Connect with us

कोरबा

बालको अपने सामुदायिक उत्तरदायित्व का कर रहा है बखूबी निर्वहन: लखन लाल देवांगन

Published

on

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा सोनपुरी ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन के लोकार्पण एवं पाढ़ीमार, बालकोनगर में सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। आयोजित उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम वाणिज्यिक कर (आबकारी), श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और बालको मुख्य कार्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा उपस्थित थे। वहीं पाढ़ीमार के सामुदायिक भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में मंत्री एवं कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, बालकोनगर कन्नौजिया राठौर समाज के अध्यक्ष जय राठौर, पार्षद हितानंद अग्रवाल एवं रजत प्रसाद खूटे सहित अनेक स्थानीय जन प्रतिनिधि, बालको के अधिकारी और नागरिक मौजूद थे। लखन लाल देवांगन ने सामुदायिक निर्माण कार्य के लिए बालको प्रबंधन को साधुवाद किया।

बालको सीएसआर ने अपने प्रमुख सामुदायिक विकास पहल के तहत आधारभूत संरचना सोनपुरी पंचायत में एक सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पूरा किया। साथ ही पाढ़ीमार में प्रस्तावित सामुदायिक भवन का भूमि पूजन हुआ, ये आधारभूत संरचना ग्रामीण व्यवस्था को मजबूत करने और क्षेत्र में सामुदायिक जीवन को ऊपर उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। सोनपूरी में नवनिर्मित सामुदायिक भवन सामाजिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सार्वजनिक बैठकों के लिए बेहतर स्थान के रूप में काम करेगा। इससे सोनपुरी पंचायत के समस्त ग्रामवासियों को लाभ मिलेगा।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने बालको के सामुदायिक विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा “बालको केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है। सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य ग्रामीणों के सभी सामाजिक आयोजनों और ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। बालको शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसे क्षेत्रों में निरंतर योगदान देकर स्थानीय समुदाय के जीवन को बेहतर बना रहा है। उद्योग और समाज के इस सहयोग से कोरबा के विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने ग्रामवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि इस सामुदायिक भवन को अपनी संपत्ति मानकर इसकी देखरेख करें और इसका उपयोग गांव के समग्र विकास के लिए करें।”

निर्माण कार्य की सराहना पर अपने संदेश देते हुए बालको के सीईओ राजेश सिंह ने कहा “हमें खुशी है कि बालको स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में समुदाय के विकास में अपनी भूमिका निभा रहा है। सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के माध्यम से हम लोगों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने, आपसी जुड़ाव बढ़ाने और समाज के समग्र विकास में योगदान देने के लिए कटिबद्ध हैं।“

बालको सीएसआर की आधारभूत संरचना विकास पहल का हिस्सा हैं। पिछले 3 वर्षों में सामूहिक प्रयास से कंपनी ने 85 से अधिक इनफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किये हैं जिसमें सड़क, सामुदायिक भवन, बच्चों का पार्क निर्माण तथा आंगनवाड़ी केंद्र एवं सरकारी स्कूल का नवीनीकरण शामिल है। इससे 20 गाँवों में 20,600 से अधिक लोगों को लाभान्वित हुए हैं। क्षेत्र के विकास के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ कंपनी आवश्यक बुनियादी ढाँचे के निर्माण में निवेश कर रहा है। पिछले दो महीनों में कंपनी ने अधोसरंचना कार्यक्रम के तहत नेहरू नगर सामुदायिक भवन, सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क तथा स्मृति उद्यान का निर्माण किया। कंपनी अपने सामुदायिक कार्यों के माध्यम से समुदाय के समग्र विकास और सभी के लाभ के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के होटल में 40 लोगों के ठहरने पर विवाद:धर्मांतरण की आशंका पर बजरंग दल का हंगामा, कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप

Published

on

कोरबा। कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में शनिवार शाम कथित धर्मांतरण और प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा हो गया। होटल में ठहरे 10 हिंदू परिवारों के धर्मांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध जताया।

इस दौरान होटल परिसर में विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति शांत कराई। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

15 कमरे बुक कराकर ठहरे थे करीब 40 लोग

जानकारी के अनुसार, जॉन मसीह ने होटल के 15 कमरे बुक कराए थे। इनमें लाफा, पाली, कटघोरा समेत अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 40 लोग ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि इनमें सतनामी और गोंड़ समुदाय के परिवारों की संख्या अधिक थी।

शनिवार शाम प्रार्थना सभा की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और सीएसईबी चौकी प्रभारी भी पहुंचे।

बजरंग दल ने लगाया प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप

बजरंग दल के जिला प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की साजिश रच रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रचार सामग्री के साथ पहुंची टीम ने शहरी क्षेत्र को निशाना बनाया था।

मुखर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि एसईसीएल के मानिकपुर क्षेत्र में एक मकान को चर्च के रूप में विकसित किया गया है। इसका नाम इंडियन प्रेयर चर्च (आईपीसी) रखा गया है। उनके अनुसार, इसी चर्च के माध्यम से लोगों का मतांतरण कराने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

पुलिस से की शिकायत, दस्तावेज नहीं लेने का भी आरोप

राणा मुखर्जी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल में ठहरे लोगों से आधार कार्ड या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं लिए गए थे। इन आरोपों की पुष्टि और होटल में ठहरे लोगों के दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

होटल परिसर में विवाद के दौरान कुछ लोगों के साथ हाथापाई हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ता कुछ लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराई। फिलहाल कथित धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा-चांपा हाईवे पर दो हादसे:बाइक-टक्कर में युवक की मौत, भीड़ में घुसी कार, आरक्षक समेत 6 लोग घायल

Published

on

कोरबा। कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर भीड़ में जा घुसी। इसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराने के बाद रुकी। बताया जा रहा है कि यदि कार गश्ती वाहन से नहीं टकराती, तो हादसा और भी भीषण हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचा पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी हादसे में घायल हो गया।

युवक की मौत के बाद मारपीट

धनेश्वर की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़कर पीट दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

दशहरा पर्व के आयोजनों के कारण इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

गैरेज में बाइक रिपेयरिंग के दौरान पल्सर में लगी आग:शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, सड़क पर लाकर बुझाई गई

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार दोपहर मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाइक मालिक और मिस्त्री समेत वहां मौजूद लोग घबरा गए।

गनीमत रही कि आग गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक नहीं पहुंची। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसके बाद मालिक किसी तरह धक्का देकर बाइक को गैरेज तक लाया था। मिस्त्री बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान किक मारते ही अचानक चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बाइक में फैल गई।

आग को गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक फैलने से रोकने के लिए मिस्त्री ने जलती हुई बाइक को किसी तरह गैरेज से बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी तरह आग लग चुकी थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक में पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। आशंका है कि रिपेयरिंग के दौरान किक मारने पर निकली चिंगारी से आग लग गई। हालांकि, आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक में अचानक आग लगने से मिस्त्री भी इसकी चपेट में आ सकता था। हालांकि, समय रहते जलती बाइक को गैरेज से बाहर निकाल दिया गया, जिससे दुकान और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को नुकसान होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677