रायपुर, एजेंसी। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट ने पेश किया गया। हिमांशु को कोर्ट ने 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
28 नवंबर तक मिली ED की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने उससे आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी। ED ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड की मांग की थी। हिमांशु पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा करवाने के लिए 15 करोड़ लेने के आरोप है।
इधर, हिमांशु ने ईडी के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से कोई पैसा नहीं लिया है। उसने यह भी कहा कि ED के पास इस लेन-देन का कोई सबूत नहीं है। पूछताछ के दौरान उसने एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।
हिमांशु शेखर को शनिवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया।
बचाव पक्ष बोला- सौरभ से कोई लेन-देन नहीं
हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में कहा कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या दूसरा ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है।
जान का खतरा बताया, जेल में सुरक्षा की मांग की
कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु ने अपनी जान को खतरा बताया। उसने जेल में सुरक्षा देने के लिए कोर्ट में आवेदन भी दिया। इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल के नियमों के मुताबिक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद हिमांशु को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
केस रफा-दफा कराने के नाम पर लिए 15 करोड़ रुपए
दरअसल, हिमांशु पर आरोप है कि, उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। इसके लिए उसने जज और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था।
ED इस कथित लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। ED को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।
इसके बाद एजेंसी ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया। बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ED ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ शुरू की थी।
लॉयर से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर
हिमांशु शेखर उद्यमी, वकील, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक हैं। उसने अपनी पुरानी साझेदार मनप्रीत कौर के साथ पहले कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम किया और फिर म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। OSM Records के अलावा वह Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़ा रहा है।
ईडी के आवेदन में दर्ज जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक Yesya Media Pvt. Ltd. में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी के वित्तीय विवरणों के मुताबिक उसका राजस्व साल 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो साल 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। ईडी ने इसी अवधि को महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।
हिमांशु शेखर और उनकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी।
सौरभ ने पूछताछ में बताया था 15 करोड़ देने की बात
ED ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। 19 नवंबर तक चली पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि अपना केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपए दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था। वहां उसकी सौरभ से मुलाकात हुई थी।
5 महीने तक हर माह 60 करोड़ देने का जिक्र
सौरभ के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में बड़ी रकम ली। उसने कथित तौर पर कहा था कि यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए कैश दी गई। कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई।
ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। अर्जी के मुताबिक, पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे नोट मिले। इनमें “Mumbai Hawala Raju Bhai”, “Wasem” और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख हैं।
एक दूसरे नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब लिखा होने की बात कही गई है।
इसके साथ “7 months plan” भी लिखा है। ईडी इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क का पता लगाना चाहती है।
हिमांशु ने बतौर म्यूजिक प्रोड्यूशन कई सेलिब्रिटी के साथ काम किया है।
52 लाख की कंपनी एक साल में 15.55 करोड़ की हुई
ईडी ने कोर्ट को बताया कि, हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड का भी जिक्र है। ED के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी के 75 प्रतिशत शेयर थे।
कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन भी लिया।
ईडी ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 में 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने वाले मैसेज का भी उल्लेख किया है।
9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए बैलेंस होने की बात अर्जी में कही गई है। एजेंसी इन रकमों का सोर्स जानना चाहती है।
हिमांशु ने 65 लाख को बताया प्रोफेशनल फीस
ईडी की पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की।
हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। उसने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताया और कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के जरिए मिले थे। ईडी के मुताबिक, उसने 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों के आरोपों का हिसाब नहीं दिया।
दमखाचा में होगा आयोजन कोरबा/मड़वारानी। मानवीय सेवा के क्षेत्र में अद्भूत कार्य कर लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल ने समाज को नई प्रेरणा दी है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल एवं नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के संयुक्त तत्वावधान में 07 दिसम्बर 2026 को ग्राम पंचायत दमखाचा में जरूरतमंदों को कंबल, स्वेटर एवं कपड़ों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के मार्गदर्शक एवं एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के संस्थापक डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में ऐसे लोग आज भी मौजूद हैं, जिनकी आर्थिक आजादी आधी-अधूरी है, ऐसे जरूरतमंदों को 07 दिसम्बर को ग्राम पंचायत दमखाचा के क्रिकेट मैदान में गरम वस्त्रों-स्वेटर, कंबल एवं कपड़ों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. राजकुमार अग्रवाल के साथ अतिथि के रूप में रीजन चेयरमेन एमजेएफ लायन पवन अग्रवाल, जोन चेयरमेन लायन मनोज गुप्ता, लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के अध्यक्ष लायन दर्शन अग्रवाल, सचिव लायन सुरेन्द्र डनसेना, एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल की चेयरमेन लायन खुशबू आशीष अग्रवाल सहित ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिनिधि, वरिष्ठजन उपस्थित रहेंगे।
कोरबा/गेवरा। कोयला मजदूर पंचायत (HMS) गेवरा प्रोजेक्ट के सचिव एस. सी. मंसूरी द्वारा गेवरा प्रबंधन को प्रेषित 18 सूत्रीय मांग पत्र एवं 1 दिसंबर से प्रस्तावित आंदोलन की चेतावनी पर प्रबंधन ने गंभीरता दिखाते हुए दिनांक 28 नवंबर 2026 को एक उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता का आयोजन किया ।
बैठक की शुरुआत में गेवरा परियोजना के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए परिचय प्राप्त किया और प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीकांत मल्लिकपका को मांग पत्र के बिंदुओं पर चर्चा शुरू करने का निर्देश दिया एक-एक कर सभी मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें प्रमुख मुद्दों पर प्रबंधन द्वारा निम्नलिखित ठोस आश्वासन एवं निर्देश जारी किए गए l
रेस्ट शेल्टर की सुविधा
240 टन डंपर पार्किंग स्थल पर कर्मचारियों के लिए तत्काल रेस्ट शेल्टर बनाने तथा उसमें पंखा कूलर और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया ।
धूल (डस्ट) नियंत्रण
दीपका कॉलोनी व ऊर्जानगर क्षेत्र में उड़ रही धूल की रोकथाम के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए ।
ओवरटाइम का पूर्ण भुगतान
महाप्रबंधक ने स्पष्ट आश्वस्त किया कि परियोजना के अंदर कराए गए कार्य के ओवरटाइम (OT) में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी और कर्मचारियों को पूरा भुगतान किया जाएगा ।
ठेका कर्मियों का बोनस
जिन प्राइवेट (ठेका) कर्मचारियों को अब तक बोनस का भुगतान नहीं हुआ है उन्हें शीघ्र ही बोनस दिलाने की बात कही गई ।
पैदल मार्ग का सुधार व सफाई
श्रमिक चौक (गेवरा परियोजना) से सुरक्षा चौक तक बने पैदल रास्ते की मरम्मत एवं प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारी को आदेशित किया गया ।
ठेका कर्मियों के शोषण पर रोक व निशुल्क BTC ट्रेनिंग
प्राइवेट कर्मचारियों के अधूरे वेतन भुगतान और बीटीसी (BTC) ट्रेनिंग के नाम पर प्रति कर्मचारी 2,000 से 3,000 रुपये की अवैध वसूली व ट्रेनिंग के दिन ड्यूटी कराए जाने के मामले पर महाप्रबंधक ने कड़ा रुख अपनाया उन्होंने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि बीटीसी ट्रेनिंग पूर्णतः निशुल्क है किसी भी कर्मी को पैसा देने की आवश्यकता नहीं है और ट्रेनिंग के दिन ठेकेदार द्वारा कर्मियों से ड्यूटी नहीं कराई जाएगी ।
आंदोलन स्थगित करने का निर्णय
शेष बचे अन्य मुद्दों पर चर्चा हेतु दिसंबर के प्रथम सप्ताह में पुनः बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी प्रबंधन के आग्रह एवं मुख्य मांगों पर मिले सकारात्मक आश्वासन को देखते हुए संगठन द्वारा 1 दिसंबर से होने वाले आंदोलन को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया है ।
इस अवसर पर सचिव एस. सी. मंसूरी ने कहा कि कोयला मजदूर पंचायत (HMS) श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर संघर्षरत है और मजदूरों की सुरक्षा सम्मान तथा वेलफेयर से जुड़े हर मुद्दे को हल कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगा ।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित
प्रबंधन पक्ष:- कुमार गौरव (महाप्रबंधक गेवरा परियोजना) उमेश कुमार (खान प्रबंधक) मुकेश अग्रवाल (विद्युत एवं यांत्रिक प्रभारी) विजय अग्रवाल (सिविल विभाग प्रभारी) एवं श्रीकांत मल्लिकपका (प्रबंधक मानव संसाधन)
संगठन पक्ष:- एस. डी. मानिकपुरी (महामंत्री गेवरा क्षेत्र) एस. सी. मंसूरी (सचिव गेवरा प्रोजेक्ट) एस. पी. तांती (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष) शकील अहमद मकसूद सुशील श्रीवास वी. सी. ग्रीन मनोज शर्मा मार्तंड सिंह रविंद्र सिंह सोनू राम मनीष कुमार विनोद कुमार पटेल दिनेश यादव अजहर अली निहाल कुमार धीरज कुमार एवं कृष्णा एक्का ।
कोरबा। कोरबा जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिली। पुलिस और महिला-बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया। टीम ने परिजनों को समझाइश देकर बाल विवाह नहीं कराने की शपथ भी दिलाई।
बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जिला प्रशासन, महिला-बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं ने जागरूकता रैली निकाली। इसमें 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। रैली के जरिए लोगों को बताया गया कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ता है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम
मुखबिर से एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाया और परिजनों व संबंधित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में बाल विवाह नहीं कराने की शपथ दिलाई।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों को समझाइश दी गई है।
सभी ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष ग्राम सभाएं
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ता है। यह उनके अधिकारों और भविष्य को भी प्रभावित करता है।
कलेक्टर ने बताया कि केंद्र सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन के बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे।