर गाँव के दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर पहुँचे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों से आपस में बैठकर सहमति बनाने को कहा। उन्होंने समझाया कि विवाद के कारण केंद्र का संचालन प्रभावित हुआ तो कठिनाई गाँव के किसानों को ही होगी। गाँव में उपार्जन केंद्र चलने से धान बेचने में सुविधा के साथ बीज और ऋण जैसी कृषि संबंधी सेवाओं तक पहुँच भी आसान हो सकती है। उन्होंने दोनों पक्षों को गाँव के साझा हित में निर्णय लेने की सलाह दी।
लबेद, बक्साही और अरसिया,रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों के लिए आवेदन दिए। कलेक्टर ने उनसे पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पूछी। अधूरे कार्य समय पर पूरा करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा, ताकि नए कार्यों पर आगे निर्णय लिया जा सके। जहाँ कार्य की स्थिति स्पष्ट नहीं थी, वहाँ उन्होंने निर्माण की तस्वीरें मँगवाकर प्रगति की जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने जब उनसे कहा कि आप पुराने कार्यों को जल्दी पूरा करेंगे तो वे नया कार्य भी स्वीकृत कर देंगे। इस पर गाँव से आए सरपंचों ने खुशी जाहिर करते हुए कुछ दिनों के भीतर अधूरे कार्यों को पूर्ण करने का संकल्प लिया। सड़क निर्माण से ग्राम तरदा के पास वर्षों पुराने घर प्रभावित होने की शिकायत लेकर भी ग्रामीण पहुँचे। कलेक्टर ने कहा कि निवास और निर्माण की स्थिति का उपलब्ध सैटेलाइट चित्रों सहित संबंधित अभिलेखों के आधार पर परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण और लागू प्रावधानों के अनुसार मुआवजे, पुनर्वास या अन्य सहायता के विषय में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की समस्याएँ सुनकर उन्होंने महाप्रबंधक से जानकारी लेने और पात्र लोगों के मामलों में नियमानुसार कार्यवाही करने की बात कही। जनदर्शन में हर समस्या का निर्णय उसी दिन होना संभव नहीं है। लेकिन आवेदक की बात ध्यान से सुनना, उसे लागू प्रक्रिया समझाना और संबंधित अधिकारी को स्पष्ट निर्देश देना, समाधान की शुरुआत करता है। कलेक्टर श्री दुदावत आवेदनों के साथ गाँव में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों का हाल भी पूछते हैं। इस तरह एक व्यक्ति की समस्या से शुरू हुई बातचीत पूरे गाँव की जरूरतों तक पहुँच जाती है। “कैसे हो दीदी?” और “बताओ कका…” जैसे संबोधन जनदर्शन में केवल बोलचाल के शब्द नहीं रह जाते। वे दूर से आए व्यक्ति को बिना संकोच अपनी बात कहने का भरोसा देते हैं। सोमवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच हुए ऐसे संवाद ने दिखाया कि समाधान की राह अक्सर ध्यान से सुनने और सहजता से बात करने से शुरू होती है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।